The Great Indian Kapil Show Season 4: प्रियंका चोपड़ा के साथ होगा नये सीजन का आगाज, इस दिन कपिल शर्मा करेंगे वापसी

The Great Indian Kapil Show Season 4 premiere date out. Photo- X

मुंबई। The Great Indian Kapil Show Season 4: नेटफ्लिक्स का लोकप्रिय कॉमेडी शो द ग्रेट इंडिया कपिल शो नये सीजन के साथ वापसी कर रहा है। सीजन की शुरुआत ग्लोबल एक्टर प्रियंका चोपड़ा के साथ होगी, जो चौथे सीजन के प्रीमियर एपिसोड में खास मेहमान बनेंगी।

कब आ रहा है चौथा सीजन?

नेटफ्लिक्स ने सोमवार को रिलीज डेट की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की, जिसके मुताबिक द ग्रेट इंडियन कपिल शो का चौथा सीजन 20 दिसम्बर से स्ट्रीम किया जा सकेगा। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने एक्स पर कपिल शर्मा और प्रियंका चोपड़ा की मस्तीभरी तस्वीर के साथ लिखा-देसी गर्ल आ रही हैं।

यह भी पढ़ें: OTT Web Series In December: 2025 के आखिरी महीने में ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ का गिरेगा पर्दा, माधुरी दीक्षित की ओटीटी पर वापसी

https://twitter.com/NetflixIndia/status/2000506119349731596

कई रूपों में नजर आएंगे कपिल शर्मा

द ग्रेट इंडियन कपिल शो के चौथे सीजन को मस्तीवर्स का नाम दिया गया है, जिसमें कपिल शर्मा एक बार फिर अपने विभिन्न किरदारों में लौटेंगे। इनमें से कुछ पुराने हैं और कुछ नये। कपिल के साथ इस बार भी सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा के साथ कुछ नये चेहरे भी नजर आएंगे। नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह अपनी पुरानी कुर्सियों पर बैठे नजर आएंगे।

तीसरे के मुकाबले जल्दी आ रहा चौथा सीजन

नेटफ्लिक्स पर कपिल शर्मा के स्टैंड अप कॉमेडियन शो का चौथा सीजन अपेक्षाकृत जल्दी आ गया है। शो के तीसरे सीजन का फिनाले 20 सितम्बर को हुआ था। आखिरी एपिसोड में अक्षय कुमार खास मेहमान बने थे। यानी तीसरे सीजन के खत्म होने के ठीक तीन महीने बाद चौथा सीजन आ रहा है।

इससे पहले शो के दूसरे सीजन का आखिरी एपिसोड 14 दिसम्बर 2024 को आया था, जबकि तीसरे सीजन की शुरआत 21 जून 2025 को हुई थी। यानी दूसरे और तीसरे सीजन के बीच लगभग 6 महीनों का फासला रहा था।

नेटफ्लिक्स पर द ग्रेट इंडियन कपिल शो की शुरुआत 30 मार्च 2024 को हुई थी। पहला सीजन 22 जून 2024 तक चला था।