मुंबई। Son Of Sardaar 2 Vs Dhadak 2 Box Office: बॉलीवुड के लिए अगस्त की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। एक अगस्त को दो बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं और दोनों ही धराशायी हो गईं। अजय देवगन की कॉमेडी ड्रामा सन ऑफ सरदार 2 फ्रेंचाइजी फिल्म होने के बावजूद पहले हफ्ते में 50 करोड़ भी नहीं कमा सकी।
वहीं, करण जौहर निर्मित रोमांटिक ड्रामा धड़क 2 का हाल और भी बुरा है। इस फिल्म की पहले हफ्ते की कमाई 20 करोड़ भी नहीं है। इससे ज्यादा तो सैयारा ने ओपनिंग ली थी, जिसने तीसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर दर्शक खींचे।
सन ऑफ सरदार 2 कलेक्शन
पहले सन ऑफ सरदार 2 की बात करते हैं, जिसने पहले हफ्ते (1-7 अगस्त) में 31.40 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। अजय ने इस फिल्म का जबरदस्त प्रमोशन किया। मगर, फिल्म के लिए दर्शकों के दिलों में दिलचस्पी नहीं जगा सके। नतीजा, फिल्म ने महज 7.50 करोड़ की ओपनिंग ली। पूरे हफ्ते में एक भी दिन ऐसा नहीं आया, जब फिल्म ने डबल डिजिट कमाई की हो।
वर्किंग वीक में सोमवार से फिल्म के कलेक्शन गिरते ही चले गये। विजय कुमार अरोड़ा ने फिल्म का निर्देशन किया, जबकि खुद अजय निर्माता हैं। इससे पहले आई अजय की रेड 2 ने बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की थी। सन ऑफ सरदार 2 के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार हैं:
Day 1 (शुक्रवार): 7.50 करोड़
Day 2 (शनिवार): 8.25 करोड़
Day 3 (रविवार): 9 करोड़
Day 4 (सोमवार): 2 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 1.75 करोड़
Day 6 (बुधवार): 1.50 करोड़
Day 7 (गुरुवार): 1.40 करोड़
यह भी पढ़ें: मुंबई, हैदराबाद की लोकल ट्रेनों से डिलीवरी बॉक्स तक! हर जगह रजनीकांत ही रजनीकांत, होश उड़ा देगा कुली का प्रमोशन
धड़क 2 कलेक्शन
करण जौहर निर्मित और शाजिया इकबाल निर्देशित धड़क 2 जातिगत भेदभाव की पृष्ठभूमि पर बनी प्रेम कहानी है, जिसमें सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म सन ऑफ सरदार 2 के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
धडॉक 2 ने पॉजिटिव रिव्यूज के बीच 3.65 करोड़ की ओपनिंग ली। फिल्म के साइज को देखते हुए यह ओपनिंग ठीक थी। ओपनिंग वीकेंड में भी फिल्म के कलेक्शंस कुछ बढ़े, मगर उसके बाद धड़क 2 धड़ाम होती चली गई। फिल्म ने सात दिनों में सिर्फ 15.92 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है।
फिल्म के प्रतिदिन कलेक्शंस इस प्रकार रहे:
Day 1 (शुक्रवार): 3.65 करोड़
Day 2 (शनिवार): 4.05 करोड़
Day 3 (रविवार): 4.27 करोड़
Day 4 (सोमवार): 1 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 90 लाख
Day 6 (बुधवार): 85 लाख
Day 7 (गुरुवार): 1.40 करोड़
अब इन दोनों ही फिल्मों की आगे की सम्भावनाएं कुछ बची नहीं हैं। ज्यादा से ज्यादा यह हफ्ता खींच पाएंगी, क्योंकि अगले हफ्ते से वॉर 2 और कुली रिलीज हो रही हैं। सैयारा और साउथ फिल्म महावतार नरसिम्हा पहले से दर्शक खींच रही हैं।
(बॉक्स ऑफिस के आंकड़े बॉलीवुड हंगामा से लिये गये हैं)