मुंबई। Upcoming 15 Most Awaited Movies: साल 2025 आधा बीत चुका है और बॉक्स ऑफिस पर अभी भी हिंदी फिल्मों की हालत बहुत अच्छी नहीं है। पहली छमाही में अक्षय कुमार, सलमान खान, आमिर खान और अजय देवगन जैसे बड़े सितारों की फिल्में आईं, मगर कुछ को छोड़कर ज्यादातर ने निराश किया।
सलमान की बहुप्रतीक्षित सिकंदर का पहले हफ्ते में ही दम निकल गया तो अक्षय की स्काय फोर्स और केसरी चैप्टर 2 घाटे में रहीं। हाउसफुल 2 के कलेक्शंस पर भी सवाल उठाये गये। अजय की रेड 2 और आमिर की सितारे जमीन पर ने जरूर कुछ तेवर दिखाये, मगर विक्की कौशल की छावा जैसा बड़ा कलेक्शन कोई फिल्म नहीं कर सकी।
छावा पहले हाफ की अकेली फिल्म है, जिसने 600 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। अब साल की दूसरी छमाही में कई बड़ी और चर्चित फिल्में आने वाली हैं, जिनसे अच्छे बिजनेस की उम्मीद है। इनमें से कुछ ऐसी हैं, जिनसे छावा का रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीद की जा सकत है।
दूसरे हाफ में अजय देवगन, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ, कार्तिक आर्यन, शाहिद कपूर और रणवीर सिंह जैसे सितारों की फिल्में रिलीज होंगी। यहां 2025 के दूसरे हाफ की 15 फिल्में दी जा रही हैं, जो मोस्ट अवेटेड कही जा सकती हैं। इनमें कुछ साउथ और हॉलीवुड से आ रही हैं।
सन ऑफ सरदार 2
जॉनर: एक्शन-कॉमेडी, फैमिली ड्रामा
रिलीज डेट: 25 जुलाई 2025
निर्देशक: विजय कुमार अरोड़ा
निर्माता: अजय देवगन, ज्योति देशपांडे, एन.आर. पचीसिया, प्रवीण तलरेजा
कलाकार: अजय देवगन (जस्सी रंधावा के रूप में), संजय दत्त, मृणाल ठाकुर, नीरू बाजवा, रवि किशन, संजय मिश्रा, चंकी पांडे, दीपक डोबरियाल, कुबरा सैत, शरत सक्सेना, अश्विनी कालसेकर, दिवंगत मुकुल देव
यह 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ का सीक्वल है, जो एक तेलुगु फिल्म ‘मर्यादा रमन्ना’ का रीमेक थी। इस बार कहानी स्कॉटलैंड की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें अजय देवगन अपने किरदार जस्सी रंधावा के रूप में वापसी करते हैं।
वॉर 2
जॉनर: स्पाइ एक्शन, थ्रिलर
रिलीज डेट: 14 अगस्त 2025
निर्देशक: अयान मुखर्जी
निर्माता: यशराज फिल्म्स (स्पाई यूनिवर्स)
कलाकार: ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर, कियारा आडवाणी
‘वॉर 2’ यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की अगली कड़ी है, जो 2019 की फिल्म ‘वॉर’ का सीक्वल है। फिल्म में ऋतिक रोशन मेजर कबीर धालीवाल के किरदार में वापसी करेंगे। जूनियर एनटीआर विलेन के किरदार में हैं। हिंदी सिनेमा में यह उनका डेब्यू है और फिल्म के चर्चा में रहने की एक बड़ी वजह है।
कियारा आडवाणी फीमेल लीड हैं। कहानी में हाई-ऑक्टेन एक्शन, जासूसी और ड्रामा का मिश्रण होगा, जो भारतीय खुफिया एजेंसी और उनके मिशनों पर केंद्रित है। टीजर में ऋतिक और कियारा एक्शन मोड में दिखे, जबकि जूनियर एनटीआर का किरदार रहस्यमयी है।
कुली
जॉनर: एक्शन, ड्रामा
रिलीज डेट: 14 अगस्त 2025
निर्देशक: लोकेश कनगराज
निर्माता: सन पिक्चर्स
कलाकार: रजनीकांत, श्रुति हासन, सत्यराज, आमिर खान
