मुंबई। Toxic Release Postponed: उत्तर भारत होली के खुमार में डूबा हुआ है और साउथ से अहम खबर आ रही है। यश स्टारर टॉक्सिक अब रणवीर सिंह की मेगा रिलीज धुरंधर 2 के साथ नहीं आएगी। टॉक्सिक के मेकर्स ने अपनी फिल्म को आगे पुश कर दिया है। इस कदम के बाद साल 2026 का पहला महा-मुकाबला टल गया है।
गुरुवार को मेकर्स ने सोशल मीडिया में स्टेटमेंट जारी करके जानकारी दी की फिल्म की रिलीज दो महीने से अधिक के लिए पोस्टपोन कर दी गई है। पहले फिल्म धुरंधर 2 के साथ 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी और इस टक्कर को लेकर इंडस्ट्री में गजब की बेचैनी देखी जा रही थी।
मिडिल ईस्ट में युद्ध के चलते टली रिलीज
यश ने स्टेटमेंट एक्स पर साझा किया है, जिसमें कहा गया है- टॉक्सिर- अ फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स ऐसी फिल्म है, जिसे हमने ग्लोबल दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट की गई फिल्म घरेलू और वैश्विक दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। सालों की मेहनत के बाद हम अपनी फिल्म आपके साथ 19 मार्च को साझा करने के लिए उत्साहित थे।
हालांकि, मौजूदा हालात के चलते, खासकर मिडिल ईस्ट में, ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिसने हमारी अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचने की उम्मीदों पर असर डाला है। इसलिए, अपने पार्टनर्स और दर्शकों के हित में हमने यह कड़ा मगर सतर्क फैसला किया है कि रिलीज को फिर शेड्यूल करें।
यह भी पढ़ें: Movies From March To May: मार्च से मई तक हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर बढ़ेगी गर्मी, नई फिल्मों की रिलीज डेट का एलान

स्टेटमेंट में आगे कहा गया है कि हम आपके सहयोग और धैर्य की कद्र करते हुए आपके साथ की अपेक्षा करते हैं। टॉक्सिक- अ फेयर टेल फॉर ग्रोन अप्स अब दुनियाभर के सिनेमाघरों में अंग्रेजी और भारतीय भाषाओं में 4 जून को रिलीज होगी।
धुरंधर 2 से टक्कर टलने से राहत
19 मार्च को रिलीज हो धुरंधर 2 साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्म है, जो धुरंधर का सीक्वल है। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। पहली फिल्म की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद धुरंधर 2 का बेसब्री से इंतजार है और माना जा रहा है कि फिल्म कमाई के नये रिकॉर्ड्स बना सकती है।
टॉक्सिक के भी 19 मार्च को रिलीज होने के कारण इस मुकाबले को लेकर काफी उत्सुकता थी। कयास लगाये जा रहे थे कि दो बड़ी फिल्मों की टक्कर से क्या होगा। काफी कुछ कहा और लिखा जा रहा था। टॉक्सिक के जरिए यश 4 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। फिल्म के टीजर को बेहद सफलता मिली है।

