Spirit Movie: विवेक ओबेरॉय कुछ इस अंदाज में करेंगे प्रभास की नाक में दम, संदीप रेड्डी वांगा ने दिखाई किरदार की झलक

Vivek Oberoi's look from Spirit out. Photo- X

मुंबई। Spirit Movie: 2027 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों की लिस्ट बनाएं तो उनमें प्रभास की स्पिरिट का नाम जरूर शामिल होगा। दर्शकों को इंतजार है कि रणबीर कपूर को एनिमल बनाने वाले संदीप प्रभास के साथ क्या गुल खिलाते हैं। इसीलिए, फिल्म से जुड़े हर एक अपेडट पर फैंस की नजर बनी रहती है।

संदीप ने शेयर किया विवेक का फर्स्ट लुक

पोस्टर और ऑडियो टीजर के बाद अब स्पिरिट के विलेन का फर्स्ट लुक सामने आया है, जिसे विवेक ओबेरॉय निभा रहे हैं। संदीप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया में विवेक का स्पिरिट अवतार जारी किया, जिसे देखकर समझ आ रहा है कि प्रभास के लिए स्पिरिट का सफर आसान नहीं होने वाला।

यह भी पढ़ें: Spirit First Poster: प्रभास के बदन पर जख्मों के निशान और पट्टियां, सिगरेट सुलगातीं तृप्ति डिमरी, जबरदस्त है स्पिरिट का पहला पोस्टर

दमदार है विवेक ओबेरॉय का लुक

विवेक का लुक काफी प्रभावशाली है और किरदार की दमदार छवि प्रस्तुत करता है। आंखों पर चश्मा, लम्बी मूंछे और होठों के बीच दबा सिगार। पैरों में स्नेक स्किन लुक वाले जूते और हाथ में थामी हुई तलवार। किरदार फिल्म के लिए उत्सुकता जगाता है।

विवेक के साथ पोस्टर पर एक फीमेल किरदार भी दिख रहा है, जिसे ऐश्वर्या देसाई ने निभाया है। फिल्म में ऐश्वर्या का किरदार काफी अहम होगा। स्पिरिट उनका पहला बड़ा प्रोजेक्ट है।

स्पिरिट एक महत्वाकांक्षी फिल्म है, जो 5 मार्च 2027 को आठ भाषाओं में सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म में तृप्ति डिमरी फीमेल लीड हैं, जो फर्स्ट लुक पोस्टर पर प्रभास के साथ नजर आई थीं।

पिछले काफी समय से डांवाडोल चल रहे प्रभास के करियर के लिए स्पिरिट एक अहम फिल्म है, जो उनके माथे से फ्लॉप के दाग को धो सकती है। इसी साल रिलीज हुई प्रभास की हॉरर कॉमेडी एक्शन फिल्म द राजा साब बुरी तरह फ्लॉप रही थी। हिंदी बेल्ट को छोड़िए, इस फिल्म को तेलुगु में भी दर्शक नहीं मिले, जहां प्रभास की बड़ी फैन फॉलोइंग है।