Sitaare Zameen Par Box Office Day 8: आठवें दिन आमिर खान की सातवीं हाइएस्ट ग्रॉसर बनी SZP, 100 करोड़ क्लब में एंट्री आज?

Sitaare Zameen Par box office collection day 8. Photo- Instagram

मुंबई। Sitaare Zameen Par Box Office Day 8: शंकाओं और आशंकाओं के बीच रिलीज हुई आमिर खान की फिल्म सितारे जमीन पर ने आखिरकार उस पड़ाव की ओर कदम बढ़ा ही दिये हैं, जिसकी शुरुआत कभी उनकी फिल्म गजनी के साथ हुई थी। उम्मीद है कि आज शनिवार के कलेक्शंस के बाद सितारे जमीन पर 100 करोड़ क्लब में दाखिल हो जाएगी।

आठ दिनों में 95 करोड़ कलेक्शन

शुक्रवार को रिलीज के आठवें दिन तक फिल्म 95.13 करोड़ का नेट कलेक्शन (Sitaare Zameen Par Box Office Day 8) कर चुकी है। सितारे जमीन पर को 100 करोड़ के लिए अब 4.87 करोड़ की ही दरकार है।

फिल्म के अभी तक के ट्रेंड को देखते हुए यह रकम शनिवार को मिलना कोई बड़ी बात नहीं है। सितारे जमीन पर, अगर आज 100 करोड़ का पड़ाव पार लेती है तो यह आमिर के करियर की सातवीं फिल्म होगी, जिसने कम से कम 100 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है।

आमिर के टॉप 10 बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस की लिस्ट में भी सितारे जमीन पर फिलहाल सातवें स्थान पर ही है। शुक्रवार को कलेक्शन के बाद इसने 2012 की तलाश को पीछे छोड़कर यह पोजिशन हासिल की है।

यह भी पढ़ें: Maa Box Office Day 1: काजोल को पहले दिन मिला ‘मां’ का आशीर्वाद, मिली करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग

आमिर खान की टॉप 10 फिल्में

आमिर की पहली 100 करोड़ी फिल्म गजनी है, जो 2008 में आई थी। यह भारतीय सिनेमा की भी पहली 100 करोड़ नेट कलेक्शन करने वाली फिल्म है। दिलचस्प बात यह है कि गजनी, तमिल फिल्म का आधिकारिक रीमेक थी, जिसे एआर मुरुगदास ने निर्देशित किया है।

सितारे जमीन पर स्पेनिश फिल्म का ऑफिशियल रीमेक है। फिल्म की मौजूदा गति को देखते हुए कहा जा सकता है कि यह गजनी के लाइफ टाइम कलेक्शन को तो पीछे छोड़ ही देगी।

1- दंगल- 387.38 करोड़ (2016)

2- पीके- 340.80 करोड़ (2014)

(300 करोड़ क्लब में पहली फिल्म)

3- धूम 3- 284.27 करोड़ (2013)

4- 3 इडियट्स- 202.95 करोड़ (2009)

(200 करोड़ क्लब में पहली फिल्म)

5- ठग्स ऑफ हिंदोस्तान- 151.19 करोड़ (2018)

6- गजनी- 114 करोड़ (2008)

(100 करोड़ क्लब में पहली फिल्म)

7- सितारे जमीन पर- 95.13 करोड़ (2025)

8- तलाश- 93.40 करोड़ (2012)

9- तारे जमीन पर- 61.83 करोड़ (2007)

10- लाल सिंह चड्ढा- 58.73 करोड़ (2022)

पहले हफ्ते में कुछ यूं रहा Sitaare Zameen Par का सफर

20 जून को रिलीज हुई सितारे जमीन पर ने 10.70 करोड़ की ओपनिंग ली थी। ओपनिंग वीकेंड में फिल्म ने 57.30 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। फिल्म ने वर्किंग डेज में अपनी रफ्तार समान बनाये रखी, जिससे पहले हफ्ते में 88.46 करोड़ जमा करने में सफल रही।

पहला हफ्ता:

  • Day 1: 10.70 करोड़ (ओपनिंग)
  • Day 2: 19.90 करोड़
  • Day 3: 26.70 करोड़

ओपनिंग वीकेंड: 57.30 करोड़

  • Day 4: 8.50 करोड़
  • Day 5: 8.60 करोड़
  • Day 6: 7.51 करोड़
  • Day 7: 6.55 करोड़

फर्स्ट वीक कलेक्शन: 88.46 करोड़

दूसरा हफ्ता:

  • Day 8: 6.67 करोड़

दूसरे हफ्ते में सितारे जमीन पर को काजोल की मां से कड़ी टक्कर मिलने की सम्भावना है, जो कल (शुक्रवार) को रिलीज हुई है और फिल्म ने पहले दिन 4.50 करोड़ के आसपास कलेक्शन किया है, जो फिल्म को ठोस शुरुआत देता है। अगर, मां के कलेक्शन शनिवार और रविवार को बढ़ते हैं, इसका सीधा असर सितारे जमीन पर पड़ेगा।