मुंबई। Shefali Jariwala Asthi Visarjan: शेफाली जरीवाला के आकस्मिक निधन ने उनके पति पराग त्यागी को तोड़कर रख दिया है। अंतिम यात्रा के दौरान पराग बदहवास दिखे, जैसे यकीन नहीं हो रहा कि पत्नी जा चुकी हैं। अंतिम संस्कार से पहले पराग ने फर्श पर बेजान पड़ी शेफाली के माथे को चूमकर आखिरी विदाई दी थी।
इस दृश्य ने कई आंखों को नम कर दिया था। गम कितना भी बड़ा हो, वक्त नहीं रुकता। शनिवार शाम को अंतिम संस्कार के बाद रविवार दोपहर को शेफाली का अस्थि विसर्जन किया गया।
समंदर में किया गया अस्थि विसर्जन
ओशिवरा श्मशान गृह से पत्नी की अस्थियों को सीने से लगाये पराग की रुलाई फूट पड़ी। मगर, यह वक्त शेफाली को हमेशा के लिए अलविदा कहने का है। पराग ने एक्ट्रेस के परिजनों के साथ समंदर में अस्थियां विसर्जित कीं।
शेफाली चली गईं, मगर अपनों के लिए समंदर जैसा अथाह खालीपन छोड़ गईं।
यह भी पढ़ें: Shefali Jariwala Death: ‘पूरी तरह टूट गया हूं…’, एक्स हस्बैंड म्यूजिक डायरेक्टर हरमीत सिंह ने लिखा भावुक नोट
कांटा लगा गर्ल बनकर यादों में जिंदा
शेफाली ने भले ही ज्यादा फिल्में या टीवी ना किया हो, मगर वो फैंस के बीच से कभी गैरहाजिर नहीं रहीं। सोशल मीडिया के जरिए अपनी बातों के जरिए वो हमेशा मौजूद रहीं। कांटा लगा गर्ल बनकर वो यादों में पैबस्त हो गईं।
शायद इसीलिए शेफाली के आकस्मिक निधन से एक पूरी पीढ़ी को धक्का लगा है, जो 2002 में उनके ओवरनाइट स्टारडम की गवाह रही है। शेफाली को अंतिम विदाई देने के लिए उनके कई साथी पहुंचे थे।
सभी काफी भावुक नजर आए। विकास पाठक यानी हिंदुस्तानी भाऊ को शेफाली राखी बांधती थीं। विकास अपने आंसू नहीं रोक सके। सिंगर सुनिधि चौहान को रोते हुए देखा गया। बिग बॉस 13 में शेफाली ने इतने दोस्त बनाये, सबकी आंखें डबडबा गईं।
जवाबों की तलाश में पुलिस
शेफाली चली गईं, मगर कुछ सवाल छोड़ गई हैं। उम्मीद है कि वक्त के साथ जांच कर रही मुंबई पुलिस उनके जवाब तलाश लेगी। फिट और अनुशासित जीवन जीने वाली शेफाली को कार्डियक अरेस्ट क्यों आया? इसक जवाब इसलिए भी आना जरूरी है, ताकि लोगों का डर दूर हो सके।
पिछले कुछ सालों में जिस तरह कम आयु के पुरुष और महिलाओं की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो रही है, उसने सोचने के लिए मजबूर तो कर ही दिया है। बिग बॉस 13 में शेफाली के साथी और विजेता सिद्धार्थ शुक्ला 2021 में 40 की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से दिवंगत हुए थे।
यह भी पढ़ें: क्यों आया Shefali Jariwala को कार्डियक अरेस्ट? पुलिस की तफ्तीश जारी, सामने आईं कुछ अहम बातें