मुंबई। Vijay Devarakonda Weds Rashmika Mandanna: तेलुगु सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता विजय देवरकोंडा और नेशनल क्रश के रूप में पहचानी जाने वाली रश्मिका मंदाना आखिरकार गुरुवार को हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गये। राजस्थान के उदयपुर में दोनों की शादी रीति-रिवाज के साथ सम्पन्न हुई, जिसमें परिजनों के अलावा करीबी दोस्त शामिल हुए।
रश्मिका ने एक प्यारे से नोट के जरिए शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कपल ने सुबह 10:10 बजे आईटीसी मेमेंटोस रिसॉर्ट में पारंपरिक तेलुगु रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न किया। शाम को रश्मिका की कोडावा (कोडागु) परंपराओं के अनुसार दूसरी शादी की रस्में भी पूरी हुईं।
आईटीसी मेमेंटोस उदयपुर शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर अरावली पहाड़ियों के बीच स्थित शानदार रिसॉर्ट है, जहां झील, विला और हेलीपैड जैसी सुविधाएं हैं। मेहमानों में संदीप रेड्डी वांगा, कल्याणी प्रियदर्शन, ईशा रेब्बा, थरुण भास्कर, आशिका रंगनाथ और ऋषभ शेट्टी जैसे नाम शामिल रहे।

प्री-वेडिंग से लेकर मुख्य मुहूर्त तक का सफर
पिछले दो दिनों में हल्दी, मेहंदी और संगीत समारोह का आयोजन हुआ। हल्दी में गार्डन थीम पर रंग खेला गया, जबकि संगीत में रश्मिका ने ‘पुष्पा 2’ का गाना ‘अंगारों’ पर डांस किया और विजय ने ‘गैंगनम स्टाइल’ पर जोरदार परफॉर्मेंस दी।
कपल ने ‘विरोश प्रीमियर लीग’ क्रिकेट मैच और अंताक्षरी नाइट भी आयोजित की। मुख्य तेलुगु विवाह में दुल्हन और दुल्हे दोनों भावुक हो गए। मंगलसूत्र, ताली और अन्य रस्में वेदिक मंत्रों के साथ संपन्न हुईं। शाम की कोडावा सेरेमनी में रश्मिका ने अपनी सास द्वारा दी गई पारंपरिक कोडावा साड़ी पहनी, जिसमें पीछे की तरफ प्लेट्स थीं।

विजय-रश्मिका की लव स्टोरी
रश्मिका और विजय की मुलाकात 2018 की ब्लॉकबस्टर फिल्म गीता गोविंदम के सेट पर हुई थी। दोनों ने स्क्रीन पर प्रेमी जोड़ी निभाई, जो असल जिंदगी में भी दोस्ती में बदल गई। 2019 में डियर कॉमरेड में फिर साथ काम किया। लगभग सात साल तक रिलेशनशिप को प्राइवेट रखने के बाद हाल ही में उन्होंने शादी की पुष्टि की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय के माता-पिता को बधाई पत्र भेजा। गीता गोविंदम की प्रोडक्शन हाउस गीता आर्ट्स ने फिल्म के वेडिंग सीन के साथ विश किया। कल्याणी प्रियदर्शन ने इसे अपनी “फेवरेट लव स्टोरी” बताया।

शादी के बाद कपल ने पैपराजी और स्थानीय लोगों के लिए मिठाई और भोजन का इंतजाम किया। सख्त नो-फोन पॉलिसी के कारण कोई अनऑथराइज्ड फोटो लीक नहीं हुई।
नवविवाहित जोड़ा जल्द ही स्क्रीन पर फिर साथ नजर आएगा– उनकी नई फिल्म रणबाली 11 सितंबर 2026 को रिलीज होगी। हैदराबाद में 4 मार्च को रिसेप्शन का आयोजन भी होने वाला है।

