Panchayat Season 4: मंजू देवी और क्रांति देवी के बीच शुरू हुई चुनावी जंग, जल्दी देखना है पंचायत का चौथा सीजन तो करिये वोट

Panchayat Season 4 Voting starts. Photo- Instagram

मुंबई। Panchayat Season 4: फुलेरा में पंचायत चुनाव जोर पकड़ने लगा है। प्रधानी की दावेदार मंजू देवी और क्रांति देवी ने मोर्चा सम्भाल लिया है और कैम्पेनिंग शुरू हो गई है। दोनों पक्ष वोटरों को लुभाने के लिए चुटीले नारेबाजी कर रहे हैं। साथ ही रैप सॉन्ग भी बनाया है, जिसमें फुलेरा की जनता से बड़े-बड़े वादे किये जा रहे हैं।

इस चुनाव में दर्शकों का भी फायदा होने वाला है। अगर पंचायत का चौथा सीजन जल्दी देखना चाहते हैं तो आपको अपने पसंदीदा उम्मीदवार के लिए वोट करना होगा। वोटिंग के लिए प्राइम वीडियो ने वेबसाइट जारी की है।

फुलेरा में शुरू हुआ चुनावी दंगल

गुरुवार को प्राइम वीडियो ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें टीम क्रांति देवी और टीम मंजू देवी रैप के लिए अपना प्रचार कर रही हैं। एक तरफ मौजूदा प्रधान मंजू देवी हैं, जो फुलेरा में चार लेन की रोड, साइकिल में एयरबैग का वादा कर रही हैं।

वहीं, दूसरी तरफ पहली बार चुनाव में खड़ी हो रहीं क्रांति देवी हैं, जो रनवे जैसे रास्तों का वादा कर रही हैं, जहां से ऑटोरिक्शा चलेगा नहीं, सीधा उड़ान भरेगा। ह्यूमर और व्यंग्य में लिपटा यह चुनावी कैम्पेन जबरदस्त ड्रामा लाने वाला है।

यह भी पढ़ें: June OTT Releases: कुर्सी की पेटी बांध लीजिए! जून में ओटीटी पर एक से बढ़कर एक वेब सीरीज और फिल्मों की लम्बी कतार

वोट करो और सीजन 4 पहले लाओ

इस बीच सचिव जी सवाल उठाते हैं कि पंचायत के फैंस के लिए क्या कर सकते हो?

इस सवाल के जवाब में दोनों उम्मीदवार वादा करते हैं कि वो जीते तो पंचायत का चौथा सीजन (Panchayat Season 4) जल्दी लेकर आएंगे, जो 2 जुलाई को रिलीज होने वाला है। इस पर सचिव जी जनता से मुखातिब होते हैं और कहते हैं कि www.panchayatvoting.com पर जाकर अपने पसंद के प्रत्याशी को वोट दें, ताकि नया सीजन तय तारीख से भी पहले आ जाए।

पंचायत का पहला सीजन 2020 में आया था। 2022 में इसका दूसरा और 2024 में तीसरा सीजन रिलीज हुआ था। शो में फुलेरा गांव की कहानी दिखाई जाती है। प्रधान मंजू देवी के किरदार में नीना गुप्ता हैं, जबकि उनके पति ब्रजभूषण दुबे के रोल में रघुबीर यादव हैं।

जितेंद्र कुमार पंचायत सचिव बने हैं। अन्य कलाकारों में फैसल मलिक (प्रहलाद चा), चंदन रॉय (विकास शुक्ला) और दुर्गेश कुमार (भूषण) हैं। शो ओटीटी की दुनिया में काफी लोकप्रिय है और कल्ट स्टेटस हासिल कर चुका है। नये सीजन के साथ पंचायत की कहानी नये मोड़ और किरदार लेकर आती है।

चौथा सीजन मंजू देवी और क्रांति देवी (Panchayat Season 4) के बीच चुनावी जंग पर आधारित है। क्रांति देवी के किरदार में सुनीता राजवर हैं। पंचायत का निर्माण द वायरल फीवर ने किया है। चंदन कुमार इसके लेखक और दीपक मिश्रा निर्देशक हैं।