Housefull 5 Box Office Day 25: मेकर्स का दावा 200 करोड़ के पार हुई ‘हाउसफुल 5’, अक्षय के करियर की तीसरी डबल सेंचुरी

Housefull 5 box office collection 25 Days. Photo- X

मुंबई। Housefull 5 Box Office Day 25: अक्षय कुमार की फिल्म हाउसफुल 5 को निर्माता नाडियाडवाला ग्रैंडसन ने दावा किया है कि फिल्म 200 करोड़ के पार हो गई है, जबकि वर्ल्डवाइड फिल्म 300 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। प्रोडक्शन कम्पनी ने यह सूचना अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स के जरिए जारी की।

हालांकि, हाउसफुल 5 के 200 करोड़ क्लब में एंट्री पर कई यूजर्स ने सवाल उठाये हैं। इसकी वजह है फिल्म के आंकड़ों में इनकंसिस्टेंसी। दरअसल, निर्माताओं ने तीन हफ्ते यानी 21 दिनों तक हर रोज आंकड़े सोशल मीडिया में शेयर किये थे, मगर उसके बाद प्रतिदिन के आंकड़े देना बंद कर दिया।

वीकेंड में जारी नहीं किये कलेक्शंस

चौथे वीकेंड (27-29 जून) में भी आंकड़े जारी नहीं किये गये, जबकि वीकेंड किसी भी फिल्म के लिए बेहद अहम होता है। आम तौर पर फिल्मों के कलेक्शंस बढ़ते हैं और निर्माता पब्लिसिटी के लिए इन्हें साझा भी करते हैं, मगर नाडियाडवाला ग्रैंडसन की ओर से गुजरे वीकेंड में कलेक्शंस शेयर नहीं हुए। यह भी एक वजह है कि लोगों को यकीन नहीं हो रहा।

यह भी पढ़ें: Maa Box Office Day 4: सोमवार को ‘मां’ की कमाई में भारी गिरावट, ‘सितारे जमीन पर’ से बेहतर

वीकेंड में हर दिन 2.08 करोड़ की कमाई?

पूरा वीकेंड गोल करके प्रोडक्शन हाउस ने सीधे सोमवार को जानकारी दी थी कि फिल्म ने 199.54 करोड़ नेट कलेक्शन (रविवार तक) कर लिया है। इसके बाद मंगलवार को बताया कि फिल्म ने 200 करोड़ नेट घरेलू बॉक्स ऑफिस (Housefull 5 Box Office Day 25) पर कर लिया है। यानी फिल्म ने चौथे सोमवार को सिर्फ 46 लाख रुपये कमाये।

इससे पहले हाउसफुल 5 ने 21 दिनों में 193.29 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, यानी 200 करोड़ के लिए इसे 6.71 करोड़ चाहिए थे। अब इसमें से सोमवार को मिली रकम (46 करोड़) घटा दी जाए तो बचता है- 6.25 करोड़, यानी चौथे वीकेंड (27-29 जून) में फिल्म ने औसतन 2.08 करोड़ का नेट कलेक्शन हर दिन किया है। बस यही आंकड़ा लोगों को पच नहीं रहा।

बॉक्स ऑफिस पर अक्षय की टॉप 10 फिल्में

अगर, निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों को सही मान लिया जाए तो यह अक्षय कुमार की तीसरी 200 करोड़ी फिल्म है और तीसरी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है। हाउसफुल फ्रेंचाइजी की भी यह हाइएस्ट ग्रॉसर बन चुकी है। अब अक्षय की टॉप-10 फिल्में इस प्रकार हैं।

1. गुड न्यूज- 205.14 करोड़ (2019)- कॉमेडी ड्रामा

2. मिशन मंगल- 202.98 करोड़ (2019)- साइ फाइ ड्रामा

3. हाउसफुल 5- 200 करोड़ (2025)- कॉमेडी मर्डर मिस्ट्री

4. सूर्यवंशी- 196 करोड़ (2021)- एक्शन ड्रामा

5. हाउसफुल 4- 194.60 करोड़ (2019)- कॉमेडी ड्रामा

6. 2.0- 189.55 करोड़ (2018)- साइ फाइ एक्शन ड्रामा

7. केसरी- 154.41 करोड़ (2019)- पीरियड एक्शन ड्रामा

8. ओएमजी 2- 150.17 करोड़- (2023)- सोशल कॉमेडी

9. टॉयलेट एक प्रेम कथा- 134.22 करोड़ (2017)- सोशल कॉमेडी

10. राउड़ी राठौड़- 133.25 करोड़ (2012)- एक्शन कॉमेडी