‘कुली’ सुपरस्टार रजनीकांत की 171वीं फिल्म है। यह एक एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है। यह तमिल पैन इंडिया फिल्म है। आमिर खान भी फिल्म में एक छोटे-से किरदार में कैमियो कर रहे हैं। हालांकि, हिंदी बेल्ट में इसे वॉर 2 से टकराना होगा, जो एक बड़ा रिस्क है।
बागी 4
जॉनर: एक्शन, थ्रिलर
रिलीज डेट: 5 सितंबर 2025
निर्देशक: ए हर्षा
निर्माता: साजिद नाडियाडवाला
कलाकार: टाइगर श्रॉफ, संजय दत्त, हरनाज संधू आदि।
‘बागी 4’ टाइगर श्रॉफ की लोकप्रिय “बागी” फ्रेंचाइजी का चौथा हिस्सा है। यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें टाइगर अपने हाई-ऑक्टेन एक्शन और स्टंट के लिए जाने जाते हैं। संजय दत्त खलनायक की भूमिका में दिखेंगे। वहीं हरनाज संधू फीमेल लीड हैं।
यह भी पढ़ें: Baaghi 4 Star Cast: टाइगर की हीरोइन बनीं Ex Miss Universe हरनाज संधू, पंजाबी फिल्मों से किया एक्टिंग डेब्यू
द बंगाल फाइल्स
जॉनर: ड्रामा, थ्रिलर
रिलीज डेट: 5 सितम्बर 2025
निर्देशक: विवेक रंजन अग्निहोत्री
निर्माता: अभिषेक अग्रवारल, आइ एम बुद्धा प्रोडक्शंस
कलाकार: मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, राजीव खंडेलवाल, मोहन कपूर, पुनीत इस्सर, शाश्वत चटर्जी, पल्लवी जोशी आदि।
द बंगाल फाइल्स द ताशकंद फाइल्स और द कश्मीर फाइल्स की अगली कड़ी है। विवेक इस बार पश्चिम बंगाल चले गये हैं, जहां मजहब के आधार पर सामाजिक असंतुलन पर टिप्पणी कर रहे हैं। द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था, लिहाजा द बंगाल फाइल्स भी उन फिल्मों में शामिल है, जो दर्शकों को बड़ी तादाद में खींच सकती हैं।
जॉली एलएलबी 3
जॉनर: कॉमेडी, कोर्टरूम ड्रामा
रिलीज डेट: 19 सितम्बर 2025
निर्देशक: सुभाष कपूर
निर्माता: स्टार स्टूडियोज, कांगड़ा टॉकीज
कलाकार: अक्षय कुमार, अरशद वारसी, हुमा कुरैशी, सौरभ शुक्ला आदि।
जॉली एलएलबी और जॉली एलएलबी 2 में अरशद वारसी और अक्षय कुमार ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। तीसरी फिल्म में सुभाष इन दोनों कलाकारों को साथ ले आये हैं। जॉली वर्सेज जॉली की थीम पर तीसरी फिल्म बनाई गई है।
कांतारा चैप्टर-1
जॉनर: एक्शन, ड्रामा, माइथोलॉजिकल
रिलीज डेट: 2 अक्टूबर 2025
निर्देशक: ऋषभ शेट्टी
निर्माता: होम्बले फिल्म्स
कलाकार: ऋषभ शेट्टी, जयराम आदि।
‘कांतारा चैप्टर-1’ 2022 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ का प्रीक्वल है। इस फिल्म में कांतारा में दिखाई गई घटनाओं के इतिहास को दिखाया जाएगा। कांतारा सिर्फ कन्नड़ सिनेमा ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जमकर चली थी। हिंदी बेल्ट में फिल्म ने 80 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। इसलिए, इसके प्रीक्वल का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: Kantara Chapter 1: इस दिन आएगा 400 करोड़ कमाने वाली फिल्म का प्रीक्वल, मोशन पोस्टर में दहाड़ते दिखे Rishab Shetty
थामा
जॉनर: हॉरर कॉमेडी
रिलीज डेट: दिवाली 2025 (20 अक्टूबर के आसपास)
निर्देशक: आदित्य सरपोतदार
निर्माता: दिनेश विजन
कलाकार: आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, परेश रावलस सुनील शेट्टी आदि।
