मुंबई। OTT Releases (23-28 February): फरवरी के आखिरी हफ्ते में ओटीटी पर मनोरंजन का भरपूर इंतजाम ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने किया है। कई अहम फिल्में और सीरीज इस हफ्ते ओटीटी पर आ रही हैं। इनमें प्रियंका चोपड़ा जोनस की द ब्लफ और कोंकणा सेन शर्मा की अक्यूज्ड शामिल हैं।
लीजेंड्री म्यूजिशियन पॉल मैकार्टनी के संगीत के सफर की दास्तां भी इस हफ्ते ओटीटी पर आने वाली है। कुछ ऐसी फिल्में स्ट्रीमिंग के लिए मौजूद रहेंगी, जो पहले सिनेमाघरों में लग चुकी हैं। कुछ चर्चित वेब सीरीज के अगले सीजन भी इस हफ्ते देखने को मिलेंगे।
चलिए, आपको बताते हैं फरवरी के आखिरी हफ्ते में नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जिओ हॉटस्टार समेत तमाम प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होने वाली फिल्मों और सीरीज की डिटेल्स।
द सीईओ क्लब
- रिलीज डेट: 23 फरवरी
- जॉनर: डॉक्युमेंट्री फिल्म
- भाषा: अंग्रेजी
- प्लेटफॉर्म: प्राइम वीडियो
कहानी: यह डॉक्युमेंट्री सात प्रभावशाली महिला सीईओ के पेशेवर और निजी जीवन की झलक दिखाती है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे ये महिलाएं अपने व्यावसायिक साम्राज्यों (Business Empires) को संभालती हैं और साथ ही परिवार और दोस्ती के बीच संतुलन बनाए रखती हैं। इस शो में दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स, सुपरहिट सिंगर थालिया, सुपरमॉडल विन्नी हार्लो, और अन्य प्रमुख बिजनेस लीडर्स जैसे लोरेन राइडिंगर, हन्ना ब्रोंफमैन, डी ओक्लेप्पो हिल्फिगर और इसाबेला रंगेली ग्रुटमैन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: Subedaar Teaser Out: तेजाबी तेवरों के साथ ओटीटी पर लौट रहे अनिल कपूर, प्राइम वीडियो ने जारी किया ‘सूबेदार’ का टीजर
जेनो
- रिलीज डेट: 24 फरवरी
- जॉनर: एडवेंचर, साइ फाइ फिल्म
- भाषा: अंग्रेजी
- प्लेटफॉर्म: प्राइम वीडियो
कहानी: 2025 की फिल्म ‘जेनो’ (Xeno) एक अमेरिकी साइंस-फिक्शन एडवेंचर है। इसकी कहानी एक किशोर लड़की, रेनी (लुलु विल्सन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे रेगिस्तान में एक घायल एलियन मिलता है। वह उससे दोस्ती कर उसे बचाती है। यह फिल्म दोस्ती, साहस और अच्छाई-बुराई के बीच के संघर्ष को खूबसूरती से दर्शाती है।
टेलर टॉमलिंसन- प्रोडिगल डॉटर
- रिलीज डेट: 24 फरवरी
- जॉनर: स्टैंडअप कॉमेडी फिल्म
- भाषा: अंग्रेजी
- प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
कहानी: स्टैंडअ कॉमेडियन टेलर 30 की उम्र में डेटिंग, धार्मिक पालन-पोषण (religious upbringing) और एआई (AI) के इस्तेमाल से इनकार जैसे विषयों पर मजेदार खुलासे करती हैं।
किफाराह
- रिलीज डेट: 24 फरवरी
- जॉनर: हॉरर फिल्म
- भाषा: मलय
- प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
कहानी: यह गाज़ अबू बकर द्वारा निर्देशित एक मलेशियाई हॉरर फिल्म है, जो 9 अक्टूबर 2025 को रिलीज हुई थी। इसकी कहानी यूसुफ (रेमी इशाक) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए घर लौटता है और अपने परिवार के काले जादू और खौफनाक रहस्यों का सामना करता है।
पद्मावत
- रिलीज डेट: 24 फरवरी
- जॉनर: हिस्ट्री फिल्म
- भाषा: हिंदी, तमिल, तेलुगु
- प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
