Bigg Boss 19 Grand Finale: दुश्मन ना करे दोस्त ने वो काम किया है… इन 7 घटनाओं ने बदले घर में रिश्तों के समीकरण

Bigg Boss 19 seven turning points. Photo- X

मुंबई। Bigg Boss 19 Grand Finale: बिग बॉस के 19वें सीजन का सफर आज रात खत्म हो जाएगा। गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, अमाल मलिक, प्रणीत मोरे और तान्या मित्तल में से कोई एक विनर बनेगा। फैंस ने वोटिंग के जरिए अपना फैसला सुना दिया। बस घोषणा का इंतजार है, जो सलमान खान रंगारंग कार्यक्रम में करेंगे।

नैरेटिव को फॉलो करते दिखे कंटेस्टेंट्स

बिग बॉस का यह सीजन पिछले सीजनों के मुकाबले अलग रहा है। इस बार जितने भी कंटेस्टेंट्स आये, उन्हें देखकर ऐसा लगा कि पहले से तैयारी की है। गेम के लिए उन्होंने ना रिश्तों का ध्यान रखा ना अपनी मान-मर्यादा का। टास्क जीतने और अपनी समीकरण बिठाने के लिए कुछ भी किया।

एक और बात इस सीजन में देखी गई कि सब एक-दूसरे पर सलमान खान की ओर से सेट नैरेटिव को लेकर टिप्पणी करते दिखे। मसलन, सलमान ने गौरव खन्ना को उनकी कम सक्रियता को लेकर टोका तो सीजन के अंत तक फरहाना भट्ट और तान्या मित्तल गौरव का उनकी शुरुआती निष्क्रियता को लेकर मजाक उड़ाते रहे।

तान्या मित्तल के बड़बोले अंदाज का पूरे सीजन में मजाक बना। तकरीबन हर वीकेंड का वार में सलमान ने तान्या का खूब मजाक उड़ाया। सारे कंटेस्टेंट्स भी उसे फॉलो करते दिखे और तान्या की हवा हवाई बातों के लिए उन्हें फेक कहते रहे।

फरहाना भट्ट को सलमान ने गंदी जुबान के लिए कई बार टोका तो घरवाले भी फरहाना के इसी प्वाइंट को पकड़कर उन्हें ताने मारते रहे। अमाल मलिक अपने खर्राटों और सोते रहने के लिए दूसरे कंटेस्टेंट्स के निशाने पर रहे।

बहरहाल, सीजन खत्म (Bigg Boss 19 Grand Finale) हो रहा है तो एक बार घर में हुईं उन घटनाओं का रीकैप करते हैं, जिन्होंने घर के अंदर की समीकरणों को काफी बदल दिया था।

यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19 Grand Finale: आज रात गिरेगा बिग बॉस के 19वें सीजन का पर्दा, धमाकेदार परफॉर्मेंसेज के बीच होगी विनर की घोषणा

1. फरहाना भट्ट का पहले दिन एविक्शन

फरहाना ने घर में आते ही अपने तीखे तेवर दिखा दिये थे। उनका असहयोगात्मक रवैया देख घरवालों की सरकार ने फरहाना को एविक्ट कर दिया। बिग बॉस ने उन्हें सीक्रेट रूम में रखा। एक टास्क के दौरान गौरव खन्ना फरहाना को वापस लेकर आये। इस वापसी के बाद फरहाना ने पूरे घर को अपने सिर पर उठाकर रखा और इतनी मजबूत कंटेस्टेंट बनकर उभरीं कि अब ट्रॉफी की दावेदार बन गई हैं।

2. फरहाना भट्ट ने फाड़ा नीलम का लेटर

एक टास्क के दौरान फरहाना ने नीलम गिरि का लेटर फाड़ा, जिसको लेकर लगभग पूरा घर उनके खिलाफ हो गया। मगर, असल में फरहाना ने स्मार्ट गेम खेला और टास्क का रुख पूरी तरह बदल दिया। इस टास्क के बाद नीलम के साथ उनके रिश्ते हमेशा के लिए बदल गये। आगे चलकर इसका असर नीलम और तान्या की दोस्ती पर भी दिखा।

