Telugu Film Industry: कोई ‘मेगा’ तो कोई ‘नेचुरल’ स्टार, तेलुगु इंडस्ट्री में फैंस ने हर एक्टर को दिया है एक नाम

Telugu film stars names given by fans. Photo- Instagram

मुंबई। Telugu Film Industry: फिल्म कलाकारों को उनके निभाये गये किरदारों या फिल्मों की सफलता के आधार पर उपनाम देने का रिवाज काफी पुराना है। दिलीप कुमार को ट्रेजडी किंग की संज्ञा मिली तो राजेंद्र कुमार जुबली कुमार कहलाये। धर्मेंद्र को उनके शारीरिक गठन और शक्तिशाली किरदारों के लिए ही-मैन कहा गया।

राजेश खन्ना लगातार सफल फिल्में देने की वजह से पहले सुपरस्टार बने। बाद के वर्षों में संजय दत्त खलनायक कहलाए। शाह रुख खान को किंग खान और बादशाह कहा जाता है। आमिर खान मिस्टर परफेक्शनिस्ट हैं। सलमान खान को प्रेम, दबंग खान जैसे नामों से पुकारा जाता है।

खिलाड़ी सीरीज की फिल्में करने के कारण अक्षय कुमार खिलाड़ी कहे जाते हैं। अमिताभ बच्चन को सदी का महानायक कहा जाता है। उन्हें यह पदवी एक पब्लिकेशन ने दी थी।

हिंदी सिनेमा में कलाकारों के ऐसे नामकरण के पीछे कोई ना कोई वजह रही है, मगर तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री का अंदाज अलग है। यहां तकरीबन हर बड़े सितारे को फैंस ने एक नाम दे दिया है। उस नाम के पीछे बस फैंस का प्यार है, कोई तर्क नहीं। ऐसे ही नामों के बारे में यहां चर्चा कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: 50 Years Of Rajinikanth: थलाइवा के इंडस्ट्री में 50 साल पूरे होने के जश्न के बीच रिलीज होगी ‘कुली’, बधाइयों का लगा तांता

चिरंजीवी- मेगा स्टार

मेगा मतलब बिग या बड़ा स्टार। चिरंजीवी को फैंस मेगा स्टार कहते हैं। यह नाम उनके लिए रिजर्व है। किसी और के लिए इसका इस्तेमाल नहीं होता।

पवन कल्याण- पावर स्टार

पवन कल्याण को पावर स्टार कहा जाता है। इसके पीछे कोई सीधा कारण नहीं, मगर शायद उनके पॉवरफुल किरदारों के कारण उन्हें यह नाम मिला।

अल्लू अर्जुन- आइकॉन स्टार

पुष्पा जैसी सबसे सफल भारतीय फिल्म देने वाली अल्लू अर्जुन को आइकॉन या स्टाइलिश स्टार कहा जाता है।

राम चरन- मेगा पावर स्टार

चिरंजीवी के बेटे और पवन कल्याण के भतीजे राम चरन को मेगा पावर स्टार कहा जाता है। इसके पीछे तर्क ढूंढने जाएंगे तो नहीं मिलेगा। राम चरन का एक नाम इंटरेशनल स्टार भी है। उन्हें इंटरनेशनल स्टार क्यों लिखा जाता है, इसका जवाब देना मुश्किल है।

एनटीआर जूनियर- मैन ऑफ मासेज

एनटीआर जूनियर को उनकी फैन फॉलोइंग के कारण मैन ऑफ मासेज कहा जाता है।

प्रभास- रिबेल स्टार, डार्लिंग स्टार

प्रभास को रिबेल स्टार कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने इस टाइटल की फिल्म में काम किया था। उनकी एक फिल्म का टाइटल डार्लिंग था, इसलिए डार्लिंग स्टार भी लिखा जाता है।

नानी- नेचुरल स्टार

तेलुगु कलाकार नानी को प्रमोशंस में नेचुरल स्टार लिखा जाता है। सम्भवत: यह उनकी नेचुरल अदाकारी को देखते हुए दिया गया है।

रवि तेजा- मास महाराजा

रवि तेजा को मसाला फिल्मों के कारण मास महाराज का नाम दिया गया है।

नागार्जुन- किंग

नागार्जुन अक्कीनेनी को किंग कहा जाता है। 2008 में आई उनकी एक फिल्म का टाइटल भी किंग था।

महेश बाबू- प्रिंस, सुपरस्टार

महेश बाबू को पहले प्रिंस कहा जाता था, मगर अब उनके नाम से पहले सुपरस्टार लिखा जाता है।