मुंबई। Panchayat Season 5: द वायरल फीवर की फ्लैगशिप शो पंचायत की कहानी आगे बढ़ने जा रही है। ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने शो के अगले सीजन का एलान कर दिया है, जो काफी हद तक चौथे सीजन के क्लाइमैक्स में साफ हो गया था कि एक और सीजन आएगा।
पंचायत ओटीटी की दुनिया का बेहद लोकप्रिय शो है, जिसके किरदारों को दर्शकों को खूब प्यार मिला। इतना कि कुछ किरदार तो आज भी मीम मैटेरियल बन गये हैं। हालांकि, चौथे सीजन को अच्छी रेटिंग नहीं मिलीं, मगर दर्शकों की मांग पर पांचवें सीजन का एलान हो गया है।
सोमवार को प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया के जरिए नये सीजन की घोषणा की, जिसके मुताबिक पंचायत सीजन 5 अगले साल (2026) में आएगा। एनाउंसमेंट पोस्टर पर पूरी कास्ट दिखाई गई है। कुर्सी पर बैठे बिनोद को भूषण बनराकस, माधव और विकास ने हवा में उठा रखा है।
क्या होगी पांचवें सीजन की कहानी?
चौथे सीजन की एंडिंग के नजरिए से देखें तो अगले सीजन की कहानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। नीचे कुछ सम्भावनाएं दी गई हैं, जो अगले सीजन की कहानी में देखने को मिल सकता है।
- सचिव जी से बनराकस का बदला लेना
- सचिव जी और बनराकस के बीच कोर्ट केस
- कोर्ट केस के कारण सचिव जी एमबीए में एडमिशन लटकना
- सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी की मंजिल
- प्रधानपति बने भूषण के जरिए विधायक की राजनीति
- सांसद जी के समर्थन से प्रह्लाद चा का विधायकी चुनाव
- विकास शुक्ला का पिता बनना
- क्रांति देवी और मंजू देवी के बीच खींचतान
- मंजू देवी का विधायकी के चुनाव में खड़ा होना (यह एक सम्भावना है)
- बिनोद और माधव के बीच उप-प्रधान बनने को लेकर रस्साकशी
यह भी पढ़ें: OTT Releases (7-12 July): इस हफ्ते ‘हिम्मत सिंह’ की वापसी और माधवन-फातिमा का रोमांस, पढ़ें पूरी लिस्ट
पंचायत की कथाभूमि उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा की है, जो बलिया जिले में स्थित है। यहां की पंचायत की प्रधान मंजू देवी दुबे हैं। यह किरदार नीना गुप्ता ने निभाया है। रघुबीर यादव प्रधान पति ब्रजभूषण दुबे हैं। अभिषेक त्रिपाठी बने जितेंद्र कुमार इस गांव में पंचायत के सचिव बनकर पहुंचते हैं।
शो की कहानी सचिव जी के गांव में एडवेंचर्स पर आधारित है। अन्य किरदारों में उप प्रधान प्रह्लाद चच्चा (फैसल मलिक), कार्यालय सहायक विकास शुक्ला (चंदन रॉय), प्रधान जी की बेटी रिंकी (सान्विका), भूषण (दुर्गेश कुमार) और बिनोद (अशोक पाठक) काफी लोकप्रिय हैं।
चौथे सीजन में इन कलाकारों के अलावा सुनीता राजभर (भूषण की पत्नी क्रांति देवी), पंकज झा (विधायक), स्वानंद किरकिरे (सांसद) और अशोक पाठक (बिनोद) की भी अहम भूमिका होगी।