Toaster Trailer: टोस्टर ने रोस्ट की कंजूस रमाकांत की जिंदगी, राजकुमार राव की डेब्यू होम प्रोडक्शन फिल्म का ट्रेलर आउट

Rajkummar Rao debut home production film Toaster's trailer out. Photo- X

मुंबई। Toaster Trailer: राजकुमार राव अब फिल्म निर्माता बन गये हैं। उनके होम प्रोडक्शन कैम्पा फिल्म के बैनर तले पहली फिल्म टोस्टर आ रही है, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर शनिवार को रिलीज किया गया। राव ने अपने डेब्यू प्रोडक्शन के लिए हल्की-फुल्की कॉमेडी फिल्म चुनी है, जिसमें वो खुद स्टार कास्ट को लीड कर रहे हैं।

क्या है टोस्टर की कहानी?

टोस्टर एक कंजूस रमाकांत की कहानी है। एक शादी में रमाकांत टोस्टर गिफ्ट करता है, मगर जब शादी टूट जाती है तो वो अपना टोस्टर वापस लेने जाता है। मगर, शादी के गिफ्ट अनाथालय को दे दिये जाते हैं। अब रमाकांत किसी भी तरह अपना टोस्टर वापस चाहता है, मगर यह सब इतना आसान नहीं है। इस टोस्टर में कोई ऐसा राज छिपा है कि उसके पीछे गैंगस्टर लग जाते हैं।

ट्रेलर मजेदार है और फिल्म की कहानी के उतार-चढ़ावों को दिखाता है, जिससे इसके कुछ दृश्य दिलचस्प लगते हैं।

फिल्म की स्कार कास्ट

फिल्म में राव के साथ सान्या मल्होत्रा हैं, जो पत्नी के रोल में हैं। इनके अलावा अभिषेक बनर्जी, अर्चना पूरन सिंह, उपेंद्र लिमये, फराह खान, विनोद रावत, जीतेंद्र जोशी और सीमा पाहवा ने प्रमुख किरदारों निभाये हैं।

फिल्म का निर्देशन विवेक दास चौधरी ने किया है। राजकुमार की बेटर हाफ पत्रलेखा इसकी निर्माता हैं। स्टोरी और स्क्रीनप्ले परवीज शेख का है, सह-लेखन अक्षत घिल्डियाल और अनघ मुखर्जी ने किया है। अक्षत ने संवाद भी लिखे हैं।

यह भी पढ़ें: April OTT Releases: ‘सितारे जमीन पर’ और ‘मामला लीगल है सीजन 2’ समेत अप्रैल में ओटीटी पर आ रहीं ये फिल्में और सीरीज

अतिरंजित व्यवहार की प्रैक्टिकल कहानी

राजकुमार ने अपने डेब्यू प्रोडक्शन को लेकर कहा- यह फिल्म मेरे लिए खास है, क्योंकि यह हमारे प्रोडक्शन हाउस कैम्पा फिल्म की पहली फिल्म है और इसे पत्रलेखा ने प्रोड्यूस किया है। मैं दर्शकों के बीच यह कहानी ले जाने के लिए बेहद उत्साहित हूं। इस कहानी की जो बात मुझे सबसे अच्छी लगी,वो यह कि कैसे एक छोटी सी चीज किसी व्यक्ति के दिमाग को अपने वश में कर लेती है।

रमाकांत को लगता है कि वो बिल्कुल ठीक कर रहा है। उसे अपने काम अतिरंजित नहीं लगते। उसे लगता है कि यह सब तो व्यावहारिक है। मगर, उसकी यही अतिरंजना उसे अप्रत्याशित परिस्थितियों में डाल देती है।

यह ऐसी कहानी है, जो वास्तविकता के करीब है और जिस संजीदगी के साथ वो यह सब करता है, उससे फिल्म पकड़कर रखती है और मनोरंजन देती है। फिल्म की स्टार कास्ट बेहद शानदार है, जिन्होंने अपने हुनर से इसे असली बना दिया है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

टोस्टर नेटफ्लिक्स पर 15 अप्रैल से स्ट्रीम की जा सकेगी।