मुंबई। Kantara Chapter 1: कन्नड़ सिनेमा की मोस्ट अवेटेड फिल्म कांतारा चैप्टर-1 का इंतजार पूरा देश कर रहा है। यह 2022 में आई कांतारा का प्रीक्वल है और फिल्म में उन घटनाक्रमों के जवाब मिलेंगे, जो पिछली फिल्म में दिखाई गई थीं। ऋषभ शेट्टी इस फिल्म सीरीज में लीड रोल निभाते हैं।
कांतारा चैप्टर-1 इसी साल 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण कर रही कम्पनी होम्बले फिल्म्स ने एक बार फिर रिलीज डेट की पुष्टि करते हुए पोस्टर और मोशन पोस्टर जारी किये हैं। पोस्टरों पर ऋषभ शेट्टी का योद्धा रूप दिख रहा है।
सात भाषाओं में जारी हुए Kantara Chapter 1 के पोस्टर
फिल्म कन्नड़ के साथ हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में रिलीज की जाएगी। सोमवार को इसके सात भाषाओं में पोस्टर जारी किये गये, जिनमें कन्नड़, अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और बंगाली शामिल हैं। कांतारा मौजूदा दौर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है।
यह भी पढ़ें: Ghaati Postponed: अनुष्का शेट्टी की फिल्म का अभी करना होगा इंतजार, दूसरी बार टली रिलीज
कांतारा चैप्टर-1 में लीड रोल निभाने के साथ ऋषभ शेट्टी ने लेखन और निर्देशन भी किया है।
कांतारा ने हिंदी में कमाये थे 80 करोड़
30 सितम्बर 2022 को रिलीज हुई कांतारा ने क्रिटिक्स की तारीफों के साथ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। इस फिल्म के लिए ऋषभ को बेस्ट एक्टर और फिल्म को बेस्ट पॉपुलर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला था।
हिंदी भाषा में 14 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म ने सिर्फ 1.27 करोड़ की ओपनिंग ली थी, मगर माउथ पब्लिसिटी के दम पर करीब 80 करोड़ का कारोबार कर लिया था। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ ग्रॉस और सिर्फ भारत में सभी भाषाओं में 309 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
2022 में यह केजीएफ चैप्टर 2 के बाद सबसे कामयाब कन्नड़ फिल्म बनी। केजीएफ 2 ने हिंदी भाषा में 434 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 1215 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था। सिर्फ भारत में फिल्म ने सभी भाषाओं में लगभग 860 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
बाहुबली 2 के बाद केजीएफ 2 हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी डब फिल्म है। अब सबकी नजरें कांतारा चैप्टर-1 पर हैं। जानकार मानते हैं कि इसकी हाइप को देखते हुए फिल्म केजीएफ 2 के रिकॉर्ड को तोड़ सकती है। हालांकि, पहली फिल्म आये हुए 3 साल बीत चुके हैं। यह फैक्टर फिल्म के खिलाफ जा सकता है।