कहानी: संजय लीला भंसाली निर्देशित पद्मावत चित्तौड़ की रानी पद्मावती की कहानी है। फिल्म में दीपिका पादुकोण टाइटल रोल में हैं, जबकि शाहिद कपूर रावल रतन सिंह और रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी के रोल में हैं।
एनिमल किंगडम सीजन 1-6
- रिलीज डेट: 24 फरवरी
- जॉनर: क्राइम ड्रामा सीरीज
- भाषा: अंग्रेजी
- प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
कहानी: एक लोकप्रिय अमेरिकी ड्रामा सीरीज है, जो 2010 की इसी नाम की ऑस्ट्रेलियाई फिल्म पर आधारित है। यह 17 वर्षीय जोश “जे” कोडी की कहानी है, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद अपनी दादी, जेनीन “स्मर्फ” कोडी और अपने मामाओं के साथ रहने जाता है। जे को जल्द ही पता चलता है कि उसका परिवार एक खतरनाक अपराधिक साम्राज्य चलाता है, जो सशस्त्र डकैतियों और अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त है।
पॉल मैकार्टनी- मैन ऑन द रन
- रिलीज डेट: 25 फरवरी
- जॉनर: डॉक्युमेंट्री फिल्म
- भाषा: अंग्रेजी
- प्लेटफॉर्म: प्राइम वीडियो
कहानी: “पॉल मैकार्टनी: मैन ऑन द रन” का निर्देशन मार्क प्रिटचार्ड ने किया है। यह फिल्म 1970 के दशक में द बीटल्स के टूटने के बाद पॉल मैकार्टनी के जीवन और उनके बैंड ‘वििंग्स’ (Wings) के उदय की कहानी बयां करती है। इसमें पॉल और उनकी पत्नी लिंडा की निजी फुटेज और इंटरव्यू के जरिए उनके संगीत के प्रति जुनून और संघर्ष को दिखाया गया है।
द ब्लफ
- रिलीज डेट: 25 फरवरी
- जॉनर: एक्शन फिल्म
- भाषा: अंग्रेजी
- प्लेटफॉर्म: प्राइम वीडियो
कहानी: 19वीं सदी के कैरिबियन द्वीप पर आधारित यह कहानी एर्सेल (Priyanka Chopra) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पूर्व समुद्री डाकू है। जब उसका हिंसक अतीत उसे ढूंढ लेता है तो उसे अपने परिवार और बेटी की रक्षा के लिए फिर से हथियार उठाने पड़ते हैं।
इक्क कुड़ी
- रिलीज डेट: 26 फरवरी
- जॉनर: कॉमेडी ड्रामा फिल्म
- भाषा: पंजाबी
- प्लेटफॉर्म: चौपाल
कहानी: यह बिग बॉस में कंटेस्टेंट रह चुकीं शहनाज गिल की पहली होम प्रोडक्शन फिल्म है, जो सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर आ रही है। शहनाज खुद लीड रोल में हैं।
अक्यूज्ड
- रिलीज डेट: 27 फरवरी
- जॉनर: थ्रिलर फिल्म
- भाषा: हिंदी
- प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
कहानी: अनुभूति कश्यप द्वारा निर्देशित मनोवैज्ञानिक थ्रिलर ‘Accused’ में कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म एक प्रसिद्ध सर्जन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका जीवन यौन दुराचार के आरोपों के बाद बिखर जाता है। यह फिल्म न्याय और सार्वजनिक धारणा के जटिल मुद्दों को उजागर करती है।
मोनार्क- लेगेसी ऑफ मॉन्सटर्स सीजन 2
- रिलीज डेट: 27 फरवरी
- जॉनर: साइ फाइ फैंटेसी एक्शन सीरीज
- भाषा: अंग्रेजी, जापानी
- प्लेटफॉर्म: एप्पल टीवी
कहानी: इस सीजन की कहानी स्कल आइलैंड पर केंद्रित होगी, जहां हमारे नायक किंग कॉन्ग और नए रहस्यमयी टाइटन्स का सामना करेंगे।
ब्लैक फोन 2
- रिलीज डेट: 28 फरवरी
- जॉनर: हॉरर फिल्म
- भाषा: अंग्रेजी, हिंदी
- प्लेटफॉर्म: जिओ हॉटस्टार
कहानी: वर्ष 2021 की सफल हॉरर फिल्म का आधिकारिक सीक्वल है, जो 31 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म की कहानी पहली फिल्म की घटनाओं के चार साल बाद शुरू होती है। फिनी (मेसन थेम्स) और उसकी बहन ग्वेन एक बार फिर ‘द ग्रैबर’ (ईथन हॉक) के आतंक का सामना करते हैं, जो मरने के बाद और भी शक्तिशाली हो गया है।

