War 2: ऋतिक रोशन-जूनियर एनटीआर की फिल्म के नये पोस्टर जारी, अपने लुक से कियारा आडवाणी ने फिर लूट ली महफिल

Kiara Advani first look from War 2 Out. Photo- Instagram

मुंबई। War 2: साल 2025 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल वॉर 2 का ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो 50 दिन बाद खत्म होगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हो रही फिल्म को लेकर अपडेट आया है।

वॉर 2 आइमैक्स फॉर्मेट में भी रिलीज की जाएगी। यशराज फिल्म्स ने इस जानकारी के साथ मुख्य किरदारों पर नये पोस्टर्स रिलीज किये हैं। फिल्म की फीमेल लीड कियारा आडवाणी का लुक पहली बार सामने आया है, जिससे लगता है कि कियारा सिर्फ हुस्न से ही नहीं, बल्कि बंदूक से भी कत्ल करेंगी।

नये कैरेक्टर पोस्टर्स हुए जारी

यशराज फिल्म्स के यशराज स्पाइ यूनिवर्स की छठी फिल्म है वॉर 2, जिसकी शुरुआत सलमान खान की एक था टाइगर के साथ हुई थी। इसके बाद टाइगर जिंदा है, वॉर, टाइगर 3 और पठान आ चुकी हैं। वॉर का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया था, जिन्होंने पठान भी निर्देशित की।

वॉर के निर्देशक अयान मुखर्जी हैं। यह उनकी पहली हाइ ओक्टेन एक्शन फिल्म है। ऋतिक और जूनियर एनटीआर पोस्टर पर कुछ उसी अंदाज में दिख रहे हैं, जैसा टीजर में नजर आये थे।

वॉर फिल्मों में ऋतिक रोशन मेजर कबीर धालीवाल का किरदार निभाते हैं, जो एक रॉ एजेंट है। आशुतोष राणा कर्नल सुनील लूथरा के रोल में हैं, जो रॉ का ज्वाइंट सेक्रेट्री है। 2019 में आई वॉर ने 300 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया था।

पहली बार सामने आया कियारा का लुक

अलबत्ता, कियारा आडवाणी का लुक जरूर नया है। टीजर में कियारा के बिकिनी लुक पर फोकस किया गया था, जो वायरल भी हुआ। पोस्टर पर उनका स्पाइ लुक नजर आ रहा है। ब्लैक स्किन टाइट पैंट और स्पोर्ट्स ब्रा के ऊपर लम्बा ओवरकोट।

हाथ में निशाना साधने के लिए तैयार पिस्तौल और हवा में उड़ते बाल। इस पोस्टर के साथ लिखा गया है- वो फुर्तीली, घातक और लक्ष्य भेदने के लिए तैयार है।

यह भी पढ़ें: War 2 Kiara Advani Bikini Look: कैसे बना कियारा आडवाणी का हॉट बिकिनी लुक? डिजाइनर ने खोले राज

आइमैक्स फॉर्मेट में देखें वॉर 2

यशराज बैनर की फिल्म को दुनियाभर में बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारियां हैं। स्पाइ फिल्म 14 अगस्त को आइमैक्स फॉर्मेट में भी बड़े पर्दे पर उतरेगी। भारत के साथ फिल्म उत्तर अमेरिका, मिडिल ईस्ट, यूके और यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया में आइमैक्स सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

वॉर 2 (War 2) हिंदी के साथ तेलुगु और तमिल भाषाओं में सिनेमाघरों रिलीज होगी।