मुंबई। Boong Wins BAFTA Award: लंदन में रविवार रात हुए 79वें बाफ्टा अवॉर्ड्स (79th BAFTA Awards) में मणिपुरी बाल फिल्म बूंग ने जीतकर इतिहास बना दिया है। इस फिल्म को चिल्ड्रेन एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया है।
मणिपुर ही नहीं, यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है कि ब्रिटिश फिल्म एकेडमी के पुरस्कार समारोह में बूंग ने ये खिताब जीता। बूंग ने यह पुरस्कार हॉलीवुड फिल्म लिलो एंड स्टिच, जूटोपोलिस 2 और आर्को को हराकर जीता है।
उपेक्षित और मुश्किल में है मणिपुर
बाफ्टा का मंच का माहौल उस वक्त संजीदा हो गया, जब निर्देशक लक्ष्मीप्रिय देवी ने मणिपुर का दर्द अपनी थैंक्सगिविंग स्पीच के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया। बूंग का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने किया है, जो लक्ष्मीप्रिय देवी के साथ मंच पर मौजूद रहे।
लक्ष्मीप्रिय देवी ने जूरी और बाफ्टा का शुक्रिया अदा करते हुए कहा- हमारी छोटी सी फिल्म को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। ऐसी फिल्म, जो एक ऐसी जगह से आती है, जो ना सिर्फ संकट में है, बल्कि उपेक्षित भी है और भारत में उसका कोई बेहद कम प्रतिनिधित्व है- मेरी मातृभूमि मणिपुर।
इस अवसर का उपयोग करते हुए मैं सिर्फ यह कहना चाहती हूं कि हम शांति के लिए दुआ करें। फिल्म के बाल कलाकारों समेत जो बच्चे विस्थापित हो गये हैं, उन्हें फिर आनंद और अपने सपने वापस मिलें। थैंक्यू बाफ्टा, हमें अपनी उम्मीद की अभिव्यक्ति करने का मौका देने के लिए।

पिता की तलाश करते बच्चे की कहानी
बूंग का लेखन भी लक्ष्मीप्रिय देवी ने किया है। गुगुन किपगेन, बाला हिजाम, विक्रम कोचर समेत कई स्थानीय कलाकारों ने फिल्म में अहम किरदार निभाये हैं। मणिपुरी में छोटे बच्चे को बूंग कहते हैं। कहानी के केंद्र में एक छोटा बच्चा है, जो अपनी मां को गिफ्ट देना चाहता है।
अपने खोये हुए पिता को वापस लाने से बड़ा गिफ्ट मां के लिए और क्या हो सकता है। इसलिए, वो पिता की खोज में निकल जाता है।
निर्माता फरहान अख्तर ने कहा कि वो एलपी (लक्ष्मीप्रिय देवी) को लगभग 20 सालों से जानते हैं। यह फिल्म देश के ऐसे हिस्से से आती है, जहां फिल्मों का निर्माण बहुत कम होता है। यह बहुत प्यारी फिल्म है। इसलिए इसे सपोर्ट किया।
बूंग का प्रीमियर 2024 में टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में किया गया था। पिछले साल सितम्बर में फिल्म देश के चुनिंदा शहरों में सीमित स्क्रींस पर रिलीज की गई थी। इससे पहले बूंग ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह का दौरा किया था।

