मुंबई। Saiyaara Box Office Day 1: मोहित सूरी ने आखिरकार अपने नये सितारों अहान पांडेय और अनीत पड्डा के साथ मिलकर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। सैयारा को जिस तरह की कामयाबी पहले दिन मिली है, उसने पिछले कई सालों के सूखे को खत्म कर दिया है और किसी स्टार किड की डेब्यू फिल्म को इतनी बड़ी सफलता मिली है।
पिछले 10 सालों में किसी स्टार किड की फिल्म को ऐसी ओपनिंग नहीं मिली है, जो सैयारा ने हासिल की है। वो भी ऐसे माहौल में, जब बड़े-बड़े सितारों की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो रही हों। सैयारा ने अपनी शुरुआत से बॉलीवुड में स्टारडम के भ्रम को तोड़ा है।
पहले दिन 20 करोड़ की कमाई
शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज सैयारा ने पहले दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है। निर्माताओं की ओर से साझा किये गये आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने 21.25 करोड़ की ओपनिंग ली है। इस कलेक्शन के साथ सैयारा साल की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन गई है।
सैयारा ने टॉप 5 में आने के बाद अक्षय कुमार की स्काय फोर्स को लिस्ट से बाहर कर दिया है। वहीं, अजय देवगन की रेड 2 को पांचवें स्थान पर धकेल दिया है।
यह भी पढ़ें: Saiyaara Review: ‘आशिकी 3’ का इंतजार ‘सैयारा’ पर हुआ खत्म, ‘तन्हा तारे’ की कहानी से इंडस्ट्री को मिले दो सितारे
इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली 5 फिल्में इस प्रकार हैं:
1- छावा- 33.10 करोड़
2- सिकंदर- 27.50 करोड़
3- हाउसफुल 5- 24.35 करोड़
4- सैयारा- 21.25 करोड
5- रेड 2- 19.71 करोड़
सैयारा ने पहले दिन जो माइल स्टोन्स बनाये वो इस प्रकार हैं:
- भारतीय सिनेमा में डेब्यूटेंट स्टार कास्ट की सबसे बड़ी ओपनिंग
- लव स्टोरी फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग
- 2000 के बाद आईं डेब्यूटेंट्स की फिल्मों में पहले दिन की टिकटों की सबसे ज्यादा बिक्री
- 2000 में कहो ना प्यार है और रिफ्यूजी के बाद डेब्यूटेंट्स की फिल्मों में पहले दिन सबसे ज्यादा टिकटों की बिक्री
- पैनडेमिक के बाद लव स्टोरी की हाइएस्ट ओपनिंग
- पैनडेमिक के बाद एक ही दिन में 20 करोड़ से अधिक जुटाने वाली पहली फिल्म
मोहित सूरी की धमाकेदार वापसी
सैयारा के साथ मोहित सूरी की भी जोरदार वापसी हुई है। उनके करियर की यह सबसे बड़ी ओपनिंग है। उनकी आखिरी फिल्म एक विलेन रिटर्न्स है, जो 2022 में आई थी। हालांकि, फिल्म को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी।
सैयारा से पहले मोहित सूरी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग एक विलेन थी, जिसने 16.72 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था। मगर, यह फिल्म 2014 में रिलीज हुई थी। पूरे 11 साल बाद मोहित ने कामयाबी का चेहरा देखा है। मोहित के टॉप 5 कलेक्शंस इस प्रकार हैं-
- एक विलेन (2014)- 16.75 करोड़
- हाफ गर्लफ्रेंड (2017)- 10.27 करोड़
- मर्डर 2 (2011)- 7.10 करोड़
- एक विलेन रिटर्न्स (2022)- 7.05 करोड़
- मलंग (2020)- 6.71 करोड़
इंडस्ट्री में आये बदलाव से फिल्मेकर उत्साहित
सैयारा की इस सफलता से फिल्म इंडस्ट्री भी उत्साहित है। कामयाबी के लिए निर्माता सितारों के पीछे भागते हैं और महंगी फिल्में बना लेते हैं। जब वो नहीं चलतीं तो तरह-तरह के बहाने खोजते हैं। इस प्रैक्टिस पर तंज कसते हुए मधुर भंडारकर लिखते हैं-
”सैयारा ने न्यूकमर्स की लॉन्चिंग को लेकर बने हर मिथ को तोड़ दिया है। कोई बड़ा नाम नहीं। कोई बड़ा पीआर नहीं। बस नया हुनर और बेखौफ कहानी कहना। ऐसी इंडस्ट्री, जो सितारों के पीछे दीवानी है, सैयारा ने साबित कर दिया कि दर्शक अनप्रेडिक्टेबल के लिए तैयार हैं।
यह याद दिलाता है- बात यह नहीं कि आप किसे जानते हैं। मसला यह है कि आप पेश क्या करने जा रहे हैं। हिंदी सिनेमा के लिए यह उत्साहवर्द्धक समय है। मोहित सूरी और उनकी टीम को बधाई। इस फिल्म को सपोर्ट करने के लिए यशराज फिल्म्स को सलाम।”
यह भी पढ़ें: क्या अहान पांडेय और अनीत पड्डा के लिए ‘आशिकी’ साबित होगी Saiyaara? महेश भट्ट ने बताई दिल की बात

वहीं, यशराज फिल्म्स के साथ मुझसे दोस्ती करोगे से डेब्यू करने वाले निर्देशक कुणाल कोहली लिखते हैं- सैयारा ब्लॉकबस्टर है। आदित्य चोपड़ा ने यह एक बार फिर कर दिखाया। किसी निर्देशक के पीछे खड़े रहने का एक निर्माता का भरोसा। फिल्मों को स्टार्स नहीं चाहिए।
फिल्में स्टार बनाती हैं। मोहित सूरी ने जबरदस्त फिल्म बनाई है। अहान पांडेय और अनीत पड्डा, तुम एकदम स्टार बन गये हो। मगर, अब अपने चारों ओर एक घेरा बनाकर इस बर्बाद मत करना। ताजी हवा की तरह बहते रहना।

सैयारा से डेब्यू करने वाले अहान पांडेय, चंकी पांडेय के छोटे भाई चिक्की पांडेय के बेटे हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि अहान के डेब्यू के समय नेपोटिज्म को लेकर कोई बहस सोशल मीडिया में नहीं छिड़ी। यह यशराज फिल्म्स की स्ट्रैटजी का ही नतीजा है। उन्होंने अपने सितारों को एक्सपोजर से दूर रखा और फिल्म को बात करने के लिए छोड़ दिया।
यू-ट्यूबर, पॉडकास्ट और रील के जमाने में आदित्य चोपड़ा ने नवोदित कलाकारों के प्रति एक रहस्य की परत बनाकर सैयारा के लिए उत्सुकता बढ़ा दी।