यह दिनेश विजन के हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म है। स्त्री, स्त्री 2, भेड़िया और मुंजा के बाद यह इस सीरीज की पांचवीं फिल्म है। इस बार कहानी वैम्पायर्स की दंतकथा पर आधारित है। हॉरर कॉमेडी फिल्मों की सफलता के मद्देनजर थामा इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म से उम्मीद है कि यह कमाई के नये रिकॉर्ड्स बना सकती है। दिवाली रिलीज होने के कारण भी थामा दर्शकों की पहली पसंद बन सकती है।
कार्तिक आर्यन-श्रीलीला की फिल्म
जॉनर: रोमांटिक ड्रामा
रिलीज डेट: दिवाली रिलीज 2025 (20 अक्टूबर के आसपास)
निर्देशक: अनुराग बसु
निर्माता: टी-सीरीज
कलाकार: कार्तिक आर्यन, श्रीलीला
इस फिल्म को पहले आशिकी 3 कहा जा रहा था और फिल्म में तृप्ति डिमरी के होने की खबरें आई थीं, मगर बाद में दोनों ही बातों से इनकार किया गया। इस फिल्म का शीर्षक अभी तय नहीं है और कार्तिक की हीरोइन श्रीलीला हैं, जिन्हें दर्शक पुष्पा 2 में अल्लू अर्जुन के साथ थप्पड़ गाने में देख चुके हैं। इस नई जोड़ी और अनुराग बसु का निर्देशन इस फिल्म के लिए उत्सुकता बढ़ाता है।
120 बहादुर
जॉनर: पीरियड ड्रामा, वॉर
रिलीज डेट: 21 नवम्बर 2025
निर्देशक: रजनीश राजी घई
निर्माता: एक्सेल एंटरटेनमेंट
कलाकार: फरहान अख्तर आदि।
1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान लद्दाख में लड़ी गई रेजांग ला की लड़ाई पर आधारित है। यह फिल्म उन 120 भारतीय सैनिकों की वीरता की कहानी बताएगी, जिन्होंने भारी विषमताओं के बावजूद अदम्य साहस दिखाया। फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी की भूमिका निभाएंगे, जो इस युद्ध के नायक थे। रियलिस्टिक ड्रामा में फरहान बेहतरीन काम करते हैं। ऐसे में 120 बहादुर दूसरे हाफ की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में आती है।
तेरे इश्क में
जॉनर: रोमांटिक ड्रामा
रिलीज डेट: 28 नवम्बर 2025 (कन्फर्म नहीं)
निर्देशक: आनंद एल राय
निर्माता: आनंद एल राय, हिमांशु शर्मा
कलाकार: धनुष, कृति सेनन आदि।
आनंद एल राय तीसरी बार धनुष को निर्देशित कर रहे हैं। कृति पहली बार आनंद और धनुष के साथ आई हैं। रांझणा और अतरंगी रे के बाद आनंद के निर्देशन में धनुष को देखना दर्शकों के लिए भी दिलचस्प अनुभव रहेगा। फिल्म की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है। हाल ही में इसकी शूटिंग सम्पन्न हुई है।
धुरंधर
जॉनर: स्पाइ थ्रिलर
रिलीज डेट: 5 दिसम्बर 2025
निर्देशक: आदित्य धर
निर्माता: आदित्य धर, जिओ स्टूडियोज
कलाकार: रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, अक्षय खन्ना आदि।
हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक वीडियो रिलीज किया गया है, जिसे काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। यह दिसम्बर की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल हो गई है। रणवीर सिंह जबरदस्त एक्शन कर रहे हैं। हालांकि, धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर अकेली नहीं है।
राजा साब
जॉनर: हॉरर कॉमेडी
रिलीज डेट: 5 दिसम्बर
निर्देशक: मारुति
निर्माता: टीजी विश्वप्रसाद
कलाकार: प्रभास, मालविका मोहनन, संजय दत्त, मालविका मोहनन
यह तेलुगु पैन इंडिया फिल्म है, जो हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज होगी। संजय दत्त बेहद अहम किरदार में हैं। पिछली कई फिल्मों में एक्शन कर रहे प्रभास इस बार कॉमेडी भी कर रहे हैं। फिल्म से बड़े कलेक्शन की उम्मीद है।
