Maa Box Office 3 Weeks: तीन हफ्तों में काजोल की फिल्म मां ने दुनियाभर में कमा लिये इतने करोड़, अब सरजमीन में आएंगी नजर

Maa box office collection 3 weeks. Photo- Instagram

मुंबई। Maa Box Office 3 Weeks: काजोल की माइथोलॉजिकल हॉरर फिल्म मां ने सिनेमाघरों में तीन हफ्तों का सफर पूरा कर लिया है और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। काजोल की सोलो लीड में यह पहली फिल्म है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर इतनी कमाई की है।

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 38 करोड़ की कमाई

विशाल फुरिया निर्देशित मां 27 जून को रिलीज हुई और 4.93 करोड़ की ओपनिंग ली थी। ओपनिंग वीकेंड में मां ने 18.43 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जबकि पहले हफ्ते में 26.63 करोड़ जमा किये। अब जिओ स्टूडियोज की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने तीन हफ्तों में 51.64 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन वर्ल्डवाइड किया है।

इसमें से ओवरसीज का ग्रॉस कलेक्शन 6.45 करोड़ रहा, जबकि इंडिया का दो हफ्तों का ग्रॉस कलेक्शन 45.19 करोड़ रहा है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने तीन हफ्तों में 38.30 करोड़ नेट कलेक्शन किया है।

यह भी पढ़ें: Sitaare Zameen Par Box Office Day 28: ‘सितारे’ ने ‘सैयारा’ को सौंपी बॉक्स ऑफिस की मशाल, आमिर की फिल्म पर अब लगेगा विराम?

हर हफ्ते मां के सामने आई बड़ी चुनौती

मां जिस वक्त सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, आमिर खान की सितारे जमीन पर की रिलीज को एक हफ्ता ही हुआ था। सितारे जमीन पर की रफ्तार का सामना मां नहीं कर सकी थी। इसके बाद 4 जुलाई को जुरासिक वर्ल्ड रीबर्थ और मेट्रो इन दिनों सिनेमाघरों में पहुंच गईं। 11 जुलाई को सुपरमैन और मालिक रिलीज हुईं। नई फिल्मों ने मां के शोज और कलेक्शंस पर असर डाला।

18 जुलाई को सैयारा की रिलीज के बाद मां के लिए आगे का सफर बेहद मुश्किल हो गया है।

काजोल का सोलो लीड में सबसे बड़ा कलेक्शन

मां, अजय देवगन की होम प्रोडक्शन फिल्म है, जो उनके शैतान यूनिवर्स की अगली कड़ी है। पिछले साल आई शैतान बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इस फिल्म में आर माधवन ने विलेन का किरदार निभाया था।

मां काजोल की सोलो लीड रोल में सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले आईं सलाम वेंकी और हेलीकॉप्टर ईला इसके आसपास भी नहीं पहुंच सकी थीं। काजोल अब जिओ हॉट स्टार पर 25 जुलाई को आ रही फिल्म सरजमीन में नजर आएंगी।