मुंबई। Upcoming Bollywood Movies In July: हिंदी सिनेमा के लिए जून का महीना ठीकठाक ही माना जाएगा। अक्षय कुमार की हाउसफुल 5 और आमिर खान की तारे जमीन पर जून की सबसे बड़ी रिलीज थीं और दोनों ने ही बॉक्स ऑफिस पर संतोषजनक प्रदर्शन किया है।
अब जून के आखिरी शुक्रवार को मां रिलीज हो रही है, जिसे अजय देवगन ने प्रो़ड्यूस किया है और काजोल ने मुख्य भूमिका निभाई है। इस फिल्म से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। जून तो जैसे-तैसे निकलने वाला है, अब जुलाई का इंतजार है।
बॉक्स ऑफिस के लिए जुलाई का महीना जोरदार रहने वाला है। हर हफ्ते कोई ना कोई अहम फिल्म आ रही है। हालांकि, जुलाई की सबसे बड़ी रिलीज अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2 ही होगी, जिससे बड़े कलेक्शन की उम्मीद रहेगी।
अब देखना यह है कि यह फिल्में अपने प्रमोशंस में सिर्फ गरजेंगी या बॉक्स ऑफिस पर बरसेंगी भी। आइए, आपको जुलाई की पूरी लिस्ट (Upcoming Bollywood Movies In July) बताते हैं, कौन सी फिल्म कब रिलीज हो रही है और क्या स्टार कास्ट है, सारी जानकारी एक ही जगह, ताकि आपको कहीं और ना ढूंढना पड़े।
मेट्रो… इन दिनों
- रिलीज डेट: 4 जुलाई
- कलाकार: आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, अली फजल, फातिमा सना शेख, अनुपम खेर, नीना गुप्ता आदि।
- निर्देशक: अनुराग बसु
- निर्माता: भूषण कुमार
मेट्रो… इन दिनों एक तरह से एंथोलॉजी फिल्म है, जिसमें अलग-अलग लोगों की कहानियां किसी एक तार से जुड़ी रहती हैं। इसमें भी अलग-अलग उम्र और वर्ग के अलग-अलग जोड़ों की प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी। शहर इन कहानियों में एक किरदार की तरह है, जो रिश्तों की कमजोरी, गरमाहट और भरोसे के लिए जिम्मेदार है।
यह भी पढ़ें: War 2: ऋतिक रोशन-जूनियर एनटीआर की फिल्म के नये पोस्टर जारी, अपने लुक से कियारा आडवाणी ने फिर लूट ली महफिल
मालिक
- रिलीज डेट: 11 जुलाई
- कलाकार: राजकुमार राव, मानुषी छिल्लर आदि।
- निर्देशक: पुलकित
- निर्माता: कुमार तौरानी
यह एक एक्शन-एंटरटेनर है, जो समाज के हाशिए से उठकर गैंगों की दुनिया पर राज करने वाले एक व्यक्ति की कहानी दिखाती है। राजकुमार राव गैंगस्टर के किरदार में हैं, जबकि मानुषी छिल्लर उनकी प्रेमिका बनी हैं। हुमा कुरैशी ने फिल्म में आइटम डांस किया है।
आँखों की गुस्ताखियाँ
- रिलीज डेट: 11 जुलाई
- कलाकार: विक्रांत मैसी, शनाया कपूर
- निर्देशक: संतोष सिंह
- निर्माता: मानसी बागला, वरुण बागला
इस रोमांटिक फिल्म से शनाया कपूर डेब्यू कर रही हैं। यह प्यार में खुद को समर्पित करने की कहानी है, जो मशहूर लेखक रस्किन बॉन्ड की शॉर्ट स्टोरी द आइज हैव इट से प्रेरित है। विक्रांत नेत्रहीन म्यूजिशियन बने हैं, जबकि शनाया थिएटर आर्टिस्ट हैं। शनाया, संजय कपूर और महीप संधू की बेटी हैं।
सैयारा
- रिलीज डेट: 11 जुलाई
- कलाकार: अहान पांडेय, अनीत पड्डा
- निर्देशक: मोहित सूरी
- निर्माता: यशराज फिल्म्स
सैयारा जुलाई की एक अहम रिलीज है, क्योंकि इस फिल्म से चंकी पांडेय के भतीजे फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। उनके साथ अनीत पड्डा हैं, जो आई तो ओटीटी की दुनिया से हैं, मगर लीड रोल में पहली बार हैं। यह युवा प्रेम कहानी है, जिसमें बगावत और जुनून है।
तन्वी द ग्रेट
- रिलीज डेट: 18 जुलाई
- कलाकार: शुभांगी, अनुपम खेर, जैकी श्रॉफ, इयान ग्लेन, बमन ईरानी, अरविंद स्वामी, पल्लवी जोशी, करन टैकर, नासर आदि।
- निर्देशक: अनुपम खेर
- निर्माता: अनुपम खेर, एनफीडीसी
यह अनुपम खेर की डायरेक्टोरियल फिल्म है, जो ऑटिज्म की शिकार लड़की की प्रेरणादायक कहानी है। लड़की अपने दिवंगत पिता के सपने को पूरा करने के लिए सियाचिन ग्लेशियर पर राष्ट्रीय ध्वज को सलाम करने निकलती है।
निकिता रॉय एंड द बुक ऑफ डार्कनेस (Nikita Roy and the Book of Darkness)
- रिलीज डेट: 18 जुलाई
- कलाकार: सोनाक्षी सिन्हा, अर्जुन रामपाल, परेश रावल, सुहैल नय्यर आदि
- निर्देशक: कुश सिन्हा
- निर्माता: निक्की भगनानी, विक्की भगनानी
‘निकिता रॉय एंड द बुक ऑफ डार्कनेस’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है, जो रहस्य, मानसिक तनाव और मानव मन की गहराइयों की पड़ताल करती है। सोनाक्षी सिन्हा द्वारा अभिनीत निकिता रॉय की कहानी धारणा और वास्तविकता के बीच की नाजुक सीमा को उजागर करती है। कुश सिन्हा के निर्देशन में बनी यह उनकी पहली फिल्म है।
सन ऑफ सरदार 2
- रिलीज डेट: 25 जुलाई
- कलाकार: अजय देवगन, मृणाल ठाकुर, नीरू बाजवा, रवि किशन, चंकी पांडेय, मुकुल देव, विंदू दारा सिंह आदि।
- निर्देशक: विक्रम कुमार अरोड़ा
- निर्माता: अजय देवगन
2012 की सीक्वल में अजय देवगन के जस्सी के किरदार में लौटेंगे, जो पंजाब के बाद स्कॉटलैंड में जाकर धमाचौकड़ी मचाता है। फिल्म में कॉमेडी, ड्रामा और एक्शन का फ्लेवर देखने को मिलेगा। अजय की इस साल तीसरी रिलीज फिल्म होगी।
परम सुंदरी
- रिलीज डेट: 25 जुलाई
- कलाकार: सिद्धार्थ मल्होत्रा, जाह्नवी कपूर
- निर्देशक: तुषार जलोटा
- निर्माता: दिनेश विजन
इस फिल्म में सिद्धार्थ और जाह्नवी पहली बार साथ आ रहे हैं। यह दो अलग सामाजिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की प्रेम कहानी है।