मुंबई। Dacoit Hindi Trailer: हिंदी दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाने के लिए दक्षिण भारतीय सितारों की कोशिशें सालों से चलती रही हैं। इनमें से कुछ को सफलता मिली, मगर कई असफल भी रहे। मौजूदा दौर में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के प्रभास और अल्लू अर्जुन ऐसे सितारे हैं, जिन्हें हिंदी बेल्ट में भी बड़ी पहचान मिली है।
इसी क्रम में अब अदिवी शेष अपनी अगली फिल्म डकैत एक प्रेम कथा से हिंदी दर्शकों को आकर्षित करने की कवायद में जुटे हैं। अदिवी की फिल्म तेलुगु और हिंदी में बनाई गई है। शनील देव निर्देशित डकैत में मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप प्रमुख किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का हिंदी ट्रेलर शनिवार को मुंबई में नाटकीय अंदाज में रिलीज किया गया है। फिल्म की प्रमुख स्टार कास्ट कैदियों को ले जाने वाली पुलिस वैन में वेन्यु पर पहुंची। इसके बाद तेलुगु ट्रेलर हैदराबाद में जारी किया जाएगा।
कैसा है डकैत का ट्रेलर?
ट्रेलर प्यार के जुनून और बदले की कहानी दिखाता है। एक्शन से भरपूर ट्रेलर में अदिवी और मृणाल के बीच प्यार और नफरत की समीकरण दिखाई देती है। इस कहानी को एक्शन के जरिए आगे बढ़ाया गया है। ट्रेलर काफी तेज काटा गया है और दृश्य तेजी से गुजरते हैं, जिसने ट्रेलर को गति दी है।
अदिवी हिंदी हार्टलैंड के रॉ और गुस्से से भरे नौजवान के किरदार में समाने की पूरी कोशिश की है। हालांकि, डबिंग उनके किरदार के एग्रेसन को पूरी तरह उभारने में नाकाम रही है। मृणाल का किरदार दिलचस्प लगता है। वो किसी द्वंद्व में फंसी हैं। अनुराग कश्यप का किरदार इसे रस्टिक लुक और फील देता है।
यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in April: पहले हफ्ते में जारी रहेगा ‘धुरंधर 2’ का कर्फ्यू, 10 अप्रैल से रिलीज होंगी हिंदी फिल्में!
हिंदी दर्शकों को लुभाने की कोशिश
फिल्म की अब तक की प्रमोशनल स्ट्रैटजी देखें तो अदिवी का हिंदीभाषी दर्शकों के लिए प्राथमिकता साफ नजर आती है। इससे पहले गोरखपुर में फिल्म का एक गाना रिलीज किया जा चुका है, जिसे भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने आवाज दी है। गाने की लॉन्चिंग में अदिवी और पवन मौजूद रहे थे।
डकैत 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसके सामने सबसे बड़ी चुनौती हिंदी फिल्म धुरंधर 2 है, जो सिनेमाघरों में डटकर जमी हुई है। अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला की रिलीज खिसकने के बाद डकैत के लिए थोड़ी जगह बन गई है, मगर फिल्म के हिंदी वर्जन का भविष्य धुरंदर 2 ही तय करेगी।

