Amrit Gathayein: ‘मां वैष्णो देवी’ के बाद टी-सीरीज की नई AI सीरीज ‘अमृत गाथाएं’, यू-ट्यूब चैनल पर आएंगे एपिसोड्स

T-Series launches Amrit Gathayen made with AI. Photo- Screenshot

मुंबई। Amrit Gathayein: आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस टेक्नोलॉजी यानी कृत्रिम मेधा तकनीक धीरे-धीरे बॉलीवुड को अपनी गिरफ्त में ले रही है। माइक्रो ड्रामा से लेकर फीचर फिल्में और सीरीज पूरी तरह एआइ की मदद से विकसित की जा रही हैं। इनके लिए किसी कलाकार या फिल्ममेकिंग क्रू की जरूरत नहीं है। बस आपके पास एक कहानी होनी चाहिए, बाकी का काम एआइ पर छोड़ दीजिए।

कब और कहां देखें अमृत गाथाएं?

देश की प्रमुख संगीत और फिल्म निर्माण कम्पनी टी-सीरीज एआइ के क्षेत्र में कदम रख चुकी है। कुछ वक्त पहले कम्पनी ने एआइ से बनाई सीरीज मां वैष्णो देवी और उनकी अद्भुत गाथा रिलीज की थी। अब आध्यात्मिक कहानियों की नई पॉडकास्ट सीरीज अमृत गाथाएं लेकर आ रही है।

सीरीज का टीजर सोमवार को रिलीज किया गया। अमृत गाथाएं सीरीज का नया एपिसोड हर बुधवार और शनिवार को टी-सीरीज के भक्ति सागर यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा। इस सीरीज में भारत की समृद्ध आधायात्मिक विरासत को आधुनिक एआइ तकनीक के जरिए तैयार किया गया है।

यह भी पढ़ें: OTT Web Series in July 2026: ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से होगा राजकुमार हिरानी और बेटे का ओटीटी डेब्यू, देखें जुलाई के शोज पूरी लिस्ट

आने वाले AI प्रोजेक्ट्स

अजय देवगन की लेंस वॉल्ट स्टूडियोज ‘बाल तान्हाजी’ फिल्म का निर्माण जेनरेटिव AI से किया जा रहा है। इसमें कॉन्सेप्ट आर्ट, कैरेक्टर डिजाइन और बैटल सीक्वेंस AI टूल्स से तैयार किए जा रहे हैं। यह अजय देवगन की हिट फिल्म तान्हाजी की प्रीक्वल है।

एक खास प्रोजेक्ट ‘नाइशा’ देश की पहली AI-पावर्ड बॉलीवुड शॉर्ट फिल्म माना जा रहा है। यह 14 मिनट की रोमांटिक लव स्टोरी है, जिसमें पूरी तरह AI-जनरेटेड विजुअल्स का उपयोग किया गया है। फिल्म 15 जुलाई को OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है।

इसके अलावा, एक प्रोडक्शन हाउस हनुमान, कृष्ण, दुर्गा और काली जैसे देवी-देवताओं पर आधारित आठ AI-जनरेटेड फिल्में बनाने की योजना बना रहा है। जिओ हॉटस्टार पर महाभारत पर AI आधारित एपिसोडिक सीरीज पहले ही आ चुकी है।

AI के कारण छोटे बजट में बड़े स्तर के विजुअल्स संभव हो रहे हैं। भविष्य में पूरी तरह AI से बनी फीचर फिल्में भी बॉलीवुड में आने की संभावना है। हालांकि, कलाकारों की भूमिका और मौलिकता जैसे मुद्दे भी चर्चा में हैं। AI बॉलीवुड को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला साबित हो सकता है।