मुंबई। Celebrity Master Chef Winner: सोनी टीवी के कुकिंग रिएलिटी शो सेलिब्रिटी मास्टर शेफ का सफर शुक्रवार को पूरा हो गया। टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने पहले सेलिब्रिटी मास्टर शेफ का खिताब अपने नाम किया, जबकि निक्की तम्बोली पहली रनर अप और तेजस्वी प्रकाश दूसरी रनर अप घोषित की गईं।
ट्रॉफी के साथ 20 लाख प्राइम मनी
ग्रैंड फिनाले में सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। उन्होंने विनर को ट्रॉफी प्रदान की। गौरव ने 20 लाख रुपये प्राइज मनी भी जीती। इसके साथ गौरव को मास्टर शेफ की जैकेट भी पहनाई गई।
यह भी पढ़ें: Tigmanshu Dhulia in CID: खतरे में टीम सीआइडी! लौट आया है Eye Gang का लीडर बारबोसा
शो में गौरव (Celebrity Master Chef Winner) का सफर शानदार रहा। शुरुआत में उनके कुकिंग स्किल्स को देखकर किसी ने नहीं सोचा था कि वो यह शो जीत सकते हैं, मगर समय के साथ गौरव ने अपने स्किल्स को पैना किया। धीरे-धीरे वो जजेज के फेवरिट बनते गये।
जीतने के बाद भावुक हुए गौरव ने कहा- ”एक अभिनेता के तौर पर मैं कैमरे पर कभी नहीं रोया। मैं अपने जज्बात को दूर रखता हूं। यह मेरा पहला रिएलिटी शो है।”
इस पर संजीव खन्ना ने कहा- अब तक शायद इमोशंस से भाग कर यहां तक पहुंचे हो। आज से जिंदगी शुरू करो, इमोशंस से जुड़कर। सभी जजेज ने गौरव को गले लगाया और प्रोत्साहित किया।
43 साल के गौरव उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं। गौरव दो दशक से छोटे पर्दे पर सक्रिय हैं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता अनुपमा शो से मिली, जिसमें उन्होंने अनुज कपाड़िया का किरदार निभाया।
27 जनवरी को शुरू हुआ सफर
सेलिब्रिटी मास्टर शेफ का सफर 27 जनवरी को 12 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुआ था। शो में आयशा जुल्का, अभिजीत सावंत, चंदन प्रभाकर, दीपिका कक्कड़, अर्चना गौतम शो में बतौर कंटेस्टेंट्स शामिल हुए थे।
फैसल शेख, तेजस्वी प्रकाश, निक्की तम्बोली, राजीव अदातिया और गौरव खन्ना अंतिम पांच में पहुंचने में कामयाब रहे।
सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना और रणवीर बरार ने शो को जज किया, जबकि फराह खान बतौर होस्ट और को-जज शो से जुड़ीं।