अवतार- फायर एंड एश
जॉनर: साइंस-फिक्शन, एडवेंचर
रिलीज डेट: 19 दिसंबर 2025
निर्देशक: जेम्स कैमरून
निर्माता: 20th सेंचुरी फॉक्स
कलाकार: सैम वर्थिंगटन, जो सल्डाना, सिगोरनी वीवर आदि।
‘अवतार: फायर एंड एश’ जेम्स कैमरून की “अवतार” फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। यह पेंडोरा ग्रह पर आधारित होगी, जहां जेक सुली और नेतिरी की कहानी आगे बढ़ेगी। इस बार फिल्म में नई नावी संस्कृतियों और एक नई जनजाति “ऐश पीपल” का परिचय होगा, जो आग से संबंधित है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस का गणित बदल सकती है।
अल्फा
जॉनर: स्पाइ एक्शन, थ्रिलर
रिलीज डेट: 25 दिसम्बर 2025
निर्देशक: शिव रवैल
निर्माता: यशराज फिल्म्स
कलाकार: आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल आदि।
यशराज के स्पाइ यूनिवर्स की यह पहली फीमेल लीड फिल्म है। आलिया स्पाइ की भूमिका में दिखेंगी। स्पाइ यूनिवर्स की होने के कारण यह 2025 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में है।
ये फिल्में भी दे सकती हैं सरप्राइज
2025 के दूसरे हाफ में कुछ फिल्में ऐसी आ रही हैं, जिनको लेकर फिलहाल तो कोई बज नहीं है। मगर, रिलीज के करीब आते-आते यह फिल्में गेम चेंजर बन सकती हैं। ऐसी ही फिल्मों की लिस्ट नीचे देखिए।
सैयारा: 18 जुलाई को रिलीज हो रही रोमांटिक ड्रामा फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है। फिल्म से अहान पांडेय डेब्यू कर रहे हैं। इस म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म का ट्रेलर आ गया है। यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज दे सकती है।
परम सुंदरी: इस फिल्म में पहली बार सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर साथ दिखेंगे। मैडॉक फिल्म्स निर्मित परम सुंदरी 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। तुषार जलोटा ने निर्देशित किया है।
धड़क 2: इंटेंस रोमांटिक ड्रामा में सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी लीड रोल्स में हैं। शाजिया इकबाल निर्देशित फिल्म का निर्माण करण जौहर ने किया है।
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी: वरुण धवन और जाह्नवी कपूर की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म सितम्बर में आ रही है। इस फिल्म पर भी नजर रहेगी।
इक्कीस: श्रीराम राघवन निर्देशित इस फिल्म में धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा लीड रोल्स में हैं। अगस्त्य की यह दूसरी फिल्म है। श्रीराम राघवन सरप्राइज दे सकते हैं।
एक दिन: 7 नवम्बर को रिलीज हो रही इस फिल्म में आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साई पल्लवी लीड रोल्स में हैं। रामायण से पहले साई पल्लवी इस फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर उत्सुकता बन सकती है।
दे दे प्यार दे 2: अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह अभिनीत रोमांटिक कॉमेडी फिल्म भी दूसरे हाफ में आएगी। यह सीक्वल भी दर्शकों को आकर्षित कर सकता है।
अनटाइटल्ड फिल्म: विशाल भारद्वाज निर्देशित शाहिद कपूर की फिल्म, जिसमें तृप्ति डिमरी फीमेल लीड हैं। हाल ही में दिशा पाटनी भी फिल्म से जुड़ी हैं। इसका निर्माण साजिद नाडियाडवाला कर रहे हैं।