Allu Arjun: AA 22 में होश उड़ा देगा अल्लू अर्जुन का फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन, NTR Jr. के फिटनेस गुरु ने उठाई जिम्मेदारी

Allu Arjun starts preparation for AA 22. Photo- Instagram

मुंबई। Allu Arjun Transformation: पुष्पा 2 द रूल ने भारतीय सिनेमा में बॉक्स ऑफिस का इतिहास बदलकर रख दिया और इस फिल्म की सफलता ने अल्लू अर्जुन को पैन इंडिया स्टार के रूप में स्थापित कर दिया। हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इस तेलुगु फिल्म के बाद फैंस को अब इंतजार है अल्लू की अगली फिल्म का।

जाहिर है कि पुष्पा 2 की बेतहाशा कामयाबी ने अल्लू अर्जुन पर अपेक्षाओं का बोझ भी लाद दिया है। अब उन्हें इससे आगे निकलना होगा। इसके लिए अल्लू भरपूर मेहनत कर रहे हैं।

AA 22 में दिखेगा अल्लू का फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन

अल्लू की अगली फिल्म का वर्किंग टाइटल एए 22 है, जिसे एटली निर्देशित कर रहे हैं। एटली तमिल सिनेमा के बेहद कामयाब निर्देशक हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलताओं के लिए जाने जाते हैं।

एटली की पिछली फिल्म जवान है, जिसमें शाह रुख खान ने लीड रोल निभाया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी और पुष्पा 2 के बाद हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी सफलता है।

अल्लू (Allu Arjun) एटली की फिल्म के लिए अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने इंटरनेशनल सेलिब्रिटी फिटनेस कोच लॉयड स्टीवंस के साथ हाथ मिलाया है।

हाल ही में लॉयड ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर बिहाइंड-द-सीन झलकियां शेयर कीं, जिसमें एक फोटो अल्लू अर्जुन के पर्सनल व्यू से ली गई थी इस तस्वीर में उनके बर्न किए गए कैलोरीज़ का ट्रैक दिख रहा था।

यह भी पढ़ें: War 2 Teaser: एनटीआर जूनियर के जन्मदिन पर रिलीज हुआ वॉर 2 का टीजर, ऋतिक रोशन के साथ कांटे की टक्कर

लॉयड अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) से पहले जूनियर एनटीआर, रणवीर सिंह और महेश बाबू के फिटनेस कोच भी रहे हैं। आरआरआर में एनटीआर जूनियर के फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन के पीछे स्टीवंस ही हैं।

अप्रैल में हुई फिल्म की घोषणा

AA 22 एटली की पहली तेलुगु फिल्म है। फिल्म को लेकर अबी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म की घोषणा अप्रैल में की गई थी। इस फिल्म के लिए निर्माताओं ने लॉस एंजिल्स की बड़ी वीएफएक्स कम्पनी से हाथ मिलाया है। एए22 अल्लू और एटली, दोनों के लिए ही एक बेहद अहम प्रोजेक्ट है।