Upcoming TV Shows: ‘बड़े अच्छे लगते हैं 4’ के बाद इन कल्ट शोज की होगी वापसी, नये भी बढ़ाएंगे रोमांच

Upcoming TV shows on channels. Photo- Instagram

मुंबई। Upcoming TV Shows: बड़े अच्छे लगते हैं, छोटे पर्दे का एक कल्ट शो माना जाता है। 2011 से 2014 के बीच सोनी टीवी पर प्रसारित हुए शो में राम कपूर और साक्षी तंवर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। दोनों के बीच कैमिस्ट्री काफी चर्चा में रही थी।

सोनी टीवी ने 16 जून से कल्ट शो का चौथा रीबूट प्रसारित किया है, जिसमें हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी लीड रोल्स में हैं। छोटे पर्दे पर इन दिनों पुराने चर्चित शोज को दोबारा लाने या सीक्वल बनाने का ट्रेंड चल रहा है। इन शोज के टाइटल और स्टार कास्ट से दर्शकों की भावुक याद जुड़ी रहती है।

आने वाले समय में ऐसे कुछ और शोज पर्दे पर उतरेंगे, जो भारतीय टीवी के इतिहास में अहम स्थान रखते हैं। साथ ही कुछ नये रोमांचक शोज (Upcoming TV Shows) भी आ रहे हैं। इस लेख में ऐसे शोज की विस्तार से चर्चा।

आमि डाकिनी

सोनी टीवी पर हॉरर शो 23 जून से शुरू हो रहा है। शो में एक ऐसी दुल्हन की कहानी दिखाई जाएगी, जो डाकिनी बनकर अपने अधूरे प्यार को पाने की कोशिश कर रही है। शो में शीन दास डाकिनी के रोल में दिखेंगी। यह शो छोटे पर्दे पर हॉरर के सिलसिले को आगे बढ़ाएगा।

यह भी पढ़ें: Hina Khan Wedding: कैंसर से जूझ रहीं हिना खान ने ब्वॉयफ्रेंड रॉकी जायसवाल से की शादी, देखिए पहली तस्वीरें

क्योंकि… सास भी कभी बहू थी 2

एकता कपूर निर्मित इस शो भारतीय टेलीविजन और दर्शकों की पसंद को बदलकर रख दिया था। छोटे पर्दे के सबसे लम्बे चलने वाले शोज में शामिल क्योंकि… एक बार फिर अपनी ओरिजिनल स्टार कास्ट के साथ लौट रहा है।

यह पहले शो का सीक्वल है, जिसमें स्मृति ईरानी, तुलसी के किरदार और अमर उपाध्याय मिहिर के रोल में लौटेंगे। एक सार्थक राजनीतिक पारी खेलने के बाद स्मृति इस शो के जरिए 15 साल बाद अभिनय में लौट रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, क्योंकि… सास भी कभी बहू थी 2, 3 जुलाई से स्टार प्लस पर प्रसारित किया जाएगा।

तुम से तुम तक

इस शो के जरिए शरद केल्कर आठ सालों बाद छोटे पर्दे पर लौटेंगे। कॉरपोरेट की दुनिया में सेट शो एज गैप वाली लव स्टोरी दिखाएगा। शरद के साथ निहारिका चोक्सी फीमेल लीड होंगी। यह शो जीटीवी पर प्रसारित किया जाएगा। प्रसारण की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

पति पत्नी और पंगा

कलर्स पर प्रसारित होने वाला यह सेलिब्रिटी रिएलिटी शो है, जिसमें हिना खान- रॉकी जायसवाल, अविका गोर-मिलिंद चंदवानी, गुरमीत चौधरी- देबीना बनर्जी, स्वरा भास्कर-फहद अहमद, सुदेश लहरी-ममता लहरी, गीता फोगाट-पवन कुमार भाग ले रहे हैं।

गोरिया चली गांव

यह शो मराठी सीरीज जाऊ बाई गावत से प्रेरित है। इस शो में टीवी की 12 जानी-मानी सेलिब्रिटीज को एक गांव में 10 हफ्तों के लिए रखा जाएगा। यह मोबाइल फोन और ऐसी सुख-सुविधाओं से वंचित रहकर चुनौतियों का सामना करेंगी। रणविजय सिंह शो को होस्ट करेंगे। यह रिएलिटी शो जीटीव पर प्रसारित होगा।

नागिन 7

नागिन छोटे पर्दे का कल्ट माइथोलॉजिकल थ्रिलर शो है, जिसमें एक इच्छाधारी नागिन की कहानी दिखाई जाती है। इस शो की निर्माता एकता कपूर ही हैं। शो का सातवां सीजन अब आने वाला है। नागिन 7 कलर्स चैनल पर आएगा। इसकी घोषणा एक टीजर के जरिए की जा चुकी है। शो में ईशा मालवीय के नागिन बनने की चर्चा है।