मुंबई। Who Is Vijay Kumar Arora: सन ऑफ सरदार 2 के निर्देशक विजय कुमार अरोड़ा के लिए यह शुक्रवार खुशियों की सौगात लेकर आया। निर्देशक के तौर पर उनकी पहली हिंदी फिल्म सन ऑफ सरदार 2 सिनेमाघरों में रिलीज हुई, उधर उनकी पंजाबी फिल्म ने नेशनल अवॉर्ड जीता।
शुक्रवार शाम को 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की गई, जिसमें पंजाबी फिल्म गोड्डे गोड्डे छा को सर्वश्रेष्ठ पंजाबी फिल्म घोषित किया गया। 2023 में आई इस फिल्म का निर्देशन विजय कुमार अरोड़ा ने किया था।
कॉमेडी ड्रामा फिल्म में सोनम बाजवा, तानिया और गीताज बिंदराखिया ने प्रमुख किरदार निभाये थे। फिल्म का निर्माण जी स्टूडियोज और वीएच एंटरटेनमेंट ने किया। इससे पहले 2018 में उनके निर्देशन में बनी फिल्म हरजीता ने बेस्ट पंजाबी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। इस फिल्म में एमी विर्क ने लीड रोल निभाया था।
यह भी पढ़ें: 71st National Film Awards: शाह रुख खान, रानी मुखर्जी और विक्रांत मैसी बेस्ट एक्टर, ’12th फेल’ बेस्ट फिल्म
हिंदी सिनेमा के जाने-माने सिनेमैटोग्राफर हैं विजय
विजय कुमार अरोड़ा हिंदी और पंजाबी सिनेमा के जाने-माने सिनेमैटोग्राफर रहे हैं। उन्होंने महेश मांजरेकर, अनुभव सिन्हा और रेमो डिसूजा के साथ कई अहम फिल्मों में सिनेमैटोग्राफी की है। इनमें वास्तव, कुरुक्षेत्र, तुम बिन, धमाल और एबीसीडी, एबीसीडी 2, स्ट्रीट डांसर और अ फ्लाइंग जट शामिल हैं।
इसी साल आई अभिषेक बच्चन की बी हैप्पी की सिनेमैटोग्राफी भी विजय कुमार अरोड़ा ने की है।
पंजाबी फिल्मों से शुरू किया निर्देशन
उनकी निर्देशकीय पारी 2013 में पंजाबी फिल्म रोंदे सारे व्याह पीछो के साथ शुरू हुई थी। पांच पंजाबी फिल्मों के निर्देशन के बाद विजय ने सन ऑफ सरदार 2 के साथ हिंदी सिनेमा में बतौर निर्देशक पारी शुरू की है।
विजय ने टी-सीरीज के कई म्यूजिक वीडियोज का निर्देशन किया है। इनमें गिप्पी ग्रेवाल, मिका सिंह, बी प्राक, रफ्तार और बादशाह के म्यूजिक वीडियो शामिल हैं। सोनू निगम की दीवाना एलबम के निर्देशक भी विजय ही थे।