मुंबई। Movies in Cinemas in April 2026: नई फिल्मों की रिलीज के लिहाज से अप्रैल का महीना बेहद खास होता है। बच्चों की परीक्षाएं खत्म होने के बाद पढ़ाई का बोझ हल्का हो चुका होता है और गर्मियों की छुट्टियों की तैयारी शुरू हो चुकी होती हैं। इसलिए, मेकर्स समर सीजन की फिल्में रिलीज करना शुरू कर देते हैं।
मगर, इस बार रणवीर सिंह की धुरंधर द रिवेंज ने सारा गणित बिगाड़ दिया है। इस पर्वताकार फिल्म के सामने आने की हिम्मत बॉलीवुड के अच्छे-अच्छे सूरमा जुटा नहीं पा रहे, लिहाज अप्रैल के पहले हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर एक तरह का कर्फ्यू रहेगा और सिनेमाघरों में सिर्फ धुरंधर 2 की आवाज सुनाई देगी।
कुछ हॉलीवुड फिल्मों को छोड़कर अप्रैल के पहले शुक्रवार को कोई बड़ी फिल्म थिएटर्स में रिलीज नहीं की जा रही है। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए अप्रैल की शुरुआत दूसरे शुक्रवार यानी 10 अप्रैल से होगी, जब अक्षय कुमार की भूत बंगला सिनेमाघरों में पहुंचेगी। तब तक धुरंधर 2 थिएटर्स में 3 हफ्ते पूरे कर चुकी होगी और उम्मीद है कि उसका वेग कम हो चुका होगा।
अप्रैल में सिर्फ 2 चर्चित हिंदी फिल्में और दो चर्चित साउथ फिल्में पैन इंडिया रिलीज होंगी। आपको विस्तार से पूरी लिस्ट बताते हैं।
यह भी पढ़ें: April OTT Releases: ‘सितारे जमीन पर’ और ‘मामला लीगल है सीजन 2’ समेत अप्रैल में ओटीटी पर आ रहीं ये फिल्में और सीरीज
3 अप्रैल को रिलीज हो रही फिल्में
रेडी ऑर नॉट 2- हियर आइ कम
2019 की हॉरर-कॉमेडी फिल्म का सीधा सीक्वल है। इसमें समारा वीविंग ग्रेस के रूप में वापस लौटी हैं, जो अब अपनी बहन फेथ के साथ एक नए खतरनाक गेम में फंसी हैं। फिल्म का निर्देशन मैट बेटिनेली-ओल्पिन और टायलर जिलेट ने किया है।
द सुपर मारियो गैलेक्सी मूवी
2023 की सुपरहिट फिल्म का बहुप्रतीक्षित सीक्वल है। यह फिल्म ‘सुपर मारियो गैलेक्सी’ गेम से प्रेरित है और इसमें मारियो को अंतरिक्ष के रोमांचक सफर पर दिखाया जाएगा। फिल्म में क्रिस प्रैट और आन्या टेलर-जॉय के साथ ब्री लार्सन (रोसालिना) और डोनाल्ड ग्लोवर (योशी) जैसे नए कलाकार भी शामिल हैं।
द ड्रामा
क्रिस्टोफर बोर्गली द्वारा निर्देशित अमेरिकी ब्लैक कॉमेडी और रोमांटिक थ्रिलर फिल्म है। इसमें जेंडाया और रॉबर्ट पैटिनसन मुख्य भूमिकाओं में हैं, जो एक ऐसे जोड़े का किरदार निभा रहे हैं, जिनका रिश्ता शादी से कुछ दिन पहले गहरे रहस्यों के खुलने से बिखरने लगता है।
10 अप्रैल को रिलीज हो रही फिल्में
भूत बंगला
अक्षय कुमार का प्रियदर्शन के साथ रीयूनियन। तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल और राजपाल यादव के साथ हॉरर-कॉमेडी। हॉन्टेड हवेली की कहानी में हंसी और डर दोनों का मजा। अक्षय के कॉमिक टाइमिंग का कमाल देखने को मिलेगा।
डकैत- एक प्रेम कथा
शनील देव द्वारा निर्देशित तेलुगु एक्शन-रोमांस ड्रामा है। इसमें आदिवि शेष और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म प्रेम, विश्वासघात और बदले की एक गहन कहानी पेश करती है, जिसमें अनुराग कश्यप एक निडर पुलिस अधिकारी के रूप में नजर आएंगे। फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी में भी शूट की गई है।
ब्रोकन हारमनी
यह एक हॉरर-मिस्ट्री और रोमांटिक फिल्म है। यह एक ऐसे जोड़े की कहानी है, जो अपने सपनों का जीवन जीने के लिए एक नई जगह जाते हैं, लेकिन वहां उनके सामने कई काले रहस्य और अलौकिक (paranormal) घटनाएं सामने आने लगती हैं।
17 अप्रैल को आ रही फिल्में
ली क्रोनिन्स द ममी
ली क्रोनिन्स द ममी’ सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म है। प्रसिद्ध निर्देशक ली क्रोनिन द्वारा निर्देशित यह फिल्म ‘द ममी’ फ्रेंचाइजी का एक नया और डरावना रूपांतरण है। एक पत्रकार की बेटी रेगिस्तान में गायब हो जाती है और आठ साल बाद रहस्यमय तरीके से वापस लौटती है, जिससे परिवार का जीवन एक दुःस्वप्न बन जाता है। जैक रेनोर, लाइआ कोस्टा, वेरोनिका फाल्कन और मे कालामावी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
24 अप्रैल को आ रही फिल्में
गिन्नी वेड्स सनी 2
जी स्टूडियोज और सौंदर्या प्रोडक्शन द्वारा प्रस्तुत ‘गिनी वेड्स सनी 2’ का निर्माण विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल द्वारा किया गया है। प्रशांत झा द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर मुख्य भूमिकाओं में हैं। .
द वॉरड्रोब
‘द वॉरड्रोब’ सुपरनेचुरल हॉरर-थ्रिलर फिल्म है। सौरव चौबे द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रजनीश दुग्गल और दिव्या अग्रवाल मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह दिव्या अग्रवाल की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म है।
30 अप्रैल को आ रही फिल्में
पेड्डी
पेड्डी स्पोर्ट्स-एक्शन ड्रामा तेलुगु फिल्म है। बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राम चरण एक ग्रामीण खिलाड़ी (क्रिकेटर और पहलवान) के रूप में एक बेहद रफ और इंटेंस लुक में नजर आएंगे। राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा सहयोगी किरदारों में हैं।
कहानी 1980 के दशक के ग्रामीण आंध्र प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित, जहां एक साहसी ग्रामीण खेलों के माध्यम से अपने समुदाय के गौरव की रक्षा करता है। यह बहुप्रतीक्षित, बहुचर्चित पैन इंडिया फिल्म है, जो हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज होगी।

