मुंबई। Vinay Anand OTT Debut: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के भांजे और भोजपुरी फिल्मों के स्थापित सितारे रहे विनय आनंद लम्बे गैप के बाद अभिनय की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। विनय की वापसी ओटीटी के जरिए होगी, जो उनका डेब्यू भी है। विनय एसीपी विक्रांत नाम की वेब सीरीज में शीर्षक भूमिका में नजर आएंगे।
कब और कहां देखें सीरीज?
एसीपी विक्रांत सीरीज कटिंग ऐप पर रिलीज होगी। इस ओटीटी ऐप की लॉन्चिंग एकता कपूर की कम्पनी बालाजी टेलीफिल्म्स ने 2025 में की थी। यह सब्सक्रिप्शन बेस्ड ऑन डिमांड कंटेट सर्विस है, जहां फिल्में, शोज और माइक्रो ड्रामा देखे जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: April OTT Releases: ‘सितारे जमीन पर’ और ‘मामला लीगल है सीजन 2’ समेत अप्रैल में ओटीटी पर आ रहीं ये फिल्में और सीरीज
गोविंदा ने की प्रोजेक्ट की तारीफ
एसीपी विक्रांत में विनय आनंद के साथ शरद मल्होत्रा स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं। सीरीज के बारे में विनय ने कहा-जब मुझे एसीपी विक्रांस का कॉन्सेप्ट सुनाया गया था तो मैं मुग्ध हो गया। ओटीटी डेब्यू के लिए इससे बेहतर मेरे लिए दूसरा कुछ नहीं हो सकता।
जब गोविंदा जी ने प्रोजेक्ट के बारे में सुना तो उन्होंने मुझे प्रोत्साहित किया और कहा- वाह, बहुत अच्छा है। शुभकामनाएं। बेटा काम करो। उनकी यह बात मेरे लिए बहुत मायने रखती है। मेरा परिवार और मैं जीतेंद्र जी और शोभा जी का बहुत सम्मान करते हैं। उनके साथ जुड़ना मेरे लिए बेहद खास है।
कटिंग, भले ही आज की तारीख में नया प्लेटफॉर्म हो, मगर मुझे यकीन है अगले कुछ सालों में, यह प्रमुख ओटीटी प्लेटटॉर्म के तौर पर उभरेगा। एकता कपूर की विजन और शक्ति इसके पीछे होने के कारण मैं इसको लेकर निश्चिंत हूं।

1999 में किया था फिल्म डेब्यू
विनय ने 1999 में लो मैं आ गया फिल्म से अभिनय की पारी शुरू की थी। उनकी सबसे यादगार भूमिका आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया है, जिसमें गोविंदा और जूही चावला ने मुख्य किरदार निभाये थे। हिंदी फिल्मों के बाद विनय ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में किस्मत आजमाई, जहां उन्हें उल्लेखनीय सफलता मिली।
हालांकि, पिछले कुछ सालों से विनय पर्दे से गायब थे और अब एक बार फिर मनोरंजन की दुनिया में लौटे हैं।

