मुंबई। Saiyaara Box Office Day 9: बॉक्स ऑफिस पर वाकई इतिहास लिखा जा रहा है। मोहित सूरी निर्देशित सैयारा ने रिलीज के नौवें दिन 200 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है। मजे की बात यह है कि दूसरे शनिवार को फिल्म ने पहले शनिवार से ज्यादा कमाई की है, जो कम ही देखने को मिलता है।
शनिवार को 27 करोड़ की शानदार कमाई
सैयारा, 200 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली पहली लव स्टोरी है, वो भी न्यूकमर स्टार कास्ट के साथ। अहान पांडेय भारतीय सिनेमा के पहले डेब्यूटेंट बन गये हैं, जिसकी पहली फिल्म ने 200 करोड़ के पड़ाव को पार किया हो। वहीं, मोहित सूरी अब 200 करोड़ क्लब की फिल्म देने वाले निर्देशकों की जमात में शामिल हो गये हैं।
अर्ली ट्रेंड्स के अनुसार, सैयारा ने 26 जुलाई (शनिवार) को 27 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके साथ इसका 9 दिनों को नेट कलेक्शन 220.75 करोड़ हो गया है। सैयारा अब साल 2025 की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। अभी तक इस स्थान पर अक्षय कुमार की हाउसफुल 5 थी, जिसने 200 करोड़ के आसपास जमा किये थे।
यह भी पढ़ें: Saiyaara को सबसे पहले संदीप रेड्डी वांगा ने किया था सपोर्ट, अब मोहित सूरी ने एनिमल के निर्देशक के लिए लिखा नोट
2025 की टॉप 5 फिल्में अब इस प्रकार हैं-
- छावा- 600.10 करोड़
- सैयारा- 220.75 करोड़
- हाउसफुल 5- 200 करोड़
- रेड 2- 178 करोड़
- सितारे जमीन पर 166 करोड़
अगर, रविवार को भी फिल्म की यह गति बरकरार रहती है तो दूसरा वीकेंड खत्म होते-होते फिल्म 250 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी, जिसके बाद यह कहना सेफ होगा कि सैयारा कम से कम 300 करोड़ का नेट कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर जरूर करेगी।
सैयारा से आगे अब बस छावा ही है। हालांकि, वहां तक पहुंचना फिल्म के लिए लगभग असम्भव होगा। पहली अगस्त अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2 रिलीज के लिए तैयार है, जिसके बाद सैयारा की रफ्तार पर असर पड़ सकता है।
2025 की दूसरी सबसे तेज फिल्म
18 जुलाई को रिलीज हुई सैयारा ने 22 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि ओपनिंग वीकेंड में 84 करोड़ कलेक्शन किया था। फिल्म ने 100 करोड़ का पड़ाव चौथे दिन पार कर लिया था। वहीं, 150 करोड़ का पड़ाव छठे दिन हासिल कर लिया।
- 100 करोड़- 4 दिन
- 150 करोड़- 6 दिन
- 200 करोड़- 9 दिन
सैयारा के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार हैं-
पहला हफ्ता
Day 1 (शुक्रवार): 22 करोड़
Day 2 (शनिवार): 26.25 करोड़
Day 3 रविवार: 35.75 करोड़
ओपनिंग वीकेंड: 84 करोड़
Day 4 (सोमवार): 24.25 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 25 करोड़
Day 6 (बुधवार): 21 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 18.75 करोड़
ओपनिंग वीक: 175.25 करोड़
दूसरा हफ्ता
Day 8 (शुक्रवार): 18.50 करोड़
Day 9 (शनिवार): 27 करोड़
सैयारा का निर्माण यशराज फिल्म्स ने किया है। पैनडेमिक के बाद सैयारा यशराज की तीसरी सबसे सफल फिल्म बन चुकी है। पठान और टाइगर 3 इससे आगे हैं। टाइगर 3 का रिकॉर्ड भी सैयारा जल्द तोड़ देगी और पिछले पांच साल में पठान के बाद यशराज की दूसरी सबसे सफल फिल्म बन जाएगी।