मुंबई। Son Of Sardaar 2 Teaser Out: अजय देवगन एक बार जस्सी बनकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। 2012 की हिट एक्शन-कॉमेडी सन ऑफ सरदार का सीक्वल सन ऑफ सरदार 2 अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म के पोस्टर्स के बाद अब इसका पहला टीजर जारी कर दिया गया है।
मिलिए, Son Of Sardaar 2 के किरदारों से
ढोल-नगाड़ों के संगीत पर टीजर में सभी प्रमुख किरदारों का परिचय करवाया गया है। अजय देवगन जस्सी, मृणाल ठाकुर राबिया, रवि किशन राजा, नीरू बाजवा डिम्पल, मुकुल देव टोनी, विंदू दारा सिंह टीटू, अश्विनी कालसेकर प्रेम लता, संजय मिश्रा बंटू पांडेय, चंकी पांडेय दानिश, कुब्रा सैत महविश के किरदार में हैं।
इस बार फिल्म की कहानी पंजाब से स्कॉटलैंड पहुंच गई है। पंजाब में बचा जस्सी क्या स्कॉटलैंड में बच पाएगा, यही सन ऑफ सरदार 2 की थीम है। फिल्म का निर्माण अजय देवगन ने जिओ स्टूडियोज के साथ किया है। विजय कुमार अरोड़ा निर्देशक हैं। फिल्म 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अजय देवगन के साथ मृणाल ठाकुर पहली बार पर्दे पर आ रही हैं। 2025 में मृणाल की यह पहली रिलीज फिल्म भी है।
बात करें अजय देवगन की तो इस साल उनकी पहली फिल्म आजाद थी, जिसमें उन्होंने कैमियो किया था। इस फिल्म से अजय के भांजे अमन देवगन और रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी ने डेब्यू किया।
अजय की दूसरी रिलीज रेड 2 थी, जो एक मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। सन ऑफ सरदार 2 उनकी तीसरी फिल्म है। संयोग से यह भी सीक्वल फिल्म है।
परिवारों की दुश्मनी पर बनी थी सन ऑफ सरदार
सन ऑफ सरदार की कहानी दो परिवारों की दुश्मनी पर आधारित थी। संजय दत्त ने फिल्म में बिल्लू का किरदार निभाया था, जिसने जस्सी को मारने की सौगंध ली है। अपने दोनों भाइयों टीटू और टोनी के साथ वो उसकी तलाश कर रहा है। क्लाइमैक्स में बिल्लू और जस्सी के बीच दुश्मनी खत्म हो जाती है। अश्विनी धीर ने फिल्म का निर्देशन किया था। सोनाक्षी सिन्हा फीमेल लीड थीं।