The Bengal Files: विवेक अग्निहोत्री ने बदला ‘द दिल्ली फाइल्स’ का टाइटल, नये नाम से कहीं हो ना जाए बवाल!

Vivek Agnihotri changes title of The Delhi Files. Photo- Instagram

मुंबई। The Bengal Files: द ताशकंद फाइल्स और द कश्मीर फाइल्स के बाद विवेक अग्निहोत्री ने द दिल्ली फाइल्स फिल्म की घोषणा की थी। विवेक की यह फिल्म इसलिए चर्चा में रही है, क्योंकि दर्शकों के एक तबके को उम्मीद है कि द कश्मीर फाइल्स की तरह यह भी राजनीतिक टिप्पणी करेगी।

फिल्म के टाइटल से ऐसा लगता था कि विवेक दिल्ली की सियासी सरपरस्ती के मद्देनजर सामाजिक मुद्दों को एड्रेस करेंगे, मगर रिलीज से कुछ महीनों पहले विवेक ने फिल्म को लेकर विमर्श का रुख ही मोड़ दिया है। वजह है इसका नया टाइटल।

द दिल्ली फाइल्स हुई द बंगाल फाइल्स

विवेक की यह फिल्म अब द दिल्ली फाइल्स के बजाय द बंगाल फाइल्स (The Bengal Files) के नाम से रिलीज होगी। अगर, टाइटल के हिसाब से चलें तो विवेक के निशाने पर दिल्ली नहीं ममता बनर्जी का पश्चिम बंगाल है। सोशल मीडिया में कई यूजर्स ने उस वक्त विवेक के बंगाल फाइल्स बनाने की गुजारिश भी की थी, मगर यह नहीं पता था कि द दिल्ली फाइल्स को ही विवेक बंगाल फाइल्स में बदल देंगे।

यह भी पढ़ें: Dhanush’s Look From Tere Ishk Mein: ‘तेरे इश्क में’ से लीक हुआ धनुष का नया लुक, फौजी अवतार में दिखे एक्टर

विवेक ने लोगों से पूछी थी राय

विवेक ने नये टाइटल की घोषणा मंगलवार को की। हालांकि, इसके संकेत उन्होंने कुछ दिन पहले से ही देना शुरू कर दिया था। 7 जून को उन्होंने सोशल मीडिया में अपनी एक फोटो पोस्ट की थी, जिसमें एक पोस्टर दिख रहा था। इस पोस्टर पर लिखा था- हू लिव्स इफ बंगाल डाइज यानी अगर बंगाल मरता है तो जिंदा कौन रहेगा?

इसके साथ उन्होंने लिखा था- आप में से कई लोगों ने नाम पर अपने विचार साझा किये- द दिल्ली फाइल्स और द बंगाल फाइल्स? मेरे पास अपडेट है, लेकिन फिलहाल नहीं। बने रहिए।

नये टाइटल पर ना हो जाए बवाल?

इसी साल 26 जनवरी को विवेक ने द दिल्ली फाइल्स का टीजर रिलीज किया था, जिसमें मिथुन चक्रवर्ती के किरदार को संविधान की प्रस्तावना अंग्रेजी में कहते हुए दिखाया गया था। इस टीजर को काफी पसंद किया गया था।

फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होने वाली थी। हालांकि, टाइटल के साथ फिल्म की रिलीज डेट भी बदल दी गई है। द बंगाल फाइल्स (The Bengal Files) 5 सितम्बर को रिलीज होगी। 12 जून को इसका टीजर 12 बजे रिलीज किया जाएगा।

फिल्म का टाइटल बदलने से अब इसको लेकर बवाल की आशंका भी बढ़ गई है। विवेक जिस तरह से अपनी फिल्मों में एक खास विचारधारा के पक्ष में या विपक्ष में नैरेटिव सेट करते हैं, उससे पश्चिम बंगाल में इसका विरोध हो सकता है। बता दें, पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

विवेक की फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लेकर भी काफी विरोध हुआ था। इस पर प्रोपैगंडा फिल्म होने के आरोप लगे थे। द बंगाल फाइल्स में मिथुन चक्रवर्ती के साथ अनुपम खेर, पुनीत इस्सर, गोविंद नामदेव, पल्लवी जोशी, पालोमी घोष और मोहन कपूर अहम किरदारों में हैं।