Medhaa Rana: सैयारा में अनीत पड्डा के बाद OTT की एक और एक्ट्रेस ने भरी उड़ान, ‘बॉर्डर 2’ में बनी वरुण धवन की हीरोइन

Medhaa Rana cast oppsoite Varun Dhawan in Border 2. Photo- Instagram

मुंबई। Who Is Medha Rana: देश में ओटीटी की बढ़ती लोकप्रियता ने कई ऐसी प्रतिभाओं को पनपने और निखरने का मौका दे दिया है, जिन्हें सीधे बड़े पर्दे पर आना आसान नहीं होता। सैयारा की अनीत पड्डा इसकी शानदार मिसाल हैं, जो सलाम वेंकी में एक छोटे से किरदार में दिखी थीं, मगर वेब सीरीज बिग गर्ल्स डोन्ट क्राइ ने उन्हें सैयारा तक पहुंचा दिया।

ओटीटी की दुनिया से अब एक और खूबसूरत चेहरा बड़े पर्दे पर अपने हुनर का जलवा दिखाने के लिए तैयार है। यह हैं मेधा राणा, जो बॉर्डर 2 में फीमेल लीड चुनी गई हैं। मेधा का किरदार वरुण धवन के अपोजिट होगा।

अगर, यह खबर आप तक पहुंच गई है तो इस लेख में हम आपको मेधा के बारे में कुछ अनजान और दिलचस्प बातें बताएंगे, ताकि आप जान सकें कि मेधा आखिर कौन हैं, कहां से आई हैं और अब तक क्या-क्या किया है?

कौन हैं मेधा राणा?

मेधा मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली हैं और एक आर्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। मेधा ने दसवीं से 12वीं तक की पढ़ाई बेंगलुरु में आर्मी पब्लिक स्कूल से की, उसके क्राइस्ट यूनिवर्सिटी से बीबीए की डिग्री ली। उन्होंने फाइनेंस और मार्केटिंग में स्पेशलाइजेशन किया है। मेधा ने अपना करियर ओटीटी से शुरू किया था।

यह भी पढ़ें: शान से मूंछों पर ताव देते हुए Diljit Dosanjh ने शुरू की Border 2 की शूटिंग, परमवीर चक्र विजेता का है किरदार?

फिल्म में ताजगी लाएंगी मेधा- निर्माता

मेधा को फिल्म में चुनने के पीछे निर्माता भूषण कुमार ने कहा- इस किरदार के लिए हमें एक ऐसी एक्ट्रेस चाहिए थि, जो भाषा, जज्बे और उस क्षेत्र की समझ रखती हो। मेधा ने ना सिर्फ अपने हुनर से टीम को प्रभावित किया, बल्कि क्षेत्रीय उच्चारण और भावनात्मक रेंज से भी असर डाला। हमें यकीन है कि इस किरदार में वो वास्तविकता लेकर आएंगी।

सह-निर्माता निधि दत्ता ने कहा कि मेधा इस किरदार में ताजगी और खूबसूरती लेकर आएंगी। वरुण धवन ने अपनी लीडिंग लेडी का स्वागत किया है।

चंडीगढ़ से मुंबई वाया बेंगलुरु

मेधा अभिनय से पहले मॉडलिंग और फैशन शोज में सक्रिय रही हैं। इन्डल्ज एक्सप्रेस में 2024 में मेधा का एक इंटरव्यू प्रकाशित हुआ था, जिसमें उन्होंने बताया था, जब वो लगभग 13 साल की थीं तो चंडीगढ़ के शॉपिंग मॉलम में माता-पिता के साथ घूम रही थीं, वहां एक स्टोर में बच्चों का फैशन शो चल रहा था।

इस शो में उन्हें बेंगलुरु के मशहूर फैशन स्टाइलिस्ट और कोरियोग्राफर प्रसाद बिडापा मिले। उन्होंने उनके माता-पिता को सलाह दी थी कि मेधा को उनके साथ काम करना चाहिए।

उस वक्त माता-पिता ने उस बात पर ध्यान नहीं दिया, मगर संयोग से पिता के तबादला चंडीगढ़ से बेंगलुरु हो गया। वहां मेधा ने 16 साल की उम्र से ही प्रसाद के साथ काम करना शुरू कर दिया था। इसके बाद फैशन की दुनिया में करियर बनाने के लिए मेधा मुंबई आ गईं। इस वक्त तक मेधा को यकीन हो गया था कि उन्हें अभिनेत्री ही बनना है।

लंदन फाइल्स से डेब्यू

मुंबई में मेधा को पहली सीरीज लंदन फाइल्स मिली, जो वूट पर आई थी। मेधा बताती हैं कि इस सीरीज के लिए उन्होंने ऑडिशन दिये थे। हालांकि, बहुत ज्यादा दिक्कत नहीं हुई थी। सीरीज में मेधा ने माया नाम का किरदार निभाया था। प्राइम वीडियो की सीरीज डांसिंग ऑन द ग्रेव में एक किरदार में दिखीं।

इसके बाद मेधा ने बाबिल खान और जूही चावला के साथ नेटफ्लिक्स पर आई फिल्म फ्राइडे नाइट प्लान में काम किया, जिसमें उन्होंने नताशा सभरवाल नाम का किरदार निभाया था। 2024 में मेधा शांतनु माहेश्वरी के साथ इश्क इन द एयर सीरीज में लीड रोल में नजर आई थीं। यह सीरीज अमेजन एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित हुई थी।

बॉर्डर 2 का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं। फिल्म अगले साल 23 जनवरी को रिलीज होने वाली है। वरुण और मेधा के अलावा फिल्म में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं।