मुंबई। Kannappa Hindi Trailer: भारतीय सिनेमा में इन दिनों माइथोलॉजिकल फिल्मों का चलन बढ़ गया है। खासकर, दक्षिण भारतीय सिनेमा में ऐसी कहानियों खूब आ रही हैं, जिनका एक सिरा लोककथाओं या पौराणिक कथाओं से जुड़ा है। इसी क्रम में अब शामिल हुई है तेलुगु सिनेमा की फिल्म कन्नप्पा, जिसका ट्रेलर शनिवार को रिलीज कर दिया गया।
यह फिल्म हिंदी में भी रिलीज की जाएगी, लिहाजा हिंदी ट्रेलर भी तेलुगु के साथ जारी किया गया है। इस फिल्म में विष्णु मंचू शीर्षक भूमिका में हैं, जबकि अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री के कई जाने-माने कलाकार मेहमान भूमिकाएं निभाते हुए दिखेंगे।
इनमें हिंदी सिनेमा से अक्षय कुमार हैं, जो भगवान शिव के किरदार में हैं। अक्षय का ये तेलुगु डेब्यू है। तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास रूद्र के रोल में हैं। मलयालम सिनेमा के दिग्गज मोहनलाल किराटा की भूमिका में हैं। तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में काम कर चुकीं अभिनेत्री काजल अग्रवाल पार्वती के रोल में दिखेंगी।
2 मिनट 54 सेकंड के इस ट्रेलर में इन सभी प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई गई है।
क्या है Kannappa की कहानी?
कहानी शिवभक्त कन्नप्पा की है, जो दक्षिण भारतीय लोककथाओं में अहम स्थान रखते हैं। शैव सिद्धांत परम्परा में उन्हें संत माना जाता है। शिकारी जनजाति के कन्नप्पा शुरुआत में नास्तिक थे, मगर भगवान शिव में आस्था के चलते उन्होंने अपनी आंखें नोंच ली थीं।
विष्णु मंचू की फिल्म में मौजूदा वक्त के अनुसार कहानी को मनोरंजक बनाने के लिए कुछ अन्य तत्व भी जोड़े गये हैं।
यह भी पढ़ें: Raja Saab Release Date: आ गई ‘राजा साब’ की रिलीज डेट, इस दिन सिनेमाघरों में पहुंचेगी प्रभास की फिल्म
कब रिलीज होगी फिल्म?
कन्नप्पा (Kannappa Hindi Trailer) का निर्देशन मुकेश कुमार सिंह ने किया है। कहानी विष्णु मंचू ने ही लिखी है। फिल्म वर्ल्डवाइड 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पर्दे पर पहले भी आई है Kannappa की कहानी
कन्नप्पा की कथा पर बनी यह पहली फिल्म नहीं है। इस पौराणिक किरदार पर पहली फिल्म बेदरा कन्नप्पा मानी जाती है, जो 1954 में आई थी। इस फिल्म में राजकुमार ने टाइटल रोल निभाया था। इस फिल्म से प्रेरणा लेकर बापू ने 1976 में भक्त कन्नप्पा बनाई, जिसमें कृष्णम राजू ने मुख्य भूमिका निभाई थी।