Special Ops 2 Release Date: इस बार साइबर टेररिज्म से टकराएंगे हिम्मत सिंह, जानें- कब रिलीज होगा दूसरा सीजन?

Special Ops Season 2 Release Date Out. Photo- Instagram

मुंबई। Special Ops 2 Release Date: नीरज पांडेय की स्पाइ सीरीज स्पेशल ऑप्स के दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। ओटीटी प्लेटफॉर्म जिओ हॉटस्टार ने सीजन 2 की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। साथ ही ट्रेलर भी जारी किया है। स्पेशल ऑप्स भारतीय ओटीटी स्पेस की एक लोकप्रिय सीरीज है।

क्या है दूसरे सीजन की कहानी?

सीजन 2 की कहानी, एआइ के बढ़ते इस्तेमाल और इसके खतरों को केंद्र में रखकर लिखी गई है। किसी देश का डेटा चुराकर दुश्मन कैसे आतंकवादी घटना का अंजाम दे सकते हैं, इस पर कहानी कही गई है। हिम्मत सिंह और उनकी टीम इस बार साइबर अपराधियों से लड़ते हुए दिखेगी।

2 मिनट 18 सेकंड का ट्रेलर दिलचस्प है और विजुअली असर छोड़ता है। कहानी में इस बार कई नये किरदार भी जुड़ेंगे।

यह भी पढ़ें: June OTT Releases: कुर्सी की पेटी बांध लीजिए! जून में ओटीटी पर एक से बढ़कर एक वेब सीरीज और फिल्मों की लम्बी कतार

क्या है शो की रिलीज डेट और स्टार कास्ट?

सोमवार को प्लेटफॉर्म द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, स्पेशल ऑप्स सीजन 2, 11 जुलाई से जिओ हॉटस्टार पर स्ट्रीम (Special Ops 2 Release Date) किया जा सकेगा। सोशल मीडिया में शेयर किये गये ट्रेलर के साथ लिखा गया है- इस बार हर कोई एक टारगेट है।

साइबर टेररिज्म बनाम हिम्मत सिंह एंड स्क्वॉड। नीरज पांडेय रचित शो में केके मेनन इंटेलीजेंस एजेंसी के अधिकारी हिम्मत सिंह का किरदार निभाते हैं। शो में संयमी खेर, करण टैकर, ताहिर राज भसीन, दलीप ताहिल, आरिफ जकारिया, विनय पाठक, प्रकाश राज अहम किरदारों में हैं। ताहिर इस बार विलेन बने हैं।

स्पेशल ऑप्स का पहला सीजन 2020 में आया था और काफी पसंद किया गया था। पहले सीजन में देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी वारदातों को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को तलाशने की कहानी दिखाई गई थी।

नीरज ने इस सीरीज को 2010 में पहली बार सोचा था। तब वो इसे स्टार प्लस पर प्रसारण के लिए बनाने वाले थे, मगर प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका। फाइनली उन्होंने इसे ओटीटी पर उतारा।

2021 में इसका स्पिन ऑफ द हिम्मत स्टोरी रिलीज किया गया था, जिसमें हिम्मत सिंह के स्पाइ बनने की कहानी दिखाई गई थी।