Itti Si Khushi: 9 गज की नौवारी साड़ी पहन मराठी मुलगी बनीं सुम्बुल, अन्विता की जिंदगी के साथ शो में आएगा बड़ा बदलाव

Sumbul Touqeer Khan wears Marathi bridal look in Itti Si Khushi. Photo- Instagram

मुंबई। Itti Si Khushi Update: सोनी सब का शो ‘इत्ती सी खुशी’ अब अपने सबसे भावुक और निर्णायक पड़ावों में से एक में प्रवेश कर रहा है। अन्विता (सुम्बुल तौकीर ख़ान), जो अब भी अपनी सगाई के दिन विराट (रजत वर्मा) के अचानक गायब हो जाने के सदमे से उबर नहीं पाई है, एक ऐसा फैसला लेती है, जो उसकी जिंदगी की दिशा बदल देता है।

वह अपने अधूरे प्रेम से ऊपर उठकर जिम्मेदारी को चुनती है और अपने बचपन के दोस्त संजय (ऋषि सक्सेना) से शादी करने का निर्णय लेती है। यह मोड़ ना सिर्फ उसकी जिंदगी, बल्कि शो की कहानी को भी नया रूप देता है।

मराठी दुल्हन बनीं सुम्बुल

शादी का ट्रैक शुरू होते ही, सुम्बुल ने अन्विता के मराठी दुल्हन वाले लुक की पहली झलक सामने लाई है। गहरे हरे रंग की रिच नौवारी साड़ी, जिस पर बारीक सुनहरे बॉर्डर और बूटे बने हैं, इसके साथ डीप मैजेंटा ब्लाउज- यह पूरा लुक परम्परा, गरिमा और उसकी शांत मजबूती को बखूबी दर्शाता है।

माथे पर सजी क्लासिक मुंडावल्या, नाजुक नथ, परतदार सोने के गहने, सफाई से बने जूड़े पर सजी मोगरे का गजरा, हल्की मेंहदी और जमा हुआ मेकअप- ये सब मिलकर एक भावुक और सदाबहार दुल्हन का खूबसूरत पल रचते हैं।

यह भी पढ़ें: Khatron Ke Khiladi 15: नये सीजन के साथ 2026 में लौटेगा खतरों के खिलाड़ी, वीकेंड का वार में रोहित शेट्टी ने की पुष्टि

मराठी लुक बिल्कुल नया अनुभव

अपने लुक और इस पल को पर्दे पर साकार करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए सुम्बुल ने कहा, “आमतौर पर हम देखते हैं कि लीड्स अपने बड़े दिन पर लहंगे में नजर आती हैं, इसलिए इस मराठी ब्राइडल लुक में आना मेरे लिए एक बिल्कुल नया और तरोताजा अनुभव था।

मैंने पहले भी नौवारी पहनी है, लेकिन दुल्हन के रूप में इसे पहनना एक बिलकुल अलग एहसास था। जैसे ही साड़ी की ड्रेपिंग पूरी हुई और नथ पहनी, भीतर कुछ बदल-सा गया। बचपन से मैंने मराठी दुल्हनों को बड़े सलीके से तैयार होते देखा है- हरी चूड़ियां, नथ, मुंडावल्या पहनते हुए और आज मैं खुद वही सब पहनकर तैयार हो रही थी।

शूट के दौरान मैं सच में अन्विता की सारी भावनाएं महसूस कर पा रही थी- प्यार, उम्मीद, घबराहट… सब एक साथ। ऐसा लग रहा था जैसे मैं सीधे उसकी दुनिया में कदम रख रही हूं। यह मेरे करियर के सबसे यादगार लुक्स में से एक है और मुझे सच्चे दिल से खुशी है कि अन्विता के इस नए अध्याय को दर्शकों से इतना प्यार मिल रहा है।”

इत्ती सी खुशी सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 9 बजे देखा जा सकता है।