3. अमाल मलिक का फरहाना की प्लेट तोड़ना

इसी टास्क के बाद जब हर कोई नीलम का पक्ष लेते हुए फरहाना को कोस रहा था तो अमाल ने गुस्से में खाना खाती हुई फरहानी की प्लेट छीनकर तोड़ दी। इस घटना ने अमाल की छवि बाहर भी खराब की। बात इतनी बढ़ी कि अमाल की छवि सुधारने के लिए उनके डैड डब्बू मलिक को वीकेंड का वार में बुलाया गया।

अमाल, फरहाना के खिलाफ इस कदर हुए कि उन्हें और उनकी मां को बीग्रेड कहा था। अमाल कहते थे कि फरहाना उनके लिए घर में एग्जिस्ट ही नहीं करती। हालांकि, बाद के दिनों में फरहाना ने गियर बदला और अमाल के करीब हो गईं। अमाल की सारी बातों को भुला दिया। इस बदलाव ने फरहाना की उसूल पसंद और सही के साथ खड़ी रहने वाली महिला की छवि को धूमिल किया।

4. गौरव-फरहाना की फाइट

एक टास्क के दौरान फरहाना और तान्या ने गौरव को जमकर पोक किया। उनके बारे में कहा कि उन्हें जानता ही कौन है। फरहाना की इस बात से उखड़े गौरव ने उनका जमकर विरोध किया। यह पहली बार था, जब घर में गौरव का गुस्सा देखा गया।

हालांकि, इस गरमागरमी के दौरान भी गौरव ने अपने मुंह से एक बुरा शब्द नहीं निकाला। इस वाकये को लेकर वीकेंड का वार में सलमान खान ने फरहाना की जमकर क्लास लगाई थी। वहीं, गौरव को अपनी स्थिति मजबूत करने में काफी मदद मिली।

5. मृदुल तिवारी का एविक्शन

घर की सबसे शॉकिंग घटना मृदुल तिवारी का एविक्शन रही, जिन्हें भाषण टास्क के दौरान कम वोट मिलने के लिए निष्कासित किया गया था। घर के बाहर और सोशल मीडिया में इस एविक्शन की खूब आलोचना हुई थी, क्योंकि मृदुल को बाहर बहुत सपोर्ट था, जिसकी बदौलत वो शहबाज बदेशा को हराकर घर में पहुंचे थे।

मृदुल के इस तरह एविक्शन के बाद बिग बॉस पर घपलेबाजी करने के आरोप भी लगे। कई लोगों ने शो को स्क्रिप्टेड बताया था।

6.अभिषेक बजाज का एविक्शन

प्रणीत मोरे द्वारा अभिषेक बजाज का एविक्शन घर की प्रमुख घटनाओं से एक है। अभिषेक को अंतिम फाइव के तौर पर देखा जाता था। वो शो के मजबूत कंटेस्टेंट थे। हालांकि, सिर्फ अशनूर कौर के साथ वक्त बिताने और अपनी टीम के लोगों की ही ना सुनने के लिए उनकी आलोचना भी खूब होती थी।

मगर, इस एविक्शन का असर बाहर भी देखा गया। घर के अंदर आखिर तक यह सवाल गूंजता रहा कि क्या प्रणीत ने अभिषेक को अपना कॉम्प्टीशन कम करने के लिए निकाला?

7. फरहाना और तान्या की मौकापरस्त दोस्ती

फरहाना और तान्या की दोस्ती का असर नीलम और तान्या के रिश्ते पर पड़ा। नीलम, इस बात से नाराज थीं कि जिस फरहाना ने उनका लेटर फाड़ा, उसकी के साथ तान्या उठ-बैठ रही हैं। इसका नतीजा यह हुआ कि तान्या का एक मजबूत साथ छूट गया।

वो फरहाना के करीब तो आईं, मगर उनका इस्तेमाल अपना गेम चमकाने में नहीं कर सकीं, क्योंकि फरहाना ने तान्या को कभी खुद पर हावी होने का मौका नहीं दिया, जिस तरह तान्या ने नीलम का गेम खत्म कर दिया था।