Salman Khan: इस फिल्म में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम से प्रेरित था सलमान का लुक, कपिल शर्मा शो में खोला राज

Salman Khan in The Great Indian Kapil Show. Photo- Instagram

मुंबई। Salman Khan: सलमान खान ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक किरदार निभाया है। उनके कुछ किरदार ऐसे हैं, जो आज भी याद किये जाते हैं। ऐसा ही एक किरदार है राधे मोहन, जो उन्होंने 2003 की फिल्म तेरे नाम में निभाया था। यह फिल्म सलमान खान के उम्दा अभिनय के लिए याद की जाती है।

खूब चर्चा में रहा सलमान का लुक

दिवंगत सतीश कौशिक निर्देशित इस फिल्म में उनका लुक काफी चर्चित रहा था। सलमान फिल्म में दो लुक्स में नजर आये थे। एक लम्बे चेहरे पर लटकते बाल और दूसरा लगभग बॉल्ड, जब वो मानसिक रूप से बीमार हो जाते हैं।

सलमान का लम्बे बालों वाला लुक इतना लोकप्रिय हुआ था कि उस दौर में छोटे शहर-कस्बों में यह युवाओं का हेयरस्टाइल बन गया था। अब सलमान ने इस लुक के पीछे की प्रेरणा के बारे में बताया है।

द ग्रेट इंडियन कपिल शो में सलमान ने खुलासा किया कि उनका यह लुक देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के हेयर स्टाइल से प्रेरित था। सलमान ने बताया- ये जो तेरे नाम का लुक है, वो एक्चुली इंस्पायर्ड था अब्दुल कलाम साहब से और उस दौर में राहुल रॉय का भी सेम हेयर स्टाइल था।

मैंने सोचा, जो स्मॉल टाउन हीरो होता है ना, उनके हमेशा लम्बे बाल होते हैं। पुराने जमाने के सभी हीरो लम्बे बाल रखते थे तो वहां से आया था।

यह भी पढ़ें: Netflix Show Final Seasons: इन शोज का गिर जाएगा पर्दा, तारीख नोट कर लीजिए- कब आ रहे फिनाले एपिसोड्स?

आज शुरू हो रहा है The Great Indian Kapil

द ग्रेट इंडियन कपिल शो आज (शनिवार) को शाम 8 बजे से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकेगा। शो के ओपनिंग एपिसोड में सलमान खान खास मेहमान बनकर आ रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर शो का यह तीसरा सीजन है। इस बार नवजोत सिंह सिद्धू भी शो में अर्चना पूरन सिंह के साथ स्पेशल मेहमान के रूप में दिखेंगे।

शो की थीम इस बार हर फनीवार बढ़ेगा हमारा परिवार है, यानी हर नये एपिसोड में कुछ ना कुछ नया देखने को मिलेगा। कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक और सुनील ग्रोवर भी शो में वापसी कर रहे है।