मुंबई। Mahavatar Narsimha Box Office: 2022 में आईं कांतारा और केजीएफ 2 ने हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तहलका मचाया था कि कन्नड़ सिनेमा के दरवाजे हिंदी बेल्ट में खोल दिये। इससे पहले डब फिल्में आती थीं, मगर चर्चा कम होती थी।
अब 2022 के इतिहास को हिंदी पट्टी में दोहरा रही है माइथोलॉजिकल एनिमेशन फिल्म महावतार नरसिम्हा, जो भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिंह और भक्त प्रह्लाद की कहानी है। इसका निर्माण क्लीम प्रोडक्शंस ने किया है, जबकि केजीएफ और कांतारा फिल्में बनाने वाले होम्बले फिल्म्स ने प्रेजेंट किया है।
दूसरे शनिवार को 11 करोड़ का शानदार कलेक्शन
महावतार नरसिम्हा 25 जुलाई को कन्नड़ के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी भाषाओं में रिलीज की गई थी। फिल्म के हिंदी वर्जन ने पहले दिन सिर्फ 1.46 करोड़ का कारोबार किया था और 2 अगस्त को रिलीज के 9वें दिन (शनिवार) फिल्म का कलेक्शन रहा 11.25 करोड़।
कहां 1.46 करोड़ और कहां 11.25 करोड़! आप समझ सकते हैं कि महावतार नरसिम्हा किस कदर चल रही है। सिर्फ दर्शकों के प्यार की बदौलत। अगर पहले शनिवार की कमाई (3.59 करोड़) से तुलना करें तो दूसरे शनिवार को महावतार नरसिम्हा ने 213 फीसदी उछाल लिया है।
शनिवार तक महावतार ने नौ दिनों में 49.37 करोड़ जमा कर लिये और आज रविवार को हिंदी बॉक्स ऑफिस पर खबर लिखे जाने तक 50 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। रविवार को फिल्म की कमाई 15 करोड़ तक पहुंचने की पूरी सम्भावना है।
यह भी पढ़ें: Saturday Box Office: शनिवार को ‘सन ऑफ सरदार 2’ की कमाई में मामूली उछाल, ‘धड़क 2’ से बेहतर रही ‘सैयारा’

महावतार नरसिम्हा का प्रतिदिन कलेक्शन:
Day 1 (शुक्रवार): 1.46 करोड़
Day 2 (शनिवार): 3.59 करोड़
Day 3 (रविवार): 7.06 करोड़
Day 4 (सोमवार): 3.89 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 5.32 करोड़
Day 6 (बुधवार): 5.58 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 5.92 करोड़
Week-1 Collection: 32.82 करोड़
Day 8 (शुक्रवार): 5.30 करोड़
Day 9 (शनिवार): 11.25 करोड़
निर्माताओं की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, महावतार नरसिम्हा देश में 79 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। महावतार नरसिम्हा का निर्देशन आश्विन कुमार ने किया है, जबकि निर्माता शिल्पा धवन, कुशल देसाई और चैतन्य देसाई हैं।
शनिवार को हिंदी फिल्मों से आगे निकली महावतार
दिलचस्प पहलू यह है कि कल शनिवार को फिल्म ने सन ऑफ सरदार 2, धड़क 2 और सैयारा से भी ज्यादा कमाई की। शनिवार को सन ऑफ सरदार 2 ने 8.25 करोड़ कलेक्शन किया, जबकि धड़क 2 ने 4.05 करोड़ और सैयारा ने 7 करोड़ कलेक्शन किया था।
सन ऑफ सरदार 2 और धड़क 2 एक अगस्त को रिलीज हुई थीं, जबकि सैयारा महावतार निरसम्हा के एक हफ्ता पहले 18 जुलाई को सिनेमाघरों में पहुंची थी।
महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की पहली फिल्म
होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शंस ने विष्णु के दसों अवतार पर महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स की रचना की है, जिसके तहत फिल्में लाने का एलान किया था। इसकी पहली पेशकश महावतार नरसिम्हा है। दूसरी फिल्म महावतार परशुराम 2027 में आएगी।
इसके बाद महावतार रघुनंदन 2029 में, महावतार द्वारकाधीश 2031, महावतार गोकुलनंद 2033 में, महावतार कल्कि पार्ट-1 2025 और महावतार कल्कि पार्ट-2 2037 में आएंगी।