Pushpa Impossible: पुष्पा इम्पोसिबल में आएगा 7 साल का लीप, पढ़िए- कितनी बदली किरदारों की जिंदगी?

Pushpa Impossible takes 7 years leap. Photo- Sony Sab

मुंबई। Pushpa Impossible Leap: सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ अब शो सात साल की लीप लेकर एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां पुष्पा (करूणा पांडे) एक नई शुरुआत कर रही हैं। एक वकील के रूप में अपने कॅरियर को संभालते हुए परिवार के बदलते रिश्तों को भी संभालने की कोशिश कर रही हैं।


पहले जैसी नहीं रही दुनिया

सात साल बाद, जो परिवार कभी बेहद करीब था, अब अलग-अलग रास्तों पर बंट चुका है। हर कोई अपनी-अपनी चुनौतियों और फैसलों से जूझ रहा है। पुष्पा जहां एक वकील के रूप में अपनी पहचान बनाने की राह पर हैं, वहीं उन्हें अपने परिवार को एकजुट रखने का संघर्ष भी जारी है।

उस दुनिया में, जो अब पहले जैसी नहीं रही। इस नई कहानी में कई नए चेहरे शामिल हो रहे हैं, जो चिराग, प्रार्थना, राशि जैसे अहम किरदार निभाएंगे और पुष्पा की दुनिया में नई ऊर्जा, भावनाएं और कहानियां लेकर आएंगे।

यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19: स्वास्थ्य कारणों से ‘बेघर’ हुए प्रणीत मोरे को बाय तक नहीं बोला, फरहाना भट्ट के एटीट्यूड पर भड़के आवेज दरबार

कितना बदले शो के किरदार?

पटेल परिवार की वापसी हो रही है चिराग (नितिन बाबू) और प्रार्थना (पूजा कातुर्दे) के साथ, जो कभी एक-दूसरे के बेहद करीब थे, लेकिन सात सालों ने उनके बीच सब कुछ बदल दिया है। पहले जो एक-दूसरे से अलग नहीं रहते थे, अब वे कानून के दो विपरीत ध्रुव बन चुके हैं।

प्रार्थना अब एक सख्त और ईमानदार पुलिस अधिकारी बन गई है, जो अनुशासन और न्याय में विश्वास रखती है। दूसरी ओर, चिराग एक जोशीला युवा नेता बन गया है, जो समाज सेवा और स्थानीय राजनीति में सक्रिय है और जहां उसके आदर्श अक्सर हकीकत से टकराते हैं।

राशि (अक्षया हिंदळकर) अब बड़ी हो चुकी है। एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन गई है। वह ऋषभ (श्रेय मराड़िया) से प्यार करती है, जो आकर्षक है, लेकिन कंट्रोलिंग भी। स्वरा (पारी भाटी) अब 13 साल की हो गई है> विद्रोही स्वभाव की, तेज़-तर्रार, पर भीतर से भावनात्मक रूप से आहत और कहीं न कहीं अपनी मां पुष्पा की ताकत और जज्बे का प्रतिबिंब।

अदालत की कहानी में भी नए पात्र जुड़ रहे हैं, जिनमें भारत भाटिया (जज के रूप में) और दीपक पारिख (वकील के रूप में) शामिल हैं।

पुष्पा इम्पोसिबल का नया चैप्टर सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 9.30 बजे देखा जा सकता है।