Kali Shakti Song Out: जब-जब खड़ा होगा दैत्य, सर्वनाश करेगी मां… उषा उत्थुप की आवाज में रिलीज हुआ फिल्म का गाना

Maa box office collection Day 1. Photo- Instagram

मुंबई। Kali Shakti Song Out: अजय देवगन की माइथोलॉजिकल हॉरर थ्रिलर फिल्म के सिलसिले को आगे बढ़ा रही है उनकी अगली फिल्म मां, जिसमें अजय के बेटर हाफ काजोल ने लीड रोल निभाया है। काजोल पहली बार किसी हॉरर फिल्म का हिस्सा बनी हैं।

मंगलवार को फिल्म का गाना काली शक्ति रिलीज हुई। यह ऊर्जा में लिपटा डांस डिवोशनल सॉन्ग है, जो मां काली को समर्पित है।

क्रोध और आवेश में लिपटा Kali Shakti गाना

गाना काजोल पर फिल्माया गया है, जो नृत्य की अलग-अलग मुद्राएं दिखा रही हैं। गाने को उषा उत्थुप ने आवाज दी है, जो गाने के मिजाज पर फिट बैठती है।

गाने की बीट्स तेज रफ्तार हैं और काजोल बीट्स के अनुरूप स्टेप्स में ऊर्जा भरती हैं। गाने की पृष्ठभूमि में काली मां की प्रतिमा है और सिंदूर-गुलाल के बादलों के बीच काजोल के साथ कई नर्तक नृत्य कर रहे हैं। उनकी भाव-मुद्राओं में कभी क्रोध है, कभी आवेश।

काली शक्ति गीत नारी सशक्तिकरण और बुराई के प्रति इंसान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हर्ष आशा उपाध्याय ने इसका संगीत दिया है। प्रणव सुनीता वत्स ने लिरिक्स लिखे हैं।

यह भी पढ़ें: Durga Puja Inspired MAA: दुर्गा पूजा में काजोल का पंडाल विजिट बना ‘मां’ की प्रेरणा, 10 दिनों में लिखी फिल्म की स्क्रिप्ट

मां एक मां की कहानी है, जो एक श्राप को तोड़ने के लिए खुद मां काली की तरह बन जाती है। फिल्म में काजोल के साथ इंद्रनील सेनगुप्ता, खेरीन शर्मा और रॉनित रॉय अहम किरदारों में दिखेंगे।

विशाल रेवंती फुरिया निर्देशित मां का निर्माण अजय देवगन फिल्म्स ने जिओ स्टूडियोज के साथ मिलकर किया है। कुमार मंगत सह निर्माता हैं। फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: MAA Movie: काजोल नहीं… काजोल तनुजा देवगन, मां के क्रेडिट रोल में क्यों बदले गये कास्ट एंड क्रू के नाम?

काजोल की बड़े पर्दे पर वापसी

अजय शैतान फिल्म के बाद अपना माइथोलॉजिकल हॉरर यूनिवर्स बना रहे हैं, जिसकी दूसरी फिल्म मां है। काजोल इस फिल्म के जरिए 3 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रही हैं।

सिनेमाघरों में उनकी आखिरी फिल्म सलाम वेंकी है। पिछले साल काजोल ओटीटी पर रिलीज हुई दो पत्ती में पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आई थीं, जिसमें कृति सेनन ने लीड रोल निभाया था। कृति ने इस फिल्म से बतौर प्रोड्यूसर डेब्यू किया है।