मुंबई। Raja Shivaji Teaser: भारत के इतिहास को मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानियां देशवासियों को गौरवान्वित करती रही हैं। उनके किरदार और गाथाओं को कई बार बड़े पर्दे पर उतारा गया है। अब रितेश देशमुख शिवाजी महाराज की महागाथा लेकर आ रहे हैं, जिसकी पहली झलक टीजर के रूप में मंगलवार को जारी की गई।
शिवाजी और मुगलों के बीच जंग
फर्स्ट लुक टीजर में फिल्म के सभी किरदारों और कहानी का परिचय करवाया गया है। शिवाजी महाराज के जीवन का बड़ा हिस्सा मुगलों से युद्ध करते हुए बीता था और उनके खौफ ने मुगलों को दक्षिण भारत की ओर बढ़ने से रोककर रखा था।
शिवाजी ऐसे शासक और योद्धा रहे, जो अपने युद्ध कौशल के साथ रणनीति के लिए भी जाने गये। लगभग ढाई मिनट के टीजर में मुगल आक्रमणकारियों के अत्याचार और मराठों से लड़ाई के दृश्य शामिल किये गये हैं।
यह भी पढ़ें: Movies in Cinemas in April: पहले हफ्ते में जारी रहेगा ‘धुरंधर 2’ का कर्फ्यू, 10 अप्रैल से रिलीज होंगी हिंदी फिल्में!
सितारों से सजी है राजा शिवाजी
शिवाजी महाराज का किरदार खुद रितेश ने निभाया है, जबकि संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री, सचिन खेड़ेकर, संजय मांजरेकर, अमोल गुप्ते, बमन ईरानी, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी और जिनिलिया अहम किरदारों में नजर आएंगे।
राजा शिवाजी पहली मई को मराठी और हिंदी में रिलीज होगी। यह द्विभाषी फिल्म है, जिसका निर्माण मराठी और हिंदी में किया गया है। फिल्म का निर्देशन रितेश देशमुख ने किया है और इसका निर्माता उनकी पत्नी जिनिलिया देशमुख हैं, जिन्होंने जिओ स्टूडियोज के साथ मिलकर फिल्म बनाई है।
संगीत अजय-अतुल ने दिया है। सिनेमैटोग्राफी संतोष सिवान की है। फिल्म तेलुगु भाषा में भी रिलीज की जाएगी। फिल्म का टीजर लोगों को काफी पसंद आ रहा है और उन्होंने कमेंट करके इसकी तारीफ की है। हालांकि, फिल्म के तकनीकी पक्ष पर कुछ लोगों ने सवाल उठाये हैं।

