मुंबई। Peddi Release Date: राम चरन की मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्म पेड्डी की रिलीज को लेकर चल रहा असमंजस बुधवार को खत्म हो गया। मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। इस फिल्म का राम चरन के फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गेम चेंजर की विफलता के बाद पेड्डी से उम्मीद है कि यह फिल्म राम चरन के लिए गेम चेंजर साबित होगी।
30 अप्रैल को रिलीज होगी पेड्डी
बुधवार को तेलुगु स्टार ने सोशल मीडिया के जरिए पेड्डी की नई रिलीज डेट साझा की, जिसके मुताबिक फिल्म अब 30 अप्रैल को थिएटर्स में लगेगी। पहले फिल्म 27 मार्च को रिलीज होने वाली थी, मगर कन्नड़ सिनेमा की पैन इंडिया और बहुचर्चित फिल्म टॉक्सिक की रिलीज 19 मार्च को कन्फर्म होने के बाद कई फिल्मों का हिसाब-किताब बिगड़ गया, जिनमें राम चरन की फिल्म भी शामिल है।
इधर, धुरंधर 2 भी 19 मार्च को आ रही है। ऐसे में दो बड़ी फिल्मों के महज 8 दिन बाद पेड्डी को रिलीज करना रिस्की हो सकता था। तीनों ही फिल्में पैन इंडिया रिलीज हैं, यानी साउथ से लेकर नॉर्थ तक, एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी।
पेड्डी स्पोर्ट्स थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन बुच्ची बाबा साना ने किया है। फिल्म में राम चरन के साथ जाह्नवी कपूर फीमेल लीड रोल में हैं, जबकि दिव्येंदु एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। दिव्येंदु का यह तेलुगु डेब्यू है। फिल्म में जगपति बाबू और बमन ईरानी भी नजर आएंगे। पेड्डी का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स ने किया है।
पेड्डी की टाइमलाइन
फिल्म की शूटिंग 2024 में आरसी 16 अस्थायी शीर्षक के साथ शुरू हुई थी।
- इसके आधिकारिक टाइटल की घोषणा 2025 में 27 मार्च को की गई थी।
- पिछले साल ही 6 अप्रैल को फिल्म की रिलीज डेट (27 मार्च, 2026) की घोषणा की गई थी।
- इसके एक दिन बाद 7 अप्रैल को पेड्डी के हिंदी वर्जन का फर्स्ट लुक टीजर जारी किया गया था।
- 7 नवम्बर को फिल्म का पहला गाना चिकरी चिकरी जारी किया गया, जिसका संगीत एआर रहमान ने दिया है।
- 4 फरवरी 2026 को फिल्म की रिलीज डेट 30 अप्रैल 2026 किये जाने का एलान किया गया।
पेड्डी इस साल की मोस्ट अवेटेड साउथ इंडियन फिल्मों में शामिल है। जनवरी में रिलीज हुई प्रभास की द राजा साब बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। अब सबकी नजरें कन्नड़ फिल्म टॉक्सिक और पेड्डी पर टिकी हैं।
राम चरन हाल ही में दूसरी बार पिता बने हैं। उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। दूसरी बार पिता बनने के बाद पेड्डी राम चरन की पहली रिलीज होगी।

