Dhurandhar First Look: घायल हूं, इसीलिए घातक हूं! सब छोड़िए, पहले देखिए रणवीर सिंह का ‘धुरंधर’ अंदाज

Ranveer Singh's Dhurandhar first look out. Photo- Instagram

मुंबई। Dhurandhar First Look: अपनी अदाकारी और ऊर्जा के लिए चर्चा में रहने वाले अभिनेता रणवीर सिंह आज (6 जुलाई) 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर रणवीर ने अपने फैंस को एक धुरंधर तोहफा दिया है।

रणवीर ने अपनी अपकमिंग फिल्म धुरंधर का फर्स्ट लुक जारी किया है। इस फिल्म का लेखन, निर्माण और निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो उरी- द सर्जीकल स्ट्राइक और आर्टिकल 370 जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

डायलॉगबाजी और एक्शन से भरपूर फर्स्ट लुक

धुरंधर की कहानी अभी गोपनीय रखी गई है, मगर 2.54 मिनट के टीजर में बताया गया है कि यह सत्य घटनाओं से प्रेरित है। टीजर की शुरुआत वॉइसओवर से होती है-

बहुत साल पहले मुझसे किसी ने कहा था, पड़ोस में रहते हैं। गूदेभर का जोर लगा लो बिगाड़ लो, जो बिगाड़ सकते हो। बिगाड़ने का वक्त आ गया है। इन लाइंस के बाद रणवीर सिंह के किरदार की झलक सामने आती है।

जूते के नीचे दबी माचिस से तीली सुलगती है और कैमरा रणवीर के चेहरे तक जाता है, जो खून से सना है। वो सिगरेट सुलगाते हैं। टीजर पंजाबी गाने पर एडिट किया गया है, जो निरंतर बैकग्राउंड में बजता रहता है और दृश्य बदलते रहते हैं। एक-एक करके सभी किरदार सामने आते रहते हैं।

देखिए फर्स्ट लुक टीजर:

क्या है धुरंधर की कहानी और स्टार कास्ट?

सीटीमार डायलॉग्स और तगड़ा एक्शन दिख रहा है। धुरंधर के फर्स्ट लुक को देखकर लगता है कि कहानी एक बार फिर पड़ोसी मुल्क पहुंच गई है, जहां रणवीर का किरदार तबाही लेकर आता है। माधवन का किरदार देश के सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित दिख रहा है।

फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन और आर माधवन प्रमुख किरदारों में हैं। किरदारों के जरिए सस्पेंस क्रिएट किया गया है। म्यूजिक शाश्वत ने दिया है, जिसके सिंगर जैस्मिन सैंडलस हैं और खास बात यह है कि इसमें न्यू-एज आर्टिस्ट हनुमनकाइंड का भी कोलैब है, जिनकी अलग और हटकर स्टाइल इस गाने को नया फ्लेवर देती है।

अलग लुक में रणवीर सिंह

रणवीर का लुक बिल्कुल अलग है। लम्बे बाल और दाढ़ी मूंछ के साथ पठानी सूट पहने रणवीर मर्सिनरी दिख रहे हैं। सारा अर्जुन, सीक्रेट सुपरस्टार फेम राज अर्जुन की बेटी हैं और बाल कलाकार के तौर पर फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आती रही हैं। फीमेल लीड के तौर पर सारा की यह पहली फिल्म है।

इंस्टाग्राम पर रणवीर ने वीडियो शेयर किया है, मगर उससे पहले शनिवार को उन्होंने अपनी सारी पोस्ट हटा दी थीं। फर्स्ट लुक वीडियो पर कई सेलिब्रिटीज ने कमेंट किये हैं। अर्जुन कपूर , मौनी रॉय, शरवरी वाघ, संजय कपूर, अपारशक्ति खुराना, भूमि पेडनेकर, अरमान मलिक, आयुष्मान खुराना ने फर्स्ट लुक वडियो को फायर बताया है।

कब रिलीज होगी Dhurandhar?

फिल्म 5 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण जिओ स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज ने किया है।