मुंबई। Mukesh Khanna Vs Samay Raina: महाभारत जैसे आइकॉनिक धारावाहिक में भीष्म पितामह का किरदार निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना इस वक्त स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना से भिड़े हुए हैं। समय ने कानूनी पचड़ों से निपटने के बाद काफी अर्से बाद अपने नये शो का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने शक्तिमान के बहाने मुकेश खन्ना को आड़े हाथों लिया था।
मुकश खन्ना ने जारी किया वीडियो
इसका जवाब देते हुए मुकेश ने अपनी प्रोडक्शन कम्पनी भीष्म इंटरनेशनल के यू-ट्यूब चैनल पर वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने समय रैना को कुत्ते की दुम बताया है, जो कभी सीधी नहीं हो सकती। दिलचस्प बात यह है कि मुकेश खन्ना ने इस वीडियो का थम्बनेल बनाया है, जिस पर शक्तिमान की आंखों से लेजर निकल रही हैं और समय रैना का मुंह काला करके गधे पर बैठाया गया है।
मुकेश ने वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया है और इसके साथ लिखा है- कुत्ते की दुम टेढ़ी रहती है। उसे लाख शीशियों में रखो, बाहर निकालो। फिर टेढ़ी की टेढ़ी। समय रैना की भी एक दुम है। कितना भी मारो। सीधा करो। वो वापस टेढ़ी हो जाती है, क्योंकि वो सीधा-सादा प्राणी नहीं है।
वो रोस्टेड प्राणी है। गंदगी की आग में जलाया हुआ, पकाया हुआ। पूरे देश ने लताड़ा। मारा। फिर आ गया बेशर्मों की तरह। और मार खाने। अब एक ही चीज बाकी है। उसका मुंह काला कर गधे पर बिठा कर देश भर के शहरों में, गलियों में उसकी परेड करनी चाहिए। जहां बच्चे उसको अंडे, टमाटर मारें, क्योंकि उसने उनके सुपर हीरो शक्तिमान का अपमान किया है।
यह भी पढ़ें: Shaktimaan Meets Hanuman: बजरंग बली संग शक्तिमान ने भरी उड़ान, हनुमान जन्मोत्सव पर मुकेश खन्ना ने रिलीज किया वीडियो
समय की किस बात पर बिफरे मुकेश खन्ना?
समय ने मंगलवार को अपने यू-ट्यूब चैनल पर लगभग एक घंटा 21 मिनट का वीडियो पोस्ट किया, जिसका टाइटल है- स्टिल अलाइव। समय ने वीडियो में अपने पिछले शो इंडियाज गॉट लेटेंट से जुड़ी कंट्रोवर्सी की झलकियां दिखाई हैं, जिसके चलते देशभर में भारी बवाल मचा था।
पिछले साल फरवरी में एडल्ट स्टैंडअप कॉमेडी टैलेंट हंट शो में जज बनकर आये रणवीर इलाहाबादिया के माता-पिता को लेकर एक कमेंट पर देश में खूब हंगामा हुआ था। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हुए थे और शो में मौजूद सभी कॉमेडियंस के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थीं। सभी को लम्बी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था।
आखिरकार, वो वीडियो डिलीट करना पड़ा और माफी मांगनी पड़ी थी। तब मुकेश खन्ना ने शो और समय रैना के बारे में काफी कुछ कहा था। समय ने मुकेश के उसी समय के बयानों का जवाब देते हुए अपने शो में कहा कि शक्तिमान के कारण कई बच्चों ने अपनी जान गंवाई और वही शक्तिमान नैतिकता की बात करता है। समय के इसी कमेंट पर मुकेश खन्ना आपा खो बैठे।
7 अप्रैल को अपलोड किये गये इस वीडियो को 2 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और 2.3 मिलियन से ज्यादा लाइक्स हैं।

