मुंबई। Karate Kid Legends: शाह रुख खान के बेटे आर्यन और अबराम खान की तर्ज पर अब अजय देवगन के बेटे युग देवगन अपनी आवाज के जरिए फिल्म डेब्यू करने जा रहे हैं। कराटे किड फ्रेंचाइजी की नई फिल्म कराटे किड लीजेंड्स से युग का डेब्यू होगा, जो इस महीने के अंत में रिलीज हो रही है।
ली फोंग की आवाज बने युग
इस फिल्म में अजय देवगन ने मिस्टर हान को आवाज दी है, जबकि युग ली फोंग की आवाज बने हैं। फिल्म में मिस्टर हान का किरदार जैकी चैन ने निभाया है, जबकि ली फोंग के रोल में बेन वांग हैं। खास बात यह है कि बेटे की तरह अजय का भी यह डेब्यू ही है।
अजय पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय फिल्म के लिए वॉइसओवर दे रहे हैं। कराटे किड लीजेंड्स 30 मई को अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें: Karate Kid Legends Trailer: नये कराटे किड के साथ लौट रहे लीजेंड्स लारूसो और मिस्टर हान
अजय और युग की रियल लाइफ का बॉन्ड फिल्म के केंद्रीय विषय, एक गुरु और उसके शिष्य के बीच के रिश्ते में भावनात्मक मूल्य जोड़ता है। फ्रैंचाइजी के लिए युग का जुनून, करिश्मा और आवाज का प्रभाव उन्हें भारतीय दर्शकों की नई पीढ़ी के लिए कराटे किड विरासत को आगे बढ़ाने के लिए एक उपयुक्त विकल्प बनाता है।
कल रिलीज होगा हिंदी ट्रेलर
अजय और युग की आवाज में फिल्म का हिंदी ट्रेलर बुधवार को मुंबई में लॉन्च किया जाएगा। इस दौरान अजय बेटे युग के साथ मौजूद रहेंगे। दोनों पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिल्म में साथ आये हैं।
गुरु-शिष्य की कहानी है Karate Kid Legends
न्यूयॉर्क शहर में सेट, कराटे किड: लीजेंड्स कुंग फू के प्रतिभाशाली ली फोंग की कहानी दिखाती है। वह एक नए स्कूल में एडजस्ट करने की कोशिश कर रहा है। वह एक स्थानीय कराटे चैंपियन के साथ एक मुकाबले में शामिल होता है। अपने शिक्षक हान (जैकी चैन) और महान डैनियल लारूसो (राल्फ मैकियो) के मार्गदर्शन में, ली आत्म-खोज, साहस और विकास की एक परिवर्तनकारी यात्रा पर निकलता है।
यह भी पढ़ें: Upcoming Hollywood Movies In 2025: ‘सुपरमैन’ से ‘अवतार 3’ तक, हॉलीवुड में रहेगा सीक्वल्स और रीमेक्स का बोलबाला
कराटे किड्स फ्रेंचाइजी की शुरुआत 1984 में राल्फ मैकियो के साथ ही हुई थी। उन्होंने फिल्म में लीड रोल निभाया था। कराटे किड लीजेंड्स (Karate Kid Legends), फ्रेंचाइजी की छठी फिल्म है। इसका निर्देशन जोनाथन एंट्विस्टल ने किया है। फिल्म में जैकी चैन, राल्फ मैकियो, बेन वॉन्ग के साथ जोशुआ जैक्सन, सैडी स्टैनली और मिंग-ना वेन प्रमुख किरदारों में हैं।