मुंबई। Saiyaara Box Office Day 11: मोहित सूरी निर्देशित यशराज फिल्म्स की फिल्म सैयारा दूसरे सोमवार यानी रिलीज के 11वें दिन थोड़ा लड़खड़ाई है और 9.50 करोड़ की जुटा सकी। गौरतलब है कि यह पहली बार है, जब फिल्म का नेट कलेक्शन सिंगल डिजिट में आया हो।
सोमवार को बिजनेस गिरने के कारण अब 300 करोड़ का पड़ाव कुछ दूर हो गया है। दूसरे वीकेंड में फिल्म की रफ्तार देख उम्मीद बंधी थी कि सैयारा इस हफ्ते में 300 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी।
सोमवार को कमाई रह गई 10 करोड़
रिलीज के 10 दिनों में सैयारा ने 250.75 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। अगर, सोमवार का 9.50 करोड़ जोड़ दें तो होता है 260.25 करोड़। 300 करोड़ के लिए अब सैयारा को 39.75 करोड़ चाहिए और दूसरा हफ्ता खत्म होने में दिन बचे हैं तीन- मंगलवार, बुधवार और गुरुवार।
जाहिर है, फिल्म को अब प्रतिदिन 13.25 करोड़ की दरकार है, जो इस गति से तो मिलता नहीं दिख रहा। 300 करोड़ इस हफ्ते में पूरा करना है तो फिल्म को एक बड़ी जम्प लेनी होगी।
यह भी पढ़ें: Hollywood Box Office: देश में सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली 2025 की Top 10 हॉलीवुड मूवीज
तीसरे हफ्ते में सन ऑफ सरदार 2 से टक्कर
मोहित सूरी की फिल्म को जो करना है, इन्हीं तीन दिनों में करना है। इसके बाद अजय देवगन की सन ऑफ सरदार 2 आ जाएगी, जिसके बाद सैयारा की रफ्तार पर ब्रेक लग सकते हैं।
हालांकि,सैयारा पहले ही उम्मीदों से कई गुना ज्यादा कमाई कर चुकी है। इसलिए 300 करोड़ तक नहीं भी पहुंचेगी, तब भी फिल्म की सफलता पर कोई आंच नहीं आएगी।
सैयारा इस साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है और सोमवार के कलेक्शन के बाद ब्रह्मास्त्र पार्ट-1: शिवा, द कश्मीर फाइल्स, उरी द सर्जिकल स्ट्राइक, कृष 3, द केरल स्टोरी, दृश्यम 2, सिम्बा, किक, चेन्नई एक्सप्रेस, डंकी भारत जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है।
सैयारा ने 9 दिनों में 200 करोड़ का कलेक्शन करके पीके, बजरंगी भाईजान और धूम 3 की बराबरी कर ली है।
सैयारा के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार हैं-
18 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ने 22 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि ओपनिंग वीकेंड में 84 करोड़ जोड़े थे। वहीं, पहले हफ्ते में फिल्म का कलेक्शन 175.25 करोड़ रहा था।
पहला हफ्ता
Day 1 (शुक्रवार): 22 करोड़
Day 2 (शनिवार): 26.25 करोड़
Day 3 रविवार: 35.75 करोड़
ओपनिंग वीकेंड: 84 करोड़
Day 4 (सोमवार): 24.25 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 25 करोड़
Day 6 (बुधवार): 21 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 18.75 करोड़
ओपनिंग वीक: 175.25 करोड़
दूसरा हफ्ता
Day 8 (शुक्रवार): 18.50 करोड़
Day 9 (शनिवार): 27 करोड़
Day 10 (रविवार): 30 करोड़
दूसरा वीकेंड: 75.50 करोड़
Day 11 (सोमवार): 9.50 करोड़
यशराज फिल्म्स निर्मित सैयारा का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है, जिनके करियर की यह सबसे बड़ी हिट बनने जा रही है। इस फिल्म के जरिए मोहित ने लम्बे समय बाद कामयाबी का मुंह देखा है।