मुंबई। INCA AWARDS 2026: देश की 12 भाषाओं की फिल्म इंडस्ट्रीज को मिलाकर गठित की गई इंडियन नेशनल सिने एकेडमी यानी आइएनसीए का पहला अवॉर्ड समारोह इसी महीने आयोजित किया जा रहा है। भारतीय फिल्म इंडस्ट्रीज की यह महत्वाकांक्षी शुरुआत है, जिसकी प्रेरणा पश्चिम का लोकप्रिय अवॉर्ड समारोह ऑस्कर्स है।
उसी तर्ज पर भारत में एकेडमी का गठन करके सभी फिल्म इंडस्ट्रीज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए अवॉर्ड समारोह की परिकल्पना की गई है। इस अवॉर्ड समारोह के पहले चैप्टर में धुरंधर फिल्म ने सबसे अधिक 17 नामांकन हासिल किये हैं। अवॉर्ड फंक्शन की पूरी जानकारी विस्तार से यहां पढ़िए।
कब और कहां आयोजित होगा अवॉर्ड समारोह?
इंका अवॉर्ड्स का आयोजन 16 अप्रैल की शाम मुंबई के बीकेसी में नीता मुकेश अम्बानी कल्चरल सेंटर में होगा। यहां मनोरंजन जगत के कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है।
कौन करेगा मेजबानी?
शो की मेजबानी करण जौहर और राणा दग्गूबटी के हवाले है। करण बॉलीवुड का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि राणा दक्षिण भारतीय सिनेमा का प्रमुख चेहरा हैं।
यह भी पढ़ें: Indian National Cinema Academy: ‘ऑस्कर’ की तर्ज पर भारत में INCA Awards? एक मंच पर आईं देश की 12 फिल्म इंडस्ट्री

अवॉर्ड्स की श्रेणियां और नामांकन
INCA अवॉर्ड्स के ओपनिंग समारोह में कुल 25 श्रेणियों में अवॉर्ड्स प्रदान किये जाएंगे। इनमें बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर और बेस्ट एक्ट्रेस प्रमुख कैटेगरीज हैं। सभी 12 भारतीय भाषाओं की फिल्मों, कलाकारों और तकनीशियनों को 25 कैटेगरीज में पुरस्कार दिये जाएंगे। सबसे ज्यादा नॉमिनेशंस पाने वाली टॉप 10 फिल्में इस प्रकार हैं:
- धुरंधर- 17 (हिंदी फिल्म)
- लोकाह चैप्टर 1: चंद्रा- 15 (मलयालम)
- कांतारा: चैप्टर 1- 13 (कन्नड़)
- छावा- 13 (हिंदी)
- सैयारा- 13 (हिंदी)
- लालो: कृष्ण सदा सहाय- 12 (गुजराती)
- रूद्र- 11 (असमी)
- मिराई- 10 (तेलुगु)
- होमबाउंड- 9 (हिंदी)
- द गर्लफ्रेंड- 8 (तेलुगु)
नामांकन में उन्हीं फिल्मों को लिया गया है, जो कैलेंडर वर्ष 2025 यानी 1 जनवरी 2025 से 31 दिसम्बर 2025 के बीच सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं।
क्या है INCA?
INCA के गठन के पीछे सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग और साउथ के लोकप्रिय अवॉर्ड समारोह SIIMA के प्रमोटर्स हैं, जिनकी अगुवाई विष्णु वर्धन इंदूरी प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के साथ मिलकर कर रहे हैं। गिल्ड की भूमिका मुख्य संरक्षक के तौर पर तय की गई है।
एकेडमी के पहले अवॉर्ड समारोह को कल्याण ज्वेलर्स का साथ मिला है, जो प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर हैं। इंका की स्थापना एकेडमी से प्रेरित होकर की गई है और इसका मकसद विश्वसनीयता, हुनर की पहचान और पारदर्शिता है।
INCA की स्थापन विभिन्न भाषाओं की फिल्म इंडस्ट्रीज को एक ही मंच पर लाने के उद्देश्य से की गई है।

