मुंबई। The Great Indian Kapil Show: नेटफ्लिक्स के कॉमेडी चैट शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो के बीते एपिसोड में आप नेता राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा मेहमान बनकर पहुंचे थे। शो में दोनों की लव स्टोरी, शादी और राजनीति पर खूब मजाकिया टीका-टिप्पणी हुई, मगर कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा के ट्रम्प एक्ट ने सबका दिल जीत लिया।
इस एक्ट की क्लिप अब सोशल मीडिया में वायरल हो गई है। बुधवार को खुद राघव चड्ढा ने इसे शेयर किया है।
कृष्णा अभिषेक शो में कई भूमिकाएं निभाते हैं। इनमें से एक डोलांड ड्रंक की है, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से प्रेरित है। कृष्णा के साथ कीकू शारदा उत्तर कोरिया के शासक किम जॉन्ग उन की तर्ज पर किम कॉन्ग बनकर आते हैं।
पहले झगड़ा करवाता है, फिर सुलह
राघव-परिणीति के एपिसोड में भी दोनों इन भूमिकाओं में आये। ड्रंक बने कृष्णा राघव की प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस का रेफरेंस लेते हुए जनता से कहते हैं- यह हमारे अमेरिका के साढू भाई हैं। फिर राघव की ओर मुड़कर कहते हैं, अगर आप मेरे गुरु बनें तो मैं आप दोनों (राघव और परिणीति) की सुलह भी करवा दूंगा।
कपिल बीच में कमेंट करते हैं- इनका झगड़ा थोड़ी ही ना हुआ है। इस पर किम कॉन्ग बने कीकू टिप्पणी करते हैं कि झगड़ा भी यही करवाएगा। इतना सुनते ही ठहाके गूंजने लगते हैं। कीकू अपनी बात आगे बढ़ाते हैं- यही इसका मेन काम है। पहले झगड़ा करवाता है। फिर सुलह करवाता है।
यह भी पढ़ें: OTT Releases (4-10 August): वेडनेसडे 2, सलाकार और मायासभा… इस हफ्ते ओटीटी पर मनोरंजन करेंगी ये फिल्में और सीरीज
ट्रम्प के दावों पर शो में कसा गया व्यंग्य
दरअसल, इस एक्ट के जरिए ट्रम्प के उन दावों पर व्यंग्य कसा गया था, जिनमें ऑपरेशन सिंदूर के बाद वो बार-बार कह रहे हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच उन्होंने सीजफायर करवाया था। नहीं तो दोनों देश परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रहे थे। इसको लेकर देश के अंदर भी राजनीति काफी गरमाई थी और अभी भी यह विषय छाया हुआ है।
द ग्रेट इंडियन कपिल शो का यह तीसरा सीजन चल रहा है, जिसके सातवें एपिसोड में राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा शामिल हुए।