मुंबई। Saiyaara Box Office Day 8: छावा के बाद सैयारा साल 2025 की दूसरी ऐसी फिल्म बनकर आई है, जिसकी दीवानगी सर चढ़कर बोल रही है। मोहित सूरी निर्देशित फिल्म ने पहले हफ्ते में शानदार प्रदर्शन किया, जो दूसरे हफ्ते में भी जारी है।
सैयारा की बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ का अदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म की प्रतिदिन कमाई में अभी तक सिंगल डिजिट नहीं आई है।
रिलीज के शुरुआती छह दिनों में फिल्म का हर दिन कलेक्शन 20 करोड़ से ऊपर रहा। किसी डेब्यूटेंट कलाकार की फिल्म के लिए ऐसी दीवानगी हाल-फिलहाल में नहीं देखी गई।
आठवें दिन 17 करोड़ की कमाई
सिनेमाघरों में पहला हफ्ता आंधी-तूफान की तरह बिताने के बाद शुक्रवार (25 जुलाई) को सैयारा दूसरे हफ्ते में दाखिल हुई और अपना करिश्मा बरकरार रखा।
फाइनल आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 18.50 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके बाद सैयारा का 8 दिनों का नेट कलेक्शन अब 193.75 करोड़ हो गया है।
इस कलेक्शन के साथ सैयारा इस साल की टॉप 5 फिल्मों में तीसरे स्थान पर आ गई है। फिल्म ने अजय देवगन की रेड 2 को नीचे खिसका दिया है। अब साल 2025 की टॉप 5 फिल्मों की लिस्ट इस प्रकार है-
- छावा- 600.10 करोड़
- हाउसफुल 5- 200 करोड़ (पुष्टि नहीं)
- सैयारा- 193.75 करोड़
- रेड 2- 178 करोड़
- सितारे जमीन पर- 166 करोड़ (लगभग)
सैयारा को 200 करोड़ क्लब में एंट्री के लिए अब 6.25 करोड़ ही चाहिए, जो इसकी मौजूदा गति को देखते हुए आज यानी दूसरे शनिवार को मिल जाएगा। जिसके बाद हाउसफुल 5 को रिप्लेस करके यह साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी।
यह भी पढ़ें: Saiyaara की सफलता पर अनुपम खेर ने दी बधाई, बोले- ‘किसी को खूब प्यार मिलता है, किसी को प्यार और पैसा दोनों’
दूसरे हफ्ते में बढ़ी स्क्रींस
सैयारा 2200 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज हुई थी, मगर दूसरे हफ्ते में लगभग 3600 स्क्रींस कर दी गई हैं, यानी दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई बम्पर उछाल ले सकती है।
पहला हफ्ता
Day 1 (शुक्रवार): 22 करोड़
Day 2 (शनिवार): 26.25 करोड़
Day 3 रविवार: 35.75 करोड़
ओपनिंग वीकेंड: 84 करोड़
Day 4 (सोमवार): 24.25 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 25 करोड़
Day 6 (बुधवार): 21 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 18.75 करोड़
ओपनिंग वीक: 175.25 करोड़
दूसरा हफ्ता
Day 8 (शुक्रवार): 17.50 करोड़
दिलचस्प बात यह है कि डेब्यूटेंट अहान पांडेय को लेकर नेपोटिज्म की बहस भी नहीं उठी। अहान, चंकी पांडेय के भतीजे और अनन्या पांडेय के कजिन हैं।
यह फिल्म का जादू है कि लोग इसमें डूब जाते हैं तो फिर यह नहीं देखते कि कहानी को कहने वाला कलाकार कहां से आता है- इंडस्ट्री के अंदर से या बाहर से। यह सारी बहसें तब उठती हैं, जब कहानी, किरदार और कलाकार के बीच जनता को तारतम्य नहीं दिखता।
यशराज फिल्म्स निर्मित सैयारा से अहान के साथ अनीत पड्डा ने बतौर फीमेल लीड डेब्यू किया है, जो इससे पहले सलाम वेंकी और बिग गर्ल्स डोन्ट क्राइ सीरीज में दिख चुकी हैं।