मुंबई। Allu Arjun Atlee Film Titled Raaka: पुष्पा से पैन स्टार बने तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जन 8 अप्रैल को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर फैंस के लिए अल्लू अपनी अगली फिल्म के फर्स्ट लुक के रूप में खास तोहफा लेकर आये। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर तमिल निर्देशक एटली कर रहे हैं। बुधवार को फिल्म के टाइटल और अल्लू के लुक से पर्दा उठा दिया गया।
अल्लू के लुक ने जगाई उत्सुकता
AA22xA6 से बन रही इस साइंस फिक्शन एक्शन थ्रिलर फिल्म का शीर्षक राका है। फिल्म का जो फर्स्ट लुक पोस्टर अल्लू ने शेयर किया है, उसमें वो एक बीस्ट वाले लुक में नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर उनके चेहरे का क्लोज अप दिखाया गया है। बॉल्ड लुक, बढ़ी हुई दाढ़ी और हाथ से ढका आधा चेहरा।
इस पोस्टर का सबसे बड़ा आकर्षण अल्लू का हाथ ही है, जो देखने में किसी जानवर का हाथ लग रहा है। लम्बे घने बाल और नुकीले लम्बे नाखून, किसी खूंखार जानवर की याद दिलाते हैं। अल्लू का लुक फिल्म के लिए उत्सुकता जगाता है।
यह भी पढ़ें: Kathanar Trailer: 5 साल में 500 लोगों की मेहनत से बनी मलयालम फिल्म, ट्रेलर देख ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’ की आ जाएगी याद

फिल्म का टाइटल सात भाषाओं में रिलीज किया गया है, जिनमें तेलुगु के अलावा तमिल, मलयालम, कन्नड़, हिंदी, बंगाली और फारसी भाषाएं शामिल हैं।
अल्लू के इस लुक सोशल मीडिया में बवाल मचा दिया है। उनके चाहने वाले जबरदस्त रूप से उत्साहित हो गये हैं और अल्लू के किरदार को लेकर कयास लगा रहे हैं।
अल्लू-एटली की पहली फिल्म
बता दें, राका अल्लू और एटली की पहली फिल्म है। इसमें दीपिका पादुकोण फीमेल लीड में हैं। अल्लू और एटली, दोनों की पिछली फिल्में जबरदस्त हिट रही थीं। एटली की पिछली निर्देशित फिल्म जवान है, जिसमें शाह रुख खान ने लीड रोल निभाया था। इस फिल्म ने हिंदी भाषा में 600 करोड़ से अधिक कारोबार किया था।
वहीं, अल्लू की पिछली फिल्म पुष्पा 2 है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर कमाई का इतिहास लिखते हुए सिर्फ हिंदी भाषा में 800 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन किया था। धुरंधर के रिलीज होने तक यह हिंदी सिनेमा में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